पुत्रवधसे दुःखी दितिका कश्यपजीसे इन्द्रहन्ता पुत्रकी प्राप्तिके उद्देश्यसे तपके लिये आज्ञा लेकर कुशप्लवमें तप करना, इन्द्रद्वारा उनकी परिचर्या तथा उन्हें अपवित्र अवस्थामें पाकर इन्द्रका उनके गर्भके सात टुकड़े कर डालना
“दिति का वरदान”
॥ १ · ४६ · ४–७ ॥
आश्रमाग्नेः समीपे बद्धाञ्जलिः दितिः पुत्रशोकविह्वला पतिं काश्यपं प्रार्थयते, स च हस्तम् उद्यम्य 'एवम् अस्तु' इति वरं ददाति।
आश्रम की अग्नि के पास हाथ जोड़े बैठीं, पुत्रशोक से व्याकुल दिति अपने पति महर्षि कश्यप से इन्द्रहन्ता पुत्र का वर माँग रही हैं, और प्रभामण्डल से घिरे कश्यप हाथ उठाकर 'ऐसा ही हो' कहते हुए उन्हें वरदान दे रहे हैं।
Beside the hermitage fire, palms joined and grieving for her slain sons, Diti entreats her husband the sage Kashyapa for a son who could slay Indra, while the radiant-haloed Kashyapa raises his hand in blessing, granting the boon with the words 'so be it.'
hateṣu teṣu putreṣu ditiḥ paramaduḥkhitā ।
mārīcaṁ kaśyapaṁ nāma bhartāramidamabravīt ॥
अपने उन पुत्रों के मारे जाने पर दिति को बड़ा दुःख हुआ। वे अपने पति मरीचिनन्दन कश्यप के पास जाकर बोलीं—
English translation coming soon.
hataputrāsmi bhagavaṁstava putrairmahābalaiḥ ।
śakrahantāramicchāmi putraṁ dīrghataporjitam ॥
"भगवन्! आपके महाबली पुत्र देवताओं ने मेरे पुत्रों को मार डाला; अतः मैं दीर्घकाल की तपस्या से उपार्जित एक ऐसा पुत्र चाहती हूँ जो इन्द्र का वध करने में समर्थ हो।"
English translation coming soon.
sāhaṁ tapaścariṣyāmi garbhaṁ me dātumarhasi ।
īśvaraṁ śakrahantāraṁ tvamanujñātumarhasi ॥
"मैं तपस्या करूँगी, आप इसके लिये मुझे आज्ञा दें और मेरे गर्भ में ऐसा पुत्र प्रदान करें, जो सब कुछ करने में समर्थ तथा इन्द्र का वध करनेवाला हो।"
English translation coming soon.
tasyāstad vacanaṁ śrutvā mārīcaḥ kaśyapastadā ।
pratyuvāca mahātejā ditiṁ paramaduḥkhitām ॥
उसकी यह बात सुनकर महातेजस्वी मरीचिनन्दन कश्यप ने उस परम दुःखिनी दिति को इस प्रकार उत्तर दिया—
English translation coming soon.
evaṁ bhavatu bhadraṁ te śucirbhava tapodhane ।
janayiṣyasi putraṁ tvaṁ śakrahantāramāhave ॥
"तपोधने! ऐसा ही हो। तुम शौचाचार का पालन करो। तुम्हारा भला हो। तुम ऐसे पुत्र को जन्म दोगी, जो युद्ध में इन्द्र को मार सके।"
English translation coming soon.
pūrṇe varṣasahasre tu śuciryadi bhaviṣyasi ।
putraṁ trailokyahantāraṁ mattastvaṁ janayiṣyasi ॥
"यदि पूरे एक हजार वर्ष तक पवित्रतापूर्वक रह सकोगी तो तुम मुझसे त्रिलोकीनाथ इन्द्र का वध करने में समर्थ पुत्र प्राप्त कर लोगी।"
English translation coming soon.
evamuktvā mahātejāḥ pāṇinā sammamārja tām ।
tāmālabhya tataḥ svasti ityuktvā tapase yayau ॥
ऐसा कहकर महातेजस्वी कश्यप ने दिति के शरीर पर हाथ फेरा। फिर उनका स्पर्श करके कहा—"तुम्हारा कल्याण हो।" ऐसा कहकर वे तपस्या के लिये चले गये।
English translation coming soon.
gate tasmin naraśreṣṭha ditiḥ paramaharṣitā ।
kuśaplavaṁ samāsādya tapastepe sudāruṇam ॥
नरश्रेष्ठ! उनके चले जाने पर दिति अत्यन्त हर्ष और उत्साह में भरकर कुशप्लव नामक तपोवन में आयीं और अत्यन्त कठोर तपस्या करने लगीं।
English translation coming soon.
tapastasyāṁ hi kurvatyāṁ paricaryāṁ cakāra ha ।
sahasrākṣo naraśreṣṭha parayā guṇasampadā ॥
पुरुषप्रवर श्रीराम! दिति के तपस्या करते समय सहस्रलोचन इन्द्र विनय आदि उत्तम गुणसम्पत्ति से युक्त हो उनकी सेवा-टहल करने लगे।
English translation coming soon.
agniṁ kuśān kāṣṭhamapaḥ phalaṁ mūlaṁ tathaiva ca ।
nyavedayat sahasrākṣo yaccānyadapi kāṅkṣitam ॥
सहस्राक्ष इन्द्र अपनी मौसी दिति के लिये अग्नि, कुशा, काष्ठ, जल, फल, मूल तथा अन्यान्य अभिलषित वस्तुओं को ला-लाकर देते थे।
English translation coming soon.
gātrasaṁvāhanaiścaiva śramāpanayanaistathā ।
śakraḥ sarveṣu kāleṣu ditiṁ paricacāra ha ॥
इन्द्र मौसी की शारीरिक सेवाएँ करते, उनके पैर दबाकर उनकी थकावट मिटाते तथा ऐसी ही अन्य आवश्यक सेवाओंद्वारा वे हर समय दिति की परिचर्या करते थे।
English translation coming soon.
pūrṇe varṣasahasre sā daśone raghunandana ।
ditiḥ paramasaṁhṛṣṭā sahasrākṣamathābravīt ॥
रघुनन्दन! जब सहस्र वर्ष पूर्ण होने में कुल दस वर्ष बाकी रह गये, तब एक दिन दिति ने अत्यन्त हर्ष में भरकर सहस्रलोचन इन्द्र से कहा—
English translation coming soon.
tapaścarantyā varṣāṇi daśa vīryavatāṁ vara ।
avaśiṣṭāni bhadraṁ te bhrātaraṁ drakṣyase tataḥ ॥
"बलवानों में श्रेष्ठ वीर! अब मेरी तपस्या के केवल दस वर्ष और शेष रह गये हैं। तुम्हारा भला हो। दस वर्ष बाद तुम अपने होनेवाले भाई को देख सकोगे।"
English translation coming soon.
yamahaṁ tvatkṛte putra tamādhāsye jayotsukam ।
trailokyavijayaṁ putra saha bhokṣyasi vijvaraḥ ॥
"बेटा! मैंने तुम्हारे विनाश के लिये जिस पुत्र की याचना की थी, वह जब तुम्हें जीतने के लिये उत्सुक होगा, उस समय मैं उसे शान्त कर दूँगी—तुम्हारे प्रति उसे वैर-भाव से रहित तथा भ्रातृ-स्नेह से युक्त बना दूँगी। फिर तुम उसके साथ रहकर उसीके द्वारा की हुई त्रिभुवन-विजय का सुख निश्चिन्त होकर भोगना।"
English translation coming soon.
yācitena suraśreṣṭha pitrā tava mahātmanā ।
varo varṣasahasrānte mama dattaḥ sutaṁ prati ॥
"सुरश्रेष्ठ! मेरे प्रार्थना करने पर तुम्हारे महात्मा पिता ने एक हजार वर्ष के बाद पुत्र होने का मुझे वर दिया है।"
English translation coming soon.
ityuktvā ca ditistatra prāpte madhyaṁ dineśvare ।
nidrayāpahatā devī pādau kṛtvātha śīrṣataḥ ॥
ऐसा कहकर दिति नींद से अचेत हो गयीं। उस समय सूर्यदेव आकाश के मध्य भाग में आ गये थे—दोपहर का समय हो गया था। देवी दिति आसन पर बैठी-बैठी झपकी लेने लगीं। सिर झुक गया और केश पैरों से जा लगे। इस प्रकार निद्रावस्था में उन्होंने पैरों को सिर से लगा लिया।
English translation coming soon.
dṛṣṭvā tāmaśuciṁ śakraḥ pādayoḥ kṛtamūrdhajām ।
śiraḥsthāne kṛtau pādau jahāsa ca mumoda ca ॥
उन्होंने अपने केशों को पैरों पर डाल रखा था। सिर को टिकाने के लिये दोनों पैरों को ही आधार बना लिया था। यह देख दिति को अपवित्र हुई जान इन्द्र हँसे और बड़े प्रसन्न हुए।
English translation coming soon.
tasyāḥ śarīravivaraṁ praviveśa puraṁdaraḥ ।
garbhe ca saptadhā rāma ciccheda paramātmavān ॥
श्रीराम! फिर तो सतत सावधान रहनेवाले इन्द्र माता दिति के उदर में प्रविष्ट हो गये और उसमें स्थित हुए गर्भ के उन्होंने सात टुकड़े कर डाले।
English translation coming soon.
bhidyamānastato garbho vajreṇa śataparvaṇā ।
ruroda susvaraṁ rāma tato ditirabudhyata ॥
श्रीराम! उनके द्वारा सौ पर्वों वाले वज्र से विदीर्ण किये जाते समय वह गर्भस्थ बालक जोर-जोर से रोने लगा। इससे दिति की निद्रा टूट गयी—वे जागकर उठ बैठीं।
English translation coming soon.
mā rudo mā rudaśceti garbhaṁ śakro'bhyabhāṣata ।
bibheda ca mahātejā rudantamapi vāsavaḥ ॥
तब इन्द्र ने उस रोते हुए गर्भ से कहा—"भाई! मत रो, मत रो" परंतु महातेजस्वी इन्द्र ने रोते रहने पर भी उस गर्भ के टुकड़े कर ही डाले।
English translation coming soon.
na hantavyaṁ na hantavyamityeva ditirabravīt ।
niṣpapāta tataḥ śakro māturvacanagauravāt ॥
उस समय दिति ने कहा—"इन्द्र! बच्चे को न मारो, न मारो।" माता के वचन का गौरव मानकर इन्द्र सहसा उदर से निकल आये।
English translation coming soon.
prāñjalirvajrasahito ditiṁ śakro'bhyabhāṣata ।
aśucirdevi suptāsi pādayoḥ kṛtamūrdhajā ॥
संयुक्त अनुवाद ↓joint translation ↓
tadantaramahaṁ labdhvā śakrahantāramāhave ।
abhinadaṁ saptadhā devi tanme tvaṁ kṣantumarhasi ॥
फिर वज्रसहित इन्द्र ने हाथ जोड़कर दिति से कहा—"देवि! तुम्हारे सिर के बाल पैरों से लगे थे। इस प्रकार तुम अपवित्र अवस्था में सोयी थीं। यही छिद्र पाकर मैंने इस 'इन्द्रहन्ता' बालक के सात टुकड़े कर डाले हैं। इसलिये माँ! तुम मेरे इस अपराध को क्षमा करो।"
English translation coming soon.
इत्यार्षे श्रीमद्रामायणे वाल्मीकीये आदिकाव्ये बालकाण्डे षट्चत्वारिंशः सर्गः ॥ ४६ ॥
इस प्रकार श्रीवाल्मीकिनिर्मित आर्षरामायण आदिकाव्य के बालकाण्ड में छियालीसवाँ सर्ग पूरा हुआ ॥ ४६ ॥