सीताजीके नाशकी आशंकासे हनुमान्जीकी चिन्ता, श्रीरामको सीताके न मिलनेकी सूचना देनेसे अनर्थकी सम्भावना देख हनुमान्जीका न लौटनेका निश्चय करके पुनः खोजनेका विचार करना और अशोकवाटिकामें ढूँढ़नेके विषयमें तरह-तरहकी बातें सोचना
vimānāt tu sa saṁkramya prākāraṁ hariyūthapaḥ।
hanūmān vegavānāsīd yathā vidyud ghanāntare॥
वानरयूथपति हनुमान् विमान से उतरकर महल के परकोटे पर चढ़ आये। वहाँ आकर वे मेघमाला के अंक में चमकती हुई बिजली के समान बड़े वेग से इधर-उधर घूमने लगे
English translation coming soon.
samparikramya hanumān rāvaṇasya niveśanān।
adṛṣṭvā jānakīṁ sītāmabravīd vacanaṁ kapiḥ॥
रावण के सभी घरों में एक बार पुनः चक्कर लगाकर जब कपिवर हनुमान्जी ने जनकनन्दिनी सीता को नहीं देखा, तब वे मन-ही-मन इस प्रकार कहने लगे—
English translation coming soon.
bhūyiṣṭhaṁ lolitā laṁkā rāmasya caratā priyam।
na hi paśyāmi vaidehīṁ sītāṁ sarvāṅgaśobhanām॥
‘मैंने श्रीरामचन्द्रजी का प्रिय करने के लिये कई बार लंका को छान डाला; किंतु सर्वाङ्गसुन्दरी विदेहनन्दिनी सीता मुझे कहीं नहीं दिखायी देती हैं
English translation coming soon.
palvalāni taṭākāni sarāṁsi saritastathā।
nadyo'nūpavanāntāśca durgāśca dharaṇīdharāḥ॥
lolitā vasudhā sarvā na ca paśyāmi jānakīm।
‘मैंने यहाँ के छोटे तालाब, पोखरे, सरोवर, सरिताएँ, नदियाँ, पानी के आस-पास के जंगल तथा दुर्गम पहाड़—सब देख डाले। इस नगर के आस-पास की सारी भूमि खोज डाली; किंतु कहीं भी मुझे जानकीजी का दर्शन नहीं हुआ
English translation coming soon.
iha sampātinā sītā rāvaṇasya niveśane।
ākhyātā gṛdhrarājena na ca sā dṛśyate na kim॥
‘गृध्रराज सम्पाति ने तो सीताजी को यहाँ रावण के महल में ही बताया था। फिर भी न जाने क्यों वे यहाँ दिखायी नहीं देती हैं
English translation coming soon.
kiṁ nu sītātha vaidehī maithilī janakātmajā।
upatiṣṭheta vivaśā rāvaṇena hṛtā balāt॥
‘क्या रावण के द्वारा बलपूर्वक हरकर लायी हुई विदेह-कुलनन्दिनी मिथिलेशकुमारी जनकदुलारी सीता कभी विवश होकर रावण की सेवा में उपस्थित हो सकती हैं (यह असम्भव है)
English translation coming soon.
kṣipramutpatato manye sītāmādāya rakṣasaḥ।
bibhyato rāmabāṇānāmantarā patitā bhavet॥
‘मैं तो समझता हूँ कि श्रीरामचन्द्रजी के बाणों से भयभीत हो वह राक्षस जब सीता को लेकर शीघ्रतापूर्वक आकाश में उछला है, उस समय कहीं बीच में ही वे छूटकर गिर पड़ी हों
English translation coming soon.
athavā hriyamāṇāyāḥ pathi siddhaniṣevite।
manye patitamāryāyā hṛdayaṁ prekṣya sāgaram॥
‘अथवा यह भी सम्भव है कि जब आर्या सीता सिद्धसेवित आकाशमार्ग से ले जायी जाती रही हों, उस समय समुद्र को देखकर भय के मारे उनका हृदय ही फटकर नीचे गिर पड़ा हो
English translation coming soon.
rāvaṇasyoruvegena bhujābhyāṁ pīḍitena ca।
tayā manye viśālākṣyā tyaktaṁ jīvitamāryayā॥
‘अथवा यह भी मालूम होता है कि रावण के प्रबल वेग और उसकी भुजाओं के दृढ़ बन्धन से पीड़ित होकर विशाललोचना आर्या सीता ने अपने प्राणों का परित्याग कर दिया है
English translation coming soon.
uparyupari sā nūnaṁ sāgaraṁ kramatastadā।
viceṣṭamānā patitā samudre janakātmajā॥
‘ऐसा भी हो सकता है कि जिस समय रावण उन्हें समुद्र के ऊपर होकर ला रहा हो, उस समय जनककुमारी सीता छटपटाकर समुद्र में गिर पड़ी हों। अवश्य ऐसा ही हुआ होगा
English translation coming soon.
āho kṣudreṇa cānena rakṣantī śīlamātmanaḥ।
abandhurbhakṣitā sītā rāvaṇena tapasvinī॥
संयुक्त अनुवाद ↓joint translation ↓
athavā rākṣasendrasya patnībhirasitekṣaṇā।
aduṣṭā duṣṭabhāvābhirbhakṣitā sā bhaviṣyati॥
‘अथवा ऐसा तो नहीं हुआ कि अपने शील की रक्षा में तत्पर हुई किसी सहायक बन्धु की सहायता से वञ्चित तपस्विनी सीता को इस नीच रावण ने ही खा लिया हो अथवा मन में दुष्ट भावना रखनेवाली राक्षसराज रावण की पत्नियों ने ही कजरारे नेत्रोंवाली साध्वी सीता को अपना आहार बना लिया होगा
English translation coming soon.
sampūrṇacandrapratimaṁ padmapatranibhekṣaṇam।
rāmasya dhyāyatī vaktraṁ pañcatvaṁ kṛpaṇā gatā॥
‘हाय! श्रीरामचन्द्रजी के पूर्ण चन्द्रमा के समान मनोहर तथा प्रफुल्ल कमलदल के सदृश नेत्रवाले मुख का चिन्तन करती हुई दयनीया सीता इस संसार से चल बसीं
English translation coming soon.
hā rāma lakṣmaṇetyevaṁ hāyodhye ceti maithilī।
vilapya bahu vaidehī nyastadehā bhaviṣyati॥
‘हा राम! हा लक्ष्मण! हा अयोध्यापुरी! इस प्रकार पुकार-पुकारकर बहुत विलाप करके मिथिलेशकुमारी विदेहनन्दिनी सीता ने अपने शरीर को त्याग दिया होगा
English translation coming soon.
athavā nihitā manye rāvaṇasya niveśane।
bhṛśaṁ lālapyate bālā pañjarastheva sārikā॥
‘अथवा मेरी समझ में यह आता है कि वे रावण के ही किसी गुप्त गृह में छिपाकर रखी गयी हैं। हाय! वहाँ वह बाला पींजरे में बन्द हुई मैना की तरह बारम्बार आर्तनाद करती होगी
English translation coming soon.
janakasya kule jātā rāmapatnī sumadhyamā।
kathamutpalapatrākṣī rāvaṇasya vaśaṁ vrajet॥
‘जो जनक के कुल में उत्पन्न हुई हैं और श्रीरामचन्द्रजी की धर्मपत्नी हैं, वे नील कमल के-से नेत्रोंवाली सुमध्यमा सीता रावण के अधीन कैसे हो सकती हैं?
English translation coming soon.
vinaṣṭā vā praṇaṣṭā vā mṛtā vā janakātmajā।
rāmasya priyabhāryasya na nivedayituṁ kṣamam॥
‘जनककिशोरी सीता चाहे गुप्त गृह में अदृश्य करके रखी गयी हों, चाहे समुद्र में गिरकर प्राणों से हाथ धो बैठी हों अथवा श्रीरामचन्द्रजी के विरह का कष्ट न सह सकने के कारण उन्होंने मृत्यु की शरण ली हो, किसी भी दशा में श्रीरामचन्द्रजी को इस बात की सूचना देना उचित न होगा; क्योंकि वे अपनी पत्नी को बहुत प्यार करते हैं
English translation coming soon.
nivedyamāne doṣaḥ syād doṣaḥ syādanivedane।
kathaṁ nu khalu kartavyaṁ viṣamaṁ pratibhāti me॥
‘इस समाचार के बताने में भी दोष है और न बताने में भी दोष की सम्भावना है, ऐसी दशा में किस उपाय से काम लेना चाहिये? मुझे तो बताना और न बताना—दोनों ही दुष्कर प्रतीत होते हैं
English translation coming soon.
asminnevaṁgate kārye prāptakālaṁ kṣamaṁ ca kim।
bhavediti matiṁ bhūyo hanumān pravicārayan॥
‘ऐसी दशा में जब कोई भी कार्य करना दुष्कर प्रतीत होता है, तब मेरे लिये इस समय के अनुसार क्या करना उचित होगा?’ इन्हीं बातों पर हनुमान्जी बारम्बार विचार करने लगे
English translation coming soon.
yadi sītāmadṛṣṭvāhaṁ vānarendrapurīmitaḥ।
gamiṣyāmi tataḥ ko me puruṣārtho bhaviṣyati॥
(उन्होंने फिर सोचा—) ‘यदि मैं सीताजी को देखे बिना ही यहाँ से वानरराज की पुरी किष्किन्धा को लौट जाऊँगा तो मेरा पुरुषार्थ ही क्या रह जायगा?
English translation coming soon.
mamedaṁ laṅghanaṁ vyarthaṁ sāgarasya bhaviṣyati।
praveśaścaiva laṁkāyāṁ rākṣasānāṁ ca darśanam॥
‘फिर तो मेरा यह समुद्रलंघन, लंका में प्रवेश और राक्षसों को देखना सब व्यर्थ हो जायगा
English translation coming soon.
kiṁ vā vakṣyati sugrīvo harayo vāpi saṁgatāḥ।
kiṣkindhāmanusamprāptaṁ tau vā daśarathātmajau॥
‘किष्किन्धा में पहुँचने पर मुझसे मिलकर सुग्रीव, दूसरे-दूसरे वानर तथा वे दोनों दशरथराजकुमार भी क्या कहेंगे?
English translation coming soon.
gatvā tu yadi kākutsthaṁ vakṣyāmi paruṣaṁ vacaḥ।
na dṛṣṭeti mayā sītā tatastyakṣyati jīvitam॥
‘यदि वहाँ जाकर मैं श्रीरामचन्द्रजी से यह कठोर बात कह दूँ कि मुझे सीता का दर्शन नहीं हुआ तो वे प्राणों का परित्याग कर देंगे
English translation coming soon.
paruṣaṁ dāruṇaṁ tīkṣṇaṁ krūramindriyatāpanam।
sītānimittaṁ durvākyaṁ śrutvā sa na bhaviṣyati॥
‘सीताजी के विषय में ऐसे रूखे, कठोर, तीखे और इन्द्रियों को संताप देनेवाले दुर्वचन को सुनकर वे कदापि जीवित नहीं रहेंगे
English translation coming soon.
taṁ tu kṛcchragataṁ dṛṣṭvā pañcatvagatamānasam।
bhṛśānuraktamedhāvī na bhaviṣyati lakṣmaṇaḥ॥
‘उन्हें संकट में पड़कर प्राणों के परित्याग का संकल्प करते देख उनके प्रति अत्यन्त अनुराग रखनेवाले बुद्धिमान् लक्ष्मण भी जीवित नहीं रहेंगे
English translation coming soon.
vinaṣṭau bhrātarau śrutvā bharato'pi mariṣyati।
bharataṁ ca mṛtaṁ dṛṣṭvā śatrughno na bhaviṣyati॥
‘अपने इन दो भाइयों के विनाश का समाचार सुनकर भरत भी प्राण त्याग देंगे और भरत की मृत्यु देखकर शत्रुघ्न भी जीवित नहीं रह सकेंगे
English translation coming soon.
putrān mṛtān samīkṣyātha na bhaviṣyanti mātaraḥ।
kausalyā ca sumitrā ca kaikeyī ca na saṁśayaḥ॥
‘इस प्रकार चारों पुत्रों की मृत्यु हुई देख कौसल्या, सुमित्रा और कैकेयी—ये तीनों माताएँ भी निस्संदेह प्राण दे देंगी
English translation coming soon.
kṛtajñaḥ satyasaṁdhaśca sugrīvaḥ plavagādhipaḥ।
rāmaṁ tathāgataṁ dṛṣṭvā tatastyakṣyati jīvitam॥
‘कृतज्ञ और सत्यप्रतिज्ञ वानरराज सुग्रीव भी जब श्रीरामचन्द्रजी को ऐसी अवस्था में देखेंगे तो स्वयं भी प्राणविसर्जन कर देंगे
English translation coming soon.
durmanā vyathitā dīnā nirānandā tapasvinī।
pīḍitā bhartṛśokena rumā tyakṣyati jīvitam॥
‘तत्पश्चात् पतिशोक से पीड़ित हो दुःखितचित्त, दीन, व्यथित और आनन्दशून्य हुई तपस्विनी रुमा भी जान दे देगी
English translation coming soon.
vālijena tu duḥkhena pīḍitā śokakarśitā।
pañcatvamāgatā rājñī tārāpi na bhaviṣyati॥
‘फिर तो रानी तारा भी जीवित नहीं रहेंगी। वे वाली के विरहजनित दुःख से तो पीड़ित थीं ही, इस नूतन शोक से कातर हो शीघ्र ही मृत्यु को प्राप्त हो जायँगी
English translation coming soon.
mātāpitrorvināśena sugrīvavyasanena ca।
kumāro'pyaṁgadastasmād vijahiṣyati jīvitam॥
‘माता-पिता के विनाश और सुग्रीव के मरणजनित संकट से पीड़ित हो कुमार अंगद भी अपने प्राणों का परित्याग कर देंगे
English translation coming soon.
bhartṛjena tu duḥkhena abhibhūtā vanaukasaḥ।
śirāṁsyabhihaniṣyanti talairmuṣṭibhireva ca॥
संयुक्त अनुवाद ↓joint translation ↓
sāntvenānupradānena mānena ca yaśasvinā।
lālitāḥ kapināthena prāṇāṁstyakṣyanti vānarāḥ॥
‘तदनन्तर स्वामी के दुःख से पीड़ित हुए सारे वानर अपने हाथों और मुक्कों से सिर पीटने लगेंगे। यशस्वी वानरराज ने सान्त्वनापूर्ण वचनों और दान-मान से जिनका लालन-पालन किया था, वे वानर अपने प्राणों का परित्याग कर देंगे
English translation coming soon.
na vaneṣu na śaileṣu na nirodheṣu vā punaḥ।
krīḍāmanubhaviṣyanti sametya kapikuñjarāḥ॥
‘ऐसी अवस्था में शेष वानर वनों, पर्वतों और गुफाओं में एकत्र होकर फिर कभी क्रीड़ा-विहार का आनन्द नहीं लेंगे
English translation coming soon.
saputradārāḥ sāmātyā bhartṛvyasanapīḍitāḥ।
śailāgrebhyaḥ patiṣyanti sameṣu viṣameṣu ca॥
‘अपने राजा के शोक से पीड़ित हो सब वानर अपने पुत्र, स्त्री और मन्त्रियोंसहित पर्वतों के शिखरों से नीचे सम अथवा विषम स्थानों में गिरकर प्राण दे देंगे
English translation coming soon.
viṣamudbandhanaṁ vāpi praveśaṁ jvalanasya vā।
upavāsamatho śastraṁ pracariṣyanti vānarāḥ॥
‘अथवा सारे विष पी लेंगे या फाँसी लगा लेंगे या जलती आग में प्रवेश कर जायेंगे। उपवास करने लगेंगे अथवा अपने ही शरीर में छुरा भोंक लेंगे
English translation coming soon.
ghoramārodanaṁ manye gate mayi bhaviṣyati।
ikṣvākukulanāśaśca nāśaścaiva vanaukasām॥
‘मेरे वहाँ जाने पर मैं समझता हूँ बड़ा भयंकर आर्तनाद होने लगेगा। इक्ष्वाकुकुल का नाश और वानरों का भी विनाश हो जायगा
English translation coming soon.
so'haṁ naiva gamiṣyāmi kiṣkindhāṁ nagarīmitaḥ।
nahi śakṣyāmyahaṁ draṣṭuṁ sugrīvaṁ maithilīṁ vinā॥
‘इसलिये मैं यहाँ से किष्किन्धापुरी को तो नहीं जाऊँगा। मिथिलेशकुमारी सीता को देखे बिना मैं सुग्रीव का भी दर्शन नहीं कर सकूँगा
English translation coming soon.
mayyagacchati cehasthe dharmātmānau mahārathau।
āśayā tau dhariṣyete vānarāśca tarasvinaḥ॥
‘यदि मैं यहीं रहूँ और वहाँ न जाऊँ तो मेरी आशा लगाये वे दोनों धर्मात्मा महारथी बन्धु प्राण धारण किये रहेंगे और वे वेगशाली वानर भी जीवित रहेंगे
English translation coming soon.
hastādāno mukhādāno niyato vṛkṣamūlikaḥ।
vānaprastho bhaviṣyāmi hyadṛṣṭvā janakātmajām॥
‘जानकीजी का दर्शन न मिलने पर मैं यहाँ वानप्रस्थी हो जाऊँगा। मेरे हाथ पर अपने-आप जो फल आदि खाद्य वस्तु प्राप्त हो जायगी, उसीको खाकर रहूँगा या परेच्छा से मेरे मुँह में जो फल आदि खाद्य वस्तु पड़ जायगी, उसीसे निर्वाह करूँगा तथा शौच, संतोष आदि नियमों के पालनपूर्वक वृक्ष के नीचे निवास करूँगा
English translation coming soon.
sāgarānūpaje deśe bahumūlaphalodake।
citiṁ kṛtvā pravekṣyāmi samiddhamaraṇīsutam॥
‘अथवा सागरतटवर्ती स्थान में, जहाँ फल-मूल और जल की अधिकता होती है, मैं चिता बनाकर जलती हुई आग में प्रवेश कर जाऊँगा
English translation coming soon.
upaviṣṭasya vā samyag liṁginaṁ sādhayiṣyataḥ।
śarīraṁ bhakṣayiṣyanti vāyasāḥ śvāpadāni ca॥
‘अथवा आमरण उपवास के लिये बैठकर लिंगशरीरधारी जीवात्मा का शरीर से वियोग कराने के प्रयत्न में लगे हुए मेरे शरीर को कौवे तथा हिंसक जन्तु अपना आहार बना लेंगे
English translation coming soon.
idamapyṛṣibhirdṛṣṭaṁ niryāṇamiti me matiḥ।
samyagāpaḥ pravekṣyāmi na cet paśyāmi jānakīm॥
‘यदि मुझे जानकीजी का दर्शन नहीं हुआ तो मैं खुशी-खुशी जल-समाधि ले लूँगा। मेरे विचार से इस तरह जल-प्रवेश करके परलोकगमन करना ऋषियों की दृष्टि में भी उत्तम ही है
English translation coming soon.
sujātamūlā subhagā kīrtimālā yaśasvinī।
prabhagnā cirarātrāya mama sītāmapaśyataḥ॥
‘जिसका प्रारम्भ शुभ है, ऐसी सुभगा, यशस्विनी और मेरी कीर्तिमालारूपा यह दीर्घ रात्रि भी सीताजी को देखे बिना ही बीत चली
English translation coming soon.
tāpaso vā bhaviṣyāmi niyato vṛkṣamūlikaḥ।
netaḥ pratigamiṣyāmi tāmadṛṣṭvāsitekṣaṇām॥
‘अथवा अब मैं नियमपूर्वक वृक्ष के नीचे निवास करनेवाला तपस्वी हो जाऊँगा; किंतु उस असितलोचना सीता को देखे बिना यहाँ से कदापि नहीं लौटूँगा
English translation coming soon.
yadi tu pratigacchāmi sītāmanadhigamya tām।
aṁgadaḥ sahitaḥ sarvairvānarairna bhaviṣyati॥
‘यदि सीता का पता लगाये बिना ही मैं लौट जाऊँ तो समस्त वानरोंसहित अंगद जीवित नहीं रहेंगे
English translation coming soon.
vināśe bahavo doṣā jīvan prāpnoti bhadrakam।
tasmāt prāṇān dhariṣyāmi dhruvo jīvati saṁgamaḥ॥
‘इस जीवन का नाश कर देने में बहुत-से दोष हैं। जो पुरुष जीवित रहता है, वह कभी-न-कभी अवश्य कल्याण का भागी होता है; अतः मैं इन प्राणों को धारण किये रहूँगा। जीवित रहने पर अभीष्ट वस्तु अथवा सुख की प्राप्ति अवश्यम्भावी है’
English translation coming soon.
evaṁ bahuvidhaṁ duḥkhaṁ manasā dhārayan bahu।
nādhyagacchat tadā pāraṁ śokasya kapikuñjaraḥ॥
इस तरह मन में अनेक प्रकार के दुःख धारण किये कपिकुञ्जर हनुमान्जी शोक का पार न पा सके
English translation coming soon.
tato vikramamāsādya dhairyavān kapikuñjaraḥ।
rāvaṇaṁ vā vadhiṣyāmi daśagrīvaṁ mahābalam।
kāmamastu hṛtā sītā pratyācīrṇaṁ bhaviṣyati॥
तदनन्तर धैर्यवान् कपिश्रेष्ठ हनुमान् ने पराक्रम का सहारा लेकर सोचा—‘अथवा महाबली दशमुख रावण का ही वध क्यों न कर डालूँ। भले ही सीता का अपहरण हो गया हो, इस रावण को मार डालने से उस वैर का भरपूर बदला सध जायगा
English translation coming soon.
athavainaṁ samutkṣipya uparyupari sāgaram।
rāmāyopahariṣyāmi paśuṁ paśupateriva॥
‘अथवा इसे उठाकर समुद्र के ऊपर-ऊपर से ले जाऊँ और जैसे पशुपति (रुद्र या अग्नि)-को पशु अर्पित किया जाय, उसी प्रकार श्रीराम के हाथ में इसको सौंप दूँ’
English translation coming soon.
iti cintāsamāpannaḥ sītāmanadhigamya tām।
dhyānaśokaparītātmā cintayāmāsa vānaraḥ॥
इस प्रकार सीताजी को न पाकर वे चिन्ता में निमग्न हो गये। उनका मन सीता के ध्यान और शोक में डूब गया। फिर वे वानरवीर इस प्रकार विचार करने लगे—
English translation coming soon.
yāvat sītāṁ na paśyāmi rāmapatnīṁ yaśasvinīm।
tāvadetāṁ purīṁ laṁkāṁ vicinomi punaḥ punaḥ॥
‘जबतक मैं यशस्विनी श्रीराम-पत्नी सीता का दर्शन न कर लूँगा, तबतक इस लंकापुरी में बारंबार उनकी खोज करता रहूँगा
English translation coming soon.
sampātivacanāccāpi rāmaṁ yadyānayāmyaham।
apaśyan rāghavo bhāryāṁ nirdahet sarvavānarān॥
‘यदि सम्पाति के कहने से भी मैं श्रीराम को यहाँ बुला ले आऊँ तो अपनी पत्नी को यहाँ न देखने पर श्रीरघुनाथजी समस्त वानरों को जलाकर भस्म कर देंगे
English translation coming soon.
ihaiva niyatāhāro vatsyāmi niyatendriyaḥ।
na matkṛte vinaśyeyuḥ sarve te naravānarāḥ॥
‘अतः यहीं नियमित आहार और इन्द्रियों के संयमपूर्वक निवास करूँगा। मेरे कारण वे समस्त नर और वानर नष्ट न हों
English translation coming soon.
aśokavanikā cāpi mahatīyaṁ mahādrumā।
imāmadhigamiṣyāmi nahīyaṁ vicitā mayā॥
‘इधर यह बहुत बड़ी अशोकवाटिका है, इसके भीतर बड़े-बड़े वृक्ष हैं। इसमें मैंने अभीतक अनुसंधान नहीं किया है, अतः अब इसीमें चलकर ढूँढ़ूँगा
English translation coming soon.
vasūn rudrāṁstathā''dityānaśvinau maruto'pi ca।
namaskṛtvā gamiṣyāmi rakṣasāṁ śokavardhanaḥ॥
‘राक्षसों के शोक को बढ़ानेवाला मैं यहाँ से वसु, रुद्र, आदित्य, अश्विनीकुमार और मरुद्गणों को नमस्कार करके अशोकवाटिका में चलूँगा
English translation coming soon.
jitvā tu rākṣasān devīmikṣvākukulanandinīm।
sampradāsyāmi rāmāya siddhīmiva tapasvine॥
‘वहाँ समस्त राक्षसों को जीतकर जैसे तपस्वी को सिद्धि प्रदान की जाती है, इसी प्रकार श्रीरामचन्द्रजी के हाथ में इक्ष्वाकुकुल को आनन्दित करनेवाली देवी सीता को सौंप दूँगा’
English translation coming soon.
sa muhūrtamiva dhyātvā cintāvigrathitendriyaḥ।
udatiṣṭhan mahābāhurhanūmān mārutātmajaḥ॥
संयुक्त अनुवाद ↓joint translation ↓
namo'stu rāmāya salakṣmaṇāya devyai ca tasyai janakātmajāyai।
namo'stu rudrendrayamānilebhyo namo'stu candrāgnimarudgaṇebhyaḥ॥
इस प्रकार दो घड़ीतक सोच-विचारकर चिन्ता से शिथिल इन्द्रियवाले महाबाहु पवनकुमार हनुमान् सहसा उठकर खड़े हो गये (और देवताओं को नमस्कार करते हुए बोले—) ‘लक्ष्मणसहित श्रीराम को नमस्कार है। जनकनन्दिनी सीता देवी को भी नमस्कार है। रुद्र, इन्द्र, यम और वायु देवता को नमस्कार है तथा चन्द्रमा, अग्नि एवं मरुद्गणों को भी नमस्कार है’
English translation coming soon.
sa tebhyastu namaskṛtvā sugrīvāya ca mārutiḥ।
diśaḥ sarvāḥ samālokya so'śokavanikāṁ prati॥
इस प्रकार उन सबको तथा सुग्रीव को भी नमस्कार करके पवनकुमार हनुमान्जी सम्पूर्ण दिशाओं की ओर दृष्टिपात करके अशोकवाटिका में जाने को उद्यत हुए
English translation coming soon.
sa gatvā manasā pūrvamaśokavanikāṁ śubhām।
uttaraṁ cintayāmāsa vānaro mārutātmajaḥ॥
उन वानरवीर पवनकुमार ने पहले मन के द्वारा ही उस सुन्दर अशोक-वाटिका में जाकर भावी कर्तव्य का इस प्रकार चिन्तन किया
English translation coming soon.
dhruvaṁ tu rakṣobahulā bhaviṣyati vanākulā।
aśokavanikā puṇyā sarvasaṁskārasaṁskṛtā॥
‘वह पुण्यमयी अशोकवाटिका सींचने-कोड़ने आदि सब प्रकार के संस्कारों से सँवारी गयी है। वह दूसरे-दूसरे वनों से भी घिरी हुई है; अतः उसकी रक्षा के लिये वहाँ निश्चय ही बहुत-से राक्षस तैनात किये गये होंगे
English translation coming soon.
rakṣiṇaścātra vihitā nūnaṁ rakṣanti pādapān।
bhagavānapi viśvātmā nātikṣobhaṁ pravāyati॥
‘राक्षसराज के नियुक्त किये हुए रक्षक अवश्य ही वहाँ के वृक्षों की रक्षा करते होंगे; इसलिये जगत् के प्राणस्वरूप भगवान् वायुदेव भी वहाँ अधिक वेग से नहीं बहते होंगे
English translation coming soon.
saṁkṣipto'yaṁ mayā''tmā ca rāmārthe rāvaṇasya ca।
siddhiṁ diśantu me sarve devāḥ sarṣigaṇāstviha॥
‘मैंने श्रीरामचन्द्रजी के कार्य की सिद्धि तथा रावण से अदृश्य रहने के लिये अपने शरीर को संकुचित करके छोटा बना लिया है। मुझे इस कार्य में ऋषियोंसहित समस्त देवता सिद्धि—सफलता प्रदान करें
English translation coming soon.
brahmā svayambhūrbhagavān devāścaiva tapasvinaḥ।
siddhimagniśca vāyuśca puruhūtaśca vajrabhṛt॥
‘स्वयम्भू भगवान् ब्रह्मा, अन्य देवगण, तपोनिष्ठ महर्षि, अग्निदेव, वायु तथा वज्रधारी इन्द्र भी मुझे सफलता प्रदान करें
English translation coming soon.
varuṇaḥ pāśahastaśca somādityau tathaiva ca।
aśvinau ca mahātmānau marutaḥ sarva eva ca॥
संयुक्त अनुवाद ↓joint translation ↓
siddhiṁ sarvāṇi bhūtāni bhūtānāṁ caiva yaḥ prabhuḥ।
dāsyanti mama ye cānye'pyadṛṣṭāḥ pathi gocarāḥ॥
‘पाशधारी वरुण, सोम, आदित्य, महात्मा अश्विनीकुमार, समस्त मरुद्गण, सम्पूर्ण भूत और भूतों के अधिपति तथा और भी जो मार्ग में दीखनेवाले एवं न दीखनेवाले देवता हैं, वे सब मुझे सिद्धि प्रदान करेंगे
English translation coming soon.
tadunnasaṁ pāṇḍuradantamavraṇaṁ śucismitaṁ padmapalāśalocanam।
drakṣye tadāryāvadanaṁ kadā nvahaṁ prasannatārādhipatulyavarcasam॥
‘जिसकी नाक ऊँची और दाँत सफेद हैं, जिसमें चेचक आदि के दाग नहीं हैं, जहाँ पवित्र मुसकान की छटा छायी रहती है, जिसके नेत्र प्रफुल्ल कमलदल के समान सुशोभित होते हैं तथा जो निष्कलंक कलाधर के तुल्य कमनीय कान्ति से युक्त है, वह आर्या सीता का मुख मुझे कब दिखायी देगा?
English translation coming soon.
kṣudreṇa hīnena nṛśaṁsamūrtinā sudāruṇālaṁkṛtaveṣadhāriṇā।
balābhibhūtā hyabalā tapasvinī kathaṁ nu me dṛṣṭipathe'dya sā bhavet॥
‘इस क्षुद्र, नीच, नृशंसरूपधारी और अत्यन्त दारुण होने पर भी अलंकारयुक्त विश्वसनीय वेष धारण करनेवाले रावण ने उस तपस्विनी अबला को बलात् अपने अधीन कर लिया है। अब किस प्रकार वह मेरे दृष्टिपथ में आ सकती हैं?’
English translation coming soon.
इत्यार्षे श्रीमद्रामायणे वाल्मीकीये आदिकाव्ये सुन्दरकाण्डे त्रयोदशः सर्गः॥ १३ ॥
इस प्रकार श्रीवाल्मीकिनिर्मित आर्षरामायण आदिकाव्यके सुन्दरकाण्डमें तेरहवाँ सर्ग पूरा हुआ॥ १३ ॥