चूडामणिको देखकर और सीताका समाचार पाकर श्रीरामका उनके लिये विलाप
evamukto hanumatā rāmo daśarathātmajaḥ।
taṁ maṇiṁ hṛdaye kṛtvā ruroda sahalakṣmaṇaḥ॥
हनुमान्जी के ऐसा कहने पर दशरथनन्दन श्रीराम उस मणि को अपनी छाती से लगाकर रोने लगे। साथ ही लक्ष्मण भी रो पड़े
English translation coming soon.
taṁ tu dṛṣṭvā maṇiśreṣṭhaṁ rāghavaḥ śokakarśitaḥ।
netrābhyāmaśrupūrṇābhyāṁ sugrīvamidamabravīt॥
उस श्रेष्ठ मणि की ओर देखकर शोक से व्याकुल हुए श्रीरघुनाथजी अपने दोनों नेत्रों में आँसू भरकर सुग्रीव से इस प्रकार बोले—
English translation coming soon.
yathaiva dhenuḥ sravati snehād vatsasya vatsalā।
tathā mamāpi hṛdayaṁ maṇiśreṣṭhasya darśanāt॥
‘मित्र! जैसे वत्सला धेनु अपने बछड़े के स्नेह से थनों से दूध झरने लगती है, उसी प्रकार इस उत्तम मणि को देखकर आज मेरा हृदय भी द्रवीभूत हो रहा है
English translation coming soon.
maṇiratnamidaṁ dattaṁ vaidehyāḥ śvaśureṇa me।
vadhūkāle yathā baddhamadhikaṁ mūrdhni śobhate॥
‘मेरे श्वशुर राजा जनक ने विवाह के समय वैदेही को यह मणिरत्न दिया था, जो उसके मस्तक पर आबद्ध होकर बड़ी शोभा पाता था
English translation coming soon.
ayaṁ hi jalasambhūto maṇiḥ pravarapūjitaḥ।
yajñe paramatuṣṭena dattaḥ śakreṇa dhīmatā॥
‘जल से प्रकट हुई यह मणि श्रेष्ठ देवताओंद्वारा पूजित है। किसी यज्ञ में बहुत संतुष्ट हुए बुद्धिमान् इन्द्र ने राजा जनक को यह मणि दी थी
English translation coming soon.
imaṁ dṛṣṭvā maṇiśreṣṭhaṁ tathā tātasya darśanam।
adyāsmyavagataḥ saumya vaidehasya tathā vibhoḥ॥
‘सौम्य! इस मणिरत्न का दर्शन करके आज मुझे मानो अपने पूज्य पिता का और विदेहराज महाराज जनक का भी दर्शन मिल गया हो, ऐसा अनुभव हो रहा है
English translation coming soon.
ayaṁ hi śobhate tasyāḥ priyāyā mūrdhni me maṇiḥ।
adyāsya darśanenāhaṁ prāptāṁ tāmiva cintaye॥
‘यह मणि सदा मेरी प्रिया सीता के सीमन्त पर शोभा पाती थी। आज इसे देखकर ऐसा जान पड़ता है मानो सीता ही मुझे मिल गयी
English translation coming soon.
kimāha sītā vaidehī brūhi saumya punaḥ punaḥ।
parāsumiva toyena siñcantī vākyavāriṇā॥
‘सौम्य पवनकुमार! जैसे बेहोश हुए मनुष्य को होश में लाने के लिये उसपर जल के छींटे दिये जाते हैं, उसी प्रकार विदेहनन्दिनी सीता ने मूर्च्छित हुए-से मुझ राम को अपने वाक्यरूपी शीतल जल से सींचते हुए क्या-क्या कहा है? यह बारंबार बताओ’
English translation coming soon.
itastu kiṁ duḥkhataraṁ yadimaṁ vārisambhavam।
maṇiṁ paśyāmi saumitre vaidehīmāgatāṁ vinā॥
(अब वे लक्ष्मण से बोले—) ‘सुमित्रानन्दन! सीता के यहाँ आये बिना ही जो जल से उत्पन्न हुई इस मणि को मैं देख रहा हूँ। इससे बढ़कर दुःख की बात और क्या हो सकती है’
English translation coming soon.
ciraṁ jīvati vaidehī yadi māsaṁ dhariṣyati।
kṣaṇaṁ vīra na jīveyaṁ vinā tāmasitekṣaṇām॥
(फिर वे हनुमान्जी से बोले—) ‘वीर पवनकुमार! यदि विदेहनन्दिनी सीता एक मासतक जीवन धारण कर लेगी, तब तो वह बहुत समयतक जी रही है। मैं तो कजरारे नेत्रोंवाली जानकी के बिना अब एक क्षण भी जीवित नहीं रह सकता
English translation coming soon.
naya māmapi taṁ deśaṁ yatra dṛṣṭā mama priyā।
na tiṣṭheyaṁ kṣaṇamapi pravṛttimupalabhya ca॥
‘तुमने जहाँ मेरी प्रिया को देखा है, उसी देश में मुझे भी ले चलो। उसका समाचार पाकर अब मैं एक क्षण भी यहाँ नहीं रुक सकता
English translation coming soon.
kathaṁ sā mama suśroṇī bhīrubhīruḥ satī tadā।
bhayāvahānāṁ ghorāṇāṁ madhye tiṣṭhati rakṣasām॥
‘हाय! मेरी सती-साध्वी सुमध्यमा सीता बड़ी भीरु है। वह उन घोर रूपधारी भयंकर राक्षसों के बीच में कैसे रहती होगी?
English translation coming soon.
śāradastimironmukto nūnaṁ candra ivāmbudaiḥ।
āvṛto vadanaṁ tasyā na virājati sāmpratam॥
‘निश्चय ही अन्धकार से मुक्त किंतु बादलों से ढके हुए शरत्कालीन चन्द्रमा के समान सीता का मुख इस समय शोभा नहीं पा रहा होगा
English translation coming soon.
kimāha sītā hanumaṁstattvataḥ kathayasva me।
etena khalu jīviṣye bheṣajenāturo yathā॥
‘हनुमन्! मुझे ठीक-ठीक बताओ, सीता ने क्या-क्या कहा है? जैसे रोगी दवा लेने से जीता है, उसी प्रकार मैं सीता के इस संदेश-वाक्य को सुनकर ही जीवन धारण करूँगा
English translation coming soon.
madhurā madhurālāpā kimāha mama bhāminī।
madvihīnā varārohā hanuman kathayasva me।
duḥkhād duḥkhataraṁ prāpya kathaṁ jīvati jānakī॥
‘हनुमन्! मुझसे बिछुड़ी हुई मेरी सुन्दर कटिप्रदेशवाली मधुरभाषिणी सुन्दरी प्रियतमा जनकनन्दिनी सीता ने मेरे लिये कौन-सा संदेश दिया है? वह दुःख-पर-दुःख उठाकर भी कैसे जीवन धारण कर रही है?’
English translation coming soon.
इत्यार्षे श्रीमद्रामायणे वाल्मीकीये आदिकाव्ये सुन्दरकाण्डे षट्षष्टितमः सर्गः॥ ६६ ॥
इस प्रकार श्रीवाल्मीकिनिर्मित आर्षरामायण आदिकाव्यके सुन्दरकाण्डमें छाछठवाँ सर्ग पूरा हुआ॥ ६६ ॥