सीताजीका राक्षसियोंकी बात माननेसे इनकार कर देना तथा राक्षसियोंका उन्हें मारने-काटनेकी धमकी देना
tataḥ sītāṁ samastāstā rākṣasyo vikṛtānanāḥ।
paruṣaṁ paruṣānarhāmūcustadvākyamapriyam॥
तदनन्तर विकराल मुखवाली उन समस्त राक्षसियों ने जो कटुवचन सुनने के योग्य नहीं थीं, उन सीता से अप्रिय तथा कठोर वचन कहना आरम्भ किया—
English translation coming soon.
kiṁ tvamantaḥpure sīte sarvabhūtamanorame।
mahārhaśayanopete na vāsamanumanyase॥
‘सीते! रावण का अन्तःपुर समस्त प्राणियों के लिये मनोरम है। वहाँ बहुमूल्य शय्याएँ बिछी रहती हैं। उस अन्तःपुर में तुम्हारा निवास हो, इसके लिये तुम क्यों नहीं अनुमति देतीं?
English translation coming soon.
mānuṣī mānuṣasyaiva bhāryātvaṁ bahu manyase।
pratyāhara mano rāmānnaivaṁ jātu bhaviṣyati॥
‘तुम मानुषी हो, इसलिये मनुष्य की भार्या का जो पद है, उसीको तुम अधिक महत्त्व देती हो; किंतु अब तुम राम की ओर से अपना मन हटा लो, अन्यथा कदापि जीवित नहीं रहोगी
English translation coming soon.
trailokyavasubhoktāraṁ rāvaṇaṁ rākṣaseśvaram।
bhartāramupasaṁgamya viharasva yathāsukham॥
‘तुम त्रिलोकी के ऐश्वर्य को भोगनेवाले राक्षसराज रावण को पतिरूप में पाकर आनन्दपूर्वक विहार करो
English translation coming soon.
mānuṣī mānuṣaṁ taṁ tu rāmamicchasi śobhane।
rājyād bhraṣṭamasiddhārthaṁ viklavantamanindite॥
‘अनिन्द्य सुन्दरि! तुम मानवी हो, इसीलिये मनुष्य-जातीय राम को ही चाहती हो; परंतु राम इस समय राज्य से भ्रष्ट हैं। उनका कोई मनोरथ सफल नहीं होता है तथा वे सदा व्याकुल रहते हैं’
English translation coming soon.
rākṣasīnāṁ vacaḥ śrutvā sītā padmanibhekṣaṇā।
netrābhyāmaśrupūrṇābhyāmidaṁ vacanamabravīt॥
राक्षसियों की ये बातें सुनकर कमलनयनी सीता ने आँसूभरे नेत्रों से उनकी ओर देखकर इस प्रकार कहा—
English translation coming soon.
yadidaṁ lokavidviṣṭamudāharata saṁgatāḥ।
naitanmanasi vākyaṁ me kilbiṣaṁ pratitiṣṭhati॥
‘तुम सब मिलकर मुझसे जो यह लोक-विरुद्ध प्रस्ताव कर रही हो, तुम्हारा यह पापपूर्ण वचन मेरे हृदय में एक क्षण के लिये भी नहीं ठहर पाता है
English translation coming soon.
na mānuṣī rākṣasasya bhāryā bhavitumarhati।
kāmaṁ khādata māṁ sarvā na kariṣyāmi vo vacaḥ॥
‘एक मानवकन्या किसी राक्षस की भार्या नहीं हो सकती। तुम सब लोग भले ही मुझे खा जाओ; किंतु मैं तुम्हारी बात नहीं मान सकती
English translation coming soon.
dīno vā rājyahīno vā yo me bhartā sa me guruḥ।
taṁ nityamanuraktāsmi yathā sūryaṁ suvarcalā॥
‘मेरे पति दीन हों अथवा राज्यहीन—वे ही मेरे स्वामी हैं, वे ही मेरे गुरु हैं, मैं सदा उन्हींमें अनुरक्त हूँ और रहूँगी। जैसे सुवर्चला सूर्य में अनुरक्त रहती हैं
English translation coming soon.
yathā śacī mahābhāgā śakraṁ samupatiṣṭhati।
arundhatī vasiṣṭhaṁ ca rohiṇī śaśinaṁ yathā॥
संयुक्त अनुवाद ↓joint translation ↓
lopāmudrā yathāgastyaṁ sukanyā cyavanaṁ yathā।
sāvitrī satyavantaṁ ca kapilaṁ śrīmatī yathā॥
संयुक्त अनुवाद ↓joint translation ↓
saudāsaṁ madayantīva keśinī sagaraṁ yathā।
naiṣadhaṁ damayantīva bhaimī patimanuvratā॥
tathāhamikṣvākuvaraṁ rāmaṁ patimanuvratā।
‘जैसे महाभागा शची इन्द्र की सेवा में उपस्थित होती हैं, जैसे देवी अरुन्धती महर्षि वसिष्ठ में, रोहिणी चन्द्रमा में, लोपामुद्रा अगस्त्य में, सुकन्या च्यवन में, सावित्री सत्यवान् में, श्रीमती कपिल में, मदयन्ती सौदास में, केशिनी सगर में तथा भीमकुमारी दमयन्ती अपने पति निषधनरेश नल में अनुराग रखती हैं, उसी प्रकार मैं भी अपने पतिदेव इक्ष्वाकुवंश-शिरोमणि भगवान् श्रीराम में अनुरक्त हूँ
English translation coming soon.
sītāyā vacanaṁ śrutvā rākṣasyaḥ krodhamūrcchitāḥ।
bhartsayanti sma paruṣairvākyai rāvaṇacoditāḥ॥
सीता की बात सुनकर राक्षसियों के क्रोध की सीमा न रही। वे रावण की आज्ञा के अनुसार कठोर वचनोंद्वारा उन्हें धमकाने लगीं
English translation coming soon.
avalīnaḥ sa nirvākyo hanumān śiṁśapādrume।
sītāṁ saṁtarjayantīstā rākṣasīraśṛṇot kapiḥ॥
अशोकवृक्ष में चुपचाप छिपे बैठे हुए वानर हनुमान्जी सीता को फटकारती हुई राक्षसियों की बातें सुनते रहे
English translation coming soon.
tāmabhikramya saṁrabdhā vepamānāṁ samantataḥ।
bhṛśaṁ saṁlilihurdīptān pralambān daśanacchadān॥
वे सब राक्षसियाँ कुपित हो वहाँ काँपती हुई सीता पर चारों ओर से टूट पड़ीं और अपने लम्बे एवं चमकीले ओठों को बारम्बार चाटने लगीं
English translation coming soon.
ūcuśca paramakruddhāḥ pragṛhyāśu paraśvadhān।
neyamarhati bhartāraṁ rāvaṇaṁ rākṣasādhipam॥
उनका क्रोध बहुत बढ़ा हुआ था। वे सब-की-सब तुरंत हाथों में फरसे लेकर बोल उठीं—‘यह राक्षसराज रावण को पतिरूप में पानेयोग्य है ही नहीं’
English translation coming soon.
sā bhartsyamānā bhīmābhī rākṣasībhirvarāṁganā।
sā bāṣpamapamārjantī śiṁśapāṁ tāmupāgamat॥
उस भयानक राक्षसियों के बारम्बार डाँटने और धमकाने पर सर्वांगसुन्दरी कल्याणी सीता अपने आँसू पोंछती हुई उसी अशोकवृक्ष के नीचे चली आयीं (जिसके ऊपर हनुमान्जी छिपे बैठे थे)
English translation coming soon.
tatastāṁ śiṁśapāṁ sītā rākṣasībhiḥ samāvṛtā।
abhigamya viśālākṣī tasthau śokapariplutā॥
विशाललोचना वैदेही शोक-सागर में डूबी हुई थीं। इसलिये वहाँ चुपचाप बैठ गयीं। किंतु उन राक्षसियों ने वहाँ भी आकर उन्हें चारों ओर से घेर लिया
English translation coming soon.
tāṁ kṛśāṁ dīnavadanāṁ malināmbaravāsinīm।
bhartsayāñcakrire bhīmā rākṣasyastāḥ samantataḥ॥
वे बहुत ही दुर्बल हो गयी थीं। उनके मुख पर दीनता छा रही थी और उन्होंने मलिन वस्त्र पहन रखा था। उस अवस्था में उन जनकनन्दिनी को चारों ओर खड़ी हुई भयानक राक्षसियों ने फिर धमकाना आरम्भ किया
English translation coming soon.
tatastu vinatā nāma rākṣasī bhīmadarśanā।
abravīt kupitākārā karālā nirṇatodarī॥
तदनन्तर विनता नाम की राक्षसी आगे बढ़ी। वह देखने में बड़ी भयंकर थी। उसकी देह क्रोध की सजीव प्रतिमा जान पड़ती थी। उस विकराल राक्षसी के पेट भीतर की ओर धँसे हुए थे। वह बोली—
English translation coming soon.
sīte paryāptametāvad bhartuḥ snehaḥ pradarśitaḥ।
sarvatrātikṛtaṁ bhadre vyasanāyopakalpate॥
‘सीते! तूने अपने पति के प्रति जितना स्नेह दिखाया है, इतना ही बहुत है। भद्रे! अति करना तो सब जगह दुःख का ही कारण होता है
English translation coming soon.
parituṣṭāsmi bhadraṁ te mānuṣaste kṛto vidhiḥ।
mamāpi tu vacaḥ pathyaṁ bruvantyāḥ kuru maithili॥
‘मिथिलेशकुमारी! तुम्हारा भला हो। मैं तुमसे बहुत संतुष्ट हूँ; क्योंकि तुमने मानवोचित शिष्टाचार का अच्छी तरह पालन किया है। अब मैं भी तुम्हारे हित के लिये जो बात कहती हूँ, उसपर ध्यान दो—उसका शीघ्र पालन करो
English translation coming soon.
rāvaṇaṁ bhaja bhartāraṁ bhartāraṁ sarvarakṣasām।
vikrāntamāpatantaṁ ca sureśamiva vāsavam॥
‘समस्त राक्षसों का भरण-पोषण करनेवाले महाराज रावण को तुम अपना पति स्वीकार कर लो। वे देवराज इन्द्र के समान बड़े पराक्रमी तथा रूपवान् हैं
English translation coming soon.
dakṣiṇaṁ tyāgaśīlaṁ ca sarvasya priyavādinam।
mānuṣaṁ kṛpaṇaṁ rāmaṁ tyaktvā rāvaṇamāśraya॥
‘दीन-हीन मनुष्य राम का परित्याग करके सबसे प्रिय वचन बोलनेवाले, उदार और त्यागी रावण का आश्रय लो
English translation coming soon.
divyāṁgarāgā vaidehi divyābharaṇabhūṣitā।
adyaprabhṛti lokānāṁ sarveṣāmīśvarī bhava॥
‘विदेहराजकुमारी! तुम आज से समस्त लोकों की स्वामिनी बन जाओ और दिव्य अंगराग तथा दिव्य आभूषण धारण करो
English translation coming soon.
agneḥ svāhā yathā devī śacī vendrasya śobhane।
kiṁ te rāmeṇa vaidehi kṛpaṇena gatāyuṣā॥
‘शोभने! जैसे अग्नि की प्रिय पत्नी स्वाहा और इन्द्र की प्राणवल्लभा शची हैं, उसी प्रकार तुम रावण की प्रेयसी बन जाओ। विदेहकुमारी! श्रीराम तो दीन हैं। उनकी आयु भी अब समाप्त हो चली है। उनसे तुम्हें क्या मिलेगा!
English translation coming soon.
etaduktaṁ ca me vākyaṁ yadi tvaṁ na kariṣyasi।
asmin muhūrte sarvāstvāṁ bhakṣayiṣyāmahe vayam॥
‘यदि तुम मेरी कही हुई इस बात को नहीं मानोगी तो हम सब मिलकर तुम्हें इसी मुहूर्त में अपना आहार बना लेंगी’
English translation coming soon.
anyā tu vikaṭā nāma lambamānapayodharā।
abravīt kupitā sītāṁ muṣṭimudyamya tarjatī॥
तदनन्तर दूसरी राक्षसी सामने आयी। उसके लम्बे-लम्बे स्तन लटक रहे थे। उसका नाम विकटा था। वह कुपित हो मुक्का तानकर डाँटती हुई सीता से बोली—
English translation coming soon.
bahūnyapratirūpāṇi vacanāni sudurmate।
anukrośānmṛdutvācca soḍhāni tava maithili॥
‘अत्यन्त खोटी बुद्धिवाली मिथिलेशकुमारी! अबतक हमलोगों ने अपने कोमल स्वभाववश तुम पर दया आ जाने के कारण तुम्हारी बहुत-सी अनुचित बातें सह ली हैं
English translation coming soon.
na ca naḥ kuruṣe vākyaṁ hitaṁ kālapuraskṛtam।
ānītāsi samudrasya pāramanyairdurāsadam॥
संयुक्त अनुवाद ↓joint translation ↓
rāvaṇāntaḥpure ghore praviṣṭā cāsi maithili।
rāvaṇasya gṛhe ruddhā asmābhistvabhirakṣitā॥
‘इतने पर भी तुम हमारी बात नहीं मानती हो। हमने तुम्हारे हित के लिये ही समयोचित सलाह दी थी। देखो, तुम्हें समुद्र के इस पार ले आया गया है, जहाँ पहुँचना दूसरों के लिये अत्यन्त कठिन है। यहाँ भी रावण के भयानक अन्तःपुर में तुम लाकर रखी गयी हो। मिथिलेशकुमारी! याद रखो, रावण के घर में कैद हो और हम-जैसी राक्षसियाँ तुम्हारी चौकसी कर रही हैं
English translation coming soon.
na tvāṁ śaktaḥ paritrātumapi sākṣāt puraṁdaraḥ।
kuruṣva hitavādinyā vacanaṁ mama maithili॥
‘मैथिलि! साक्षात् इन्द्र भी यहाँ तुम्हारी रक्षा करने में समर्थ नहीं हो सकते। अतः मेरा कहना मानो, मैं तुम्हारे हित की बात बता रही हूँ
English translation coming soon.
alamaśrunipātena tyaja śokamanarthakam।
bhaja prītiṁ praharṣaṁ ca tyajantī nityadainyatām॥
‘आँसू बहाने से कुछ होने-जानेवाला नहीं है। यह व्यर्थ का शोक त्याग दो। सदा छायी रहनेवाली दीनता को दूर करके अपने हृदय में प्रसन्नता और उल्लास को स्थान दो
English translation coming soon.
sīte rākṣasarājena parikrīḍa yathāsukham।
jānīmahe yathā bhīru strīṇāṁ yauvanamadhuvam॥
‘सीते! राक्षसराज रावण के साथ सुखपूर्वक क्रीडाविहार करो। भीरु! हम सभी स्त्रियाँ जानती हैं कि नारियों का यौवन टिकनेवाला नहीं होता
English translation coming soon.
yāvanna te vyatikrāmet tāvat sukhamavāpnuhi।
udyānāni ca ramyāṇi parvatopavanāni ca॥
संयुक्त अनुवाद ↓joint translation ↓
saha rākṣasarājena cara tvaṁ madirekṣaṇe।
strīsahasrāṇi te devi vaśe sthāsyanti sundari॥
‘जबतक तुम्हारा यौवन नहीं ढल जाता, तबतक सुख भोग लो। मदमत्त बना देनेवाले नेत्रों से शोभा पानेवाली सुन्दरी! तुम राक्षसराज रावण के साथ लङ्का के रमणीय उद्यानों और पर्वतीय उपवनों में विहार करो। देवि! ऐसा करने से सहस्रों स्त्रियाँ सदा तुम्हारी आज्ञा के अधीन रहेंगी
English translation coming soon.
rāvaṇaṁ bhaja bhartāraṁ bhartāraṁ sarvarakṣasām।
utpāṭya vā te hṛdayaṁ bhakṣayiṣyāmi maithili॥
yadi me vyāhṛtaṁ vākyaṁ na yathāvat kariṣyasi।
‘महाराज रावण समस्त राक्षसों का भरण-पोषण करनेवाले स्वामी हैं। तुम उन्हें अपना पति बना लो। मैथिलि! याद रखो, मैंने जो बात कही है, यदि उसका ठीक-ठीक पालन नहीं करोगी तो मैं अभी तुम्हारा कलेजा निकालकर खा जाऊँगी’
English translation coming soon.
tataścaṇḍodarī nāma rākṣasī krūradarśanā॥
bhrāmayantī mahacchūlamidaṁ vacanamabravīt।
अब चण्डोदरी नामवाली राक्षसी की बारी आयी। उसकी दृष्टि से ही क्रूरता टपकती थी। उसने विशाल त्रिशूल घुमाते हुए यह बात कही—
English translation coming soon.
imāṁ hariṇaśāvākṣīṁ trāsotkampapayodharām॥
संयुक्त अनुवाद ↓joint translation ↓
rāvaṇena hṛtāṁ dṛṣṭvā daurhṛdo me mahānayam।
yakṛtplīhaṁ mahat kroḍaṁ hṛdayaṁ ca sabandhanam॥
gātrāṇyapi tathā śīrṣaṁ khādeyamiti me matiḥ।
‘महाराज रावण जब इसे हरकर ले आये थे, उस समय भय के मारे यह थर-थर काँप रही थी, जिससे इसके दोनों स्तन हिल रहे थे। उस दिन इस मृगशावकनयनी मानव-कन्या को देखकर मेरे हृदय में यह बड़ी भारी इच्छा जाग्रत् हुई—इसके जिगर, तिल्ली, विशाल वक्षःस्थल, हृदय, उसके आधारस्थान, अन्यान्य अंग तथा सिर को मैं खा जाऊँ। इस समय भी मेरा ऐसा ही विचार है’
English translation coming soon.
tatastu praghasā nāma rākṣasī vākyamabravīt॥
संयुक्त अनुवाद ↓joint translation ↓
kaṇṭhamasyā nṛśaṁsāyāḥ pīḍyāmaḥ kimāsyate।
nivedyatāṁ tato rājñe mānuṣī sā mṛteti ha॥
nātra kaścana saṁdehaḥ khādateti sa vakṣyati।
तदनन्तर प्रघसा नामक राक्षसी बोल उठी—‘फिर तो हमलोग इस क्रूर-हृदया सीता का गला घोंट दें; अब चुपचाप बैठे रहने की क्या आवश्यकता है? इसे मारकर महाराज को सूचना दे दी जाय कि वह मानवकन्या मर गयी। इसमें कोई संदेह नहीं कि इस समाचार को सुनकर महाराज यह आज्ञा दे देंगे कि तुम सब लोग उसे खा जाओ’
English translation coming soon.
tatastvajāmukhī nāma rākṣasī vākyamabravīt॥
संयुक्त अनुवाद ↓joint translation ↓
viśasyemāṁ tataḥ sarvān samān kuruta piṇḍakān।
vibhajāma tataḥ sarvā vivādo me na rocate॥
peyamānīyatāṁ kṣipraṁ mālyaṁ ca vividhaṁ bahu।
तत्पश्चात् राक्षसी अजामुखी ने कहा—‘मुझे तो व्यर्थ का वाद-विवाद अच्छा नहीं लगता। आओ, पहले इसे काटकर इसके बहुत-से टुकड़े कर डालें। वे सभी टुकड़े बराबर माप-तौल के होने चाहिये। फिर उन टुकड़ों को हमलोग आपस में बाँट लेंगी। साथ ही नाना प्रकार की पेय-सामग्री तथा फूल-माला आदि भी शीघ्र ही प्रचुर मात्रा में मँगा ली जाय’
English translation coming soon.
tataḥ śūrpaṇakhā nāma rākṣasī vākyamabravīt॥
संयुक्त अनुवाद ↓joint translation ↓
ajāmukhyā yaduktaṁ vai tadeva mama rocate।
surā cānīyatāṁ kṣipraṁ sarvaśokavināśinī॥
mānuṣaṁ māṁsamāsvādya nṛtyāmo'tha nikumbhilām।
तदनन्तर राक्षसी शूर्पणखा ने कहा—‘अजामुखी ने जो बात कही है, वही मुझे भी अच्छी लगती है। समस्त शोकों को नष्ट कर देनेवाली सुरा को भी शीघ्र मँगवा लो। उसके साथ मनुष्य के मांस का आस्वादन करके हम निकुम्भिला देवी के सामने नृत्य करेंगी’
English translation coming soon.
evaṁ nirbhartsyamānā sā sītā surasutopamā।
rākṣasībhirvirūpābhirdhairyamutsṛjya roditi॥
उन विकराल रूपवाली राक्षसियों के द्वारा इस प्रकार धमकायी जाने पर देवकन्या के समान सुन्दरी सीता धैर्य छोड़कर फूट-फूटकर रोने लगीं
English translation coming soon.
इत्यार्षे श्रीमद्रामायणे वाल्मीकीये आदिकाव्ये सुन्दरकाण्डे चतुर्विंशः सर्गः॥ २४ ॥
इस प्रकार श्रीवाल्मीकिनिर्मित आर्षरामायण आदिकाव्यके सुन्दरकाण्डमें चौबीसवाँ सर्ग पूरा हुआ॥ २४ ॥