लक्ष्मणका किष्किन्धापुरीकी शोभा देखते हुए सुग्रीवके महलमें प्रवेश करके क्रोधपूर्वक धनुषको टंकारना, भयभीत सुग्रीवका ताराको उन्हें शान्त करनेके लिये भेजना तथा ताराका समझा-बुझाकर उन्हें अन्तःपुरमें ले आना
atha pratisamādiṣṭo lakṣmaṇaḥ paravīrahā।
praviveśa guhāṁ ramyāṁ kiṣkindhāṁ rāmaśāsanāt॥
इधर गुफा में प्रवेश करने के लिये अङ्गद के प्रार्थना करने पर शत्रुवीरों का संहार करनेवाले लक्ष्मण ने श्रीराम की आज्ञा के अनुसार किष्किन्धा नामक रमणीय गुफा में प्रवेश किया
English translation coming soon.
dvārasthā harayastatra mahākāyā mahābalāḥ।
babhūvurlakṣmaṇaṁ dṛṣṭvā sarve prāñjalayaḥ sthitāḥ॥
किष्किन्धा के द्वार पर जो विशाल शरीरवाले महाबली वानर थे, वे सब लक्ष्मण को देख हाथ जोड़कर खड़े हो गये
English translation coming soon.
niḥśvasantaṁ tu taṁ dṛṣṭvā kruddhaṁ daśarathātmajam।
babhūvurharayastrastā na cainaṁ paryavārayan॥
दशरथनन्दन लक्ष्मण को क्रोधपूर्वक लंबी साँस खींचते देख वे सब वानर अत्यन्त भयभीत हो गये थे। इसलिये वे उन्हें चारों ओर से घेरकर उनके साथ-साथ नहीं चल सके
English translation coming soon.
sa tāṁ ratnamayīṁ divyāṁ śrīmān puṣpitakānanām।
ramyāṁ ratnasamākīrṇāṁ dadarśa mahatīṁ guhām॥
श्रीमान् लक्ष्मण ने द्वार के भीतर प्रवेश करके देखा, किष्किन्धापुरी एक बहुत बड़ी रमणीय गुफा के रूप में बसी हुई है। वह रत्नमयी पुरी नाना प्रकार के रत्नों से भरी-पूरी होने के कारण दिव्य शोभा से सम्पन्न है। वहाँ के वन-उपवन फूलों से सुशोभित दिखायी दिये
English translation coming soon.
harmyaprāsādasambādhāṁ nānāratnopaśobhitām।
sarvakāmaphalairvṛkṣaiḥ puṣpitairupaśobhitām॥
हर्म्यों (धनियों की अट्टालिकाओं) तथा प्रासादों (देवमन्दिरों और राजभवनों) से वह पुरी अत्यन्त घनी दिखायी देती थी। नाना प्रकार के रत्न उसकी शोभा बढ़ाते थे। सम्पूर्ण कामनाओं को पूर्ण करनेवाले फलों से युक्त खिले हुए वृक्षों से वह पुरी सुशोभित थी
English translation coming soon.
devagandharvaputraiśca vānaraiḥ kāmarūpibhiḥ।
divyamālyāmbaradharaiḥ śobhitāṁ priyadarśanaiḥ॥
वहाँ दिव्य माला और दिव्य वस्त्र धारण करनेवाले परम सुन्दर वानर, जो देवताओं और गन्धर्वों के पुत्र तथा इच्छानुसार रूप धारण करनेवाले थे, निवास करते हुए उस नगरी की शोभा बढ़ाते थे
English translation coming soon.
candanāgurupadmānāṁ gandhaiḥ surabhigandhitām।
maireyāṇāṁ madhūnāṁ ca sammoditamahāpathām॥
वहाँ चन्दन, अगर और कमलों की मनोहर सुगन्ध छा रही थी। उस पुरी की लंबी-चौड़ी सड़कें भी मैरेय तथा मधु के आमोद से महक रही थीं
English translation coming soon.
vindhyamerugiriprakhyaiḥ prāsādairnaikabhūmibhiḥ।
dadarśa girinadyaśca vimalāstatra rāghavaḥ॥
उस पुरी में विन्ध्याचल तथा मेरु के समान ऊँचे-ऊँचे महल बने थे, जो कई मंजिल के थे। लक्ष्मण ने उस गुफा के निकट ही निर्मल जल से भरी हुई पहाड़ी नदियाँ देखीं
English translation coming soon.
aṅgadasya gṛhaṁ ramyaṁ maindasya dvividasya ca।
gavayasya gavākṣasya gajasya śarabhasya ca॥
संयुक्त अनुवाद ↓joint translation ↓
vidyunmāleśca sampāteḥ sūryākṣasya hanūmataḥ।
vīrabāhoḥ subāhośca nalasya ca mahātmanaḥ॥
संयुक्त अनुवाद ↓joint translation ↓
kumudasya suṣeṇasya tārajāmbavatostathā।
dadhivaktrasya nīlasya supāṭalasunetrayoḥ॥
संयुक्त अनुवाद ↓joint translation ↓
eteṣāṁ kapimukhyānāṁ rājamārge mahātmanām।
dadarśa gṛhamukhyāni mahāsārāṇi lakṣmaṇaḥ॥
उन्होंने राजमार्ग पर अङ्गद का रमणीय भवन देखा। साथ ही वहाँ मैन्द, द्विविद, गवय, गवाक्ष, गज, शरभ, विद्युन्माली, सम्पाति, सूर्याक्ष, हनुमान्, वीरबाहु, सुबाहु, महात्मा नल, कुमुद, सुषेण, तार, जाम्बवान्, दधिमुख, नील, सुपाटल और सुनेत्र—इन महामनस्वी वानरशिरोमणियों के भी अत्यन्त सुदृढ़ श्रेष्ठ भवन लक्ष्मण को दृष्टिगोचर हुए। वे सब-के-सब राजमार्ग पर ही बने हुए थे
English translation coming soon.
pāṇḍurābhraprakāśāni gandhamālyayutāni ca।
prabhūtadhanadhānyāni strīratnaiḥ śobhitāni ca॥
वे सभी भवन श्वेत बादलों के समान प्रकाशित हो रहे थे। उन्हें सुगन्धित पुष्पमालाओं से सजाया गया था। वे प्रचुर धन-धान्य से सम्पन्न तथा रत्नस्वरूपा रमणियों से सुशोभित थे
English translation coming soon.
pāṇḍureṇa tu śailena parikṣiptaṁ durāsadam।
vānarendragṛhaṁ ramyaṁ mahendrasadanopamam॥
वानरराज सुग्रीव का सुन्दर भवन इन्द्रसदन के समान रमणीय दिखायी देता था। उसमें प्रवेश करना किसीके लिये भी अत्यन्त कठिन था। वह श्वेत पर्वत की चहार-दीवारी से घिरा हुआ था
English translation coming soon.
śuklaiḥ prāsādaśikharaiḥ kailāsaśikharopamaiḥ।
sarvakāmaphalairvṛkṣaiḥ puṣpitairupaśobhitam॥
कैलास-शिखर के समान श्वेत प्रासाद-शिखर तथा समस्त मनोरथों को पूर्ण करनेवाले फलों से युक्त पुष्पित दिव्य वृक्ष उस राजभवन की शोभा बढ़ाते थे
English translation coming soon.
mahendradattaiḥ śrīmadbhirnīlajīmūtasaṁnibhaiḥ।
divyapuṣpaphalairvṛkṣaiḥ śītacchāyairmanoramaiḥ॥
वहाँ इन्द्र के दिये हुए दिव्य फल-फूलों से सम्पन्न मनोरम वृक्ष लगाये गये थे, जो परम सुन्दर, नीले मेघ के समान श्याम तथा शीतल छाया से युक्त थे
English translation coming soon.
haribhiḥ saṁvṛtadvāraṁ balibhiḥ śastrapāṇibhiḥ।
divyamālyāvṛtaṁ śubhraṁ taptakāñcanatoraṇam॥
अनेक बलवान् वानर हाथों में हथियार लिये उसकी ड्योढ़ी पर पहरा दे रहे थे। वह सुन्दर महल दिव्य मालाओं से अलंकृत था और उसका बाहरी फाटक पक्के सोने का बना हुआ था
English translation coming soon.
sugrīvasya gṛhaṁ ramyaṁ praviveśa mahābalaḥ।
avāryamāṇaḥ saumitrirmahābhramiva bhāskaraḥ॥
महाबली सुमित्राकुमार लक्ष्मण ने सुग्रीव के उस रमणीय भवन में प्रवेश किया। मानो सूर्यदेव महान् मेघ के भीतर प्रविष्ट हुए हों। उस समय किसीने रोक-टोक नहीं की
English translation coming soon.
sa sapta kakṣyā dharmātmā yānāsanasamāvṛtāḥ।
dadarśa sumahadguptaṁ dadarśāntaḥpuraṁ mahat॥
धर्मात्मा लक्ष्मण ने सवारियों तथा विविध आसनों से सुशोभित उस भवन की सात ड्योढ़ियों को पार करके बहुत ही गुप्त और विशाल अन्तःपुर को देखा
English translation coming soon.
haimarājataparyaṅkairbahubhiśca varāsanaiḥ।
mahārhāstaraṇopetaistatra tatra samāvṛtam॥
उसमें जहाँ-तहाँ चाँदी और सोने के बहुत-से पलंग तथा अनेकानेक श्रेष्ठ आसन रखे हुए थे और उन सबपर बहुमूल्य बिछौने बिछे थे। उन सबसे वह अन्तःपुर सुसज्जित दिखायी देता था
English translation coming soon.
praviśanneva satataṁ śuśrāva madhurasvanam।
tantrīgītasamākīrṇaṁ samatālapadākṣaram॥
उसमें प्रवेश करते ही लक्ष्मण के कानों में संगीत की मीठी तान सुनायी पड़ी, जो वहाँ निरन्तर गूँज रही थी। वीणा के लय पर कोई कोमल कण्ठ से गा रहा था। प्रत्येक पद और अक्षर का उच्चारण सम ताल का प्रदर्शन करते हुए हो रहा था
English translation coming soon.
bahvīśca vividhākārā rūpayauvanagarvitāḥ।
striyaḥ sugrīvabhavane dadarśa sa mahābalaḥ॥
महाबली लक्ष्मण ने सुग्रीव के उस अन्तःपुर में अनेक रूपरंग की बहुत-सी सुन्दरी स्त्रियाँ देखीं, जो रूप और यौवन के गर्व से भरी हुई थीं
English translation coming soon.
dṛṣṭvābhijanasampannāstatra mālyakṛtasrajaḥ।
varamālyakṛtavyagrā bhūṣaṇottamabhūṣitāḥ॥
संयुक्त अनुवाद ↓joint translation ↓
nātṛptān nāti cāvyagrān nānudāttaparicchadān।
sugrīvānucarāṁścāpi lakṣayāmāsa lakṣmaṇaḥ॥
वे सब-की-सब उत्तम कुल में उत्पन्न हुई थीं, फूलों के गजरों से अलंकृत थीं, उत्तम पुष्पहारों के निर्माण में लगी हुई थीं और सुन्दर आभूषणों से विभूषित थीं। उन सबको देखकर लक्ष्मण ने सुग्रीव के सेवकों पर भी दृष्टिपात किया, जो अतृप्त या असंतुष्ट नहीं थे। स्वामी के कार्य सिद्ध करने के लिये अत्यन्त फुर्ती की भी उनमें कमी नहीं थी तथा उनके वस्त्र और आभूषण भी निम्न श्रेणी के नहीं थे
English translation coming soon.
kūjitaṁ nūpurāṇāṁ ca kāñcīnāṁ niḥsvanaṁ tathā।
sa niśamya tataḥ śrīmān saumitrirlajjito'bhavat॥
नूपुरों की झनकार और करधनी की खनखनाहट सुनकर श्रीमान् सुमित्राकुमार लज्जित हो गये (परायी स्त्रियों पर दृष्टि पड़ने के कारण उन्हें स्वभावतः संकोच हुआ)
English translation coming soon.
roṣavegaprakupitaḥ śrutvā cābharaṇasvanam।
cakāra jyāsvanaṁ vīro diśaḥ śabdena pūrayan॥
तत्पश्चात् पुनः आभूषणों की झनकार सुनकर वीर लक्ष्मण रोष के आवेग से और भी कुपित हो उठे और उन्होंने अपने धनुष पर टंकार दी, जिसकी ध्वनि से समस्त दिशाएँ गूँज उठीं
English translation coming soon.
cāritreṇa mahābāhurapakṛṣṭaḥ sa lakṣmaṇaḥ।
tasthāvekāntamāśritya rāmakopasamanvitaḥ॥
रघुकुलोचित सदाचार का खयाल करके महाबाहु लक्ष्मण कुछ पीछे हट गये और एकान्त में जाकर खड़े हो गये। श्रीरामचन्द्रजी के कार्य की सिद्धि के लिये वहाँ कोई प्रयत्न होता न देख वे मन-ही-मन कुपित हो रहे थे
English translation coming soon.
tena cāpasvanenātha sugrīvaḥ plavagādhipaḥ।
vijñāyāgamanaṁ trastaḥ sa cacāla varāsanāt॥
धनुष की टंकार सुनकर वानरराज सुग्रीव समझ गये कि लक्ष्मण यहाँतक आ पहुँचे हैं। फिर तो वे भय से संत्रस्त होकर अपना सिंहासन छोड़कर खड़े हो गये
English translation coming soon.
aṅgadena yathā mahyaṁ purastāt prativeditam।
suvyaktameṣa samprāptaḥ saumitrirbhrātṛvatsalaḥ॥
वे मन-ही-मन सोचने लगे कि अङ्गद ने पहले मुझे जैसा बताया था, उसके अनुसार ये भ्रातृवत्सल सुमित्राकुमार लक्ष्मण अवश्य ही यहाँ आ गये
English translation coming soon.
aṅgadena samākhyāto jyāsvanena ca vānaraḥ।
bubudhe lakṣmaṇaṁ prāptaṁ mukhaṁ cāsya vyaśuṣyata॥
अङ्गद के द्वारा उनके आगमन का समाचार तो उन्हें पहले ही मिल गया था। अब धनुष की टंकार से वानर सुग्रीव को इस बात का प्रत्यक्ष अनुभव हो गया कि लक्ष्मण ने अवश्य यहाँ पदार्पण किया है। फिर तो उनका मुख सूख गया
English translation coming soon.
tatastārāṁ hariśreṣṭhaḥ sugrīvaḥ priyadarśanām।
uvāca hitamavyagrastrāsasambhrāntamānasaḥ॥
भय के कारण वे मन-ही-मन घबरा उठे। (लक्ष्मण के सामने जाने का उन्हें साहस न हुआ।) तथापि किसी तरह धैर्य धारण करके वानरश्रेष्ठ सुग्रीव परम सुन्दरी तारा से हित की बात बोले—
English translation coming soon.
kiṁ nu ruṭkāraṇaṁ subhru prakṛtyā mṛdumānasaḥ।
saroṣa iva samprāpto yenāyaṁ rāghavānujaḥ॥
‘सुन्दरि! इनके रोष का क्या कारण हो सकता है? जिससे स्वभावतः कोमल चित्त होने पर भी ये श्रीरघुनाथजी के छोटे भाई रुष्ट-से होकर यहाँ पधारे हैं
English translation coming soon.
kiṁ paśyasi kumārasya roṣasthānamanindite।
na khalvakāraṇe kopamāhennarapuṅgavaḥ॥
‘अनिन्दिते! तुम्हारे देखने में कुमार लक्ष्मण के रोष का आधार क्या है? ये मनुष्यों में श्रेष्ठ हैं। अतः बिना किसी कारण के निश्चय ही क्रोध नहीं कर सकते
English translation coming soon.
yadyasya kṛtamasmābhirbudhyase kiṁcidapriyam।
tadbuddhyā sampradhāryāśu kṣipramevābhidhīyatām॥
‘यदि हमलोगों ने इनका कोई अपराध किया हो और तुम्हें उसका पता हो तो अपनी बुद्धि से विचारकर शीघ्र ही बताओ
English translation coming soon.
athavā svayamevainaṁ draṣṭumarhasi bhāmini।
vacanaiḥ sāntvayuktaiśca prasādayitumarhasi॥
‘अथवा भामिनि! तुम स्वयं ही जाकर लक्ष्मण को देखो और सान्त्वनायुक्त बातें कहकर उन्हें प्रसन्न करने का प्रयत्न करो
English translation coming soon.
tvaddarśane viśuddhātmā na sma kopaṁ kariṣyati।
nahi strīṣu mahātmānaḥ kvacit kurvanti dāruṇam॥
‘उनका हृदय शुद्ध है। तुम्हारे सामने वे क्रोध नहीं करेंगे; क्योंकि महात्मा पुरुष स्त्रियों के प्रति कभी कठोर बर्ताव नहीं करते हैं
English translation coming soon.
tvayā sāntvairupakrāntaṁ prasannendriyamānasam।
tataḥ kamalapatrākṣaṁ drakṣyāmyahamariṁdamam॥
‘जब तुम उनके पास जाकर मीठे वचनों से उन्हें शान्त कर दोगी और जब उनका मन स्वस्थ एवं इन्द्रियाँ प्रसन्न हो जायँगी, उस समय मैं उन शत्रुदमन कमलनयन लक्ष्मण का दर्शन करूँगा’
English translation coming soon.
sā praskhalantī madavihvalākṣī
pralambakāñcīguṇahemasūtrā।
salakṣaṇā lakṣmaṇasaṁnidhānaṁ
jagāma tārā namitāṅgayaṣṭiḥ॥
सुग्रीव के ऐसा कहने पर शुभलक्षणा तारा लक्ष्मण के पास गयी। उसका पतला शरीर स्वाभाविक संकोच एवं विनय से झुका हुआ था। उसके नेत्र मद से चञ्चल हो रहे थे, पैर लड़खड़ा रहे थे और उसकी करधनी के सुवर्णमय सूत्र लटक रहे थे
English translation coming soon.
sa tāṁ samīkṣyaiva harīśapatnīṁ
tasthāvudāsīnatayā mahātmā।
avāṅmukho'bhūnmanujendraputraḥ
strīsaṁnikarṣād vinivṛttakopaḥ॥
वानरराज की पत्नी तारा पर दृष्टि पड़ते ही राजकुमार महात्मा लक्ष्मण अपना मुँह नीचा करके उदासीन भाव से खड़े हो गये। स्त्री के समीप होने से उनका क्रोध दूर हो गया
English translation coming soon.
sā pānayogācca nivṛttalajjā
dṛṣṭiprasādācca narendrasūnoḥ।
uvāca tārā praṇayapragalbhaṁ
vākyaṁ mahārthaṁ parisāntvarūpam॥
मधुपान के कारण तारा को नारीसुलभ लज्जा निवृत्त हो गयी थी। उसे राजकुमार लक्ष्मण की दृष्टि में कुछ प्रसन्नता का आभास मिला। इसलिये उसने स्नेहजनित निर्भीकता के साथ महान् अर्थ से युक्त यह सान्त्वनापूर्ण बात कही—
English translation coming soon.
kiṁ kopamūlaṁ manujendraputra
kaste na saṁtiṣṭhati vāṅnideśe।
kaḥ śuṣkavṛkṣaṁ vanamāpatantaṁ
dāvāgnimāsīdati nirviśaṅkaḥ॥
‘राजकुमार! आपके क्रोध का क्या कारण है? कौन आपकी आज्ञा के अधीन नहीं है? कौन निडर होकर सूखे वृक्षों से भरे हुए वन के भीतर चारों ओर फैलते हुए दावानल में प्रवेश कर रहा है ?’
English translation coming soon.
sa tasyā vacanaṁ śrutvā sāntvapūrvamaśaṅkitaḥ।
bhūyaḥ praṇayadṛṣṭārthaṁ lakṣmaṇo vākyamabravīt॥
तारा के इस वचन में सान्त्वना भरी थी। उसमें अधिक प्रेमपूर्वक हृदय का भाव प्रकट किया गया था। उसे सुनकर लक्ष्मण के हृदय की आशङ्का जाती रही। वे कहने लगे—
English translation coming soon.
kimayaṁ kāmavṛttaste luptadharmārthasaṁgrahaḥ।
bhartā bhartṛhite yukte na cainamavabudhyase॥
‘अपने स्वामी के हित में संलग्न रहनेवाली तारा! तुम्हारा यह पति विषय-भोग में आसक्त होकर धर्म और अर्थ के संग्रह का लोप कर रहा है। क्या तुम्हें इसकी इस अवस्था का पता नहीं है? तुम इसे समझाती क्यों नहीं ?
English translation coming soon.
na cintayati rājyārthaṁ so'smān śokaparāyaṇān।
sāmātyapariṣat tāre kāmamevopasevate॥
‘तारे! सुग्रीव अपने राज्य की स्थिरता के लिये ही प्रयास करता है। हमलोग शोक में डूबे हुए हैं, परंतु हमारी इसे तनिक भी चिन्ता नहीं होती है। यह अपने मन्त्रियों तथा राज-सभा के सदस्योंसहित केवल विषय-भोगों का ही सेवन कर रहा है
English translation coming soon.
sa māsāṁścaturaḥ kṛtvā pramāṇaṁ plavageśvaraḥ।
vyatītāṁstān madodagro viharan nāvabudhyate॥
‘वानरराज सुग्रीव ने चार महीनों की अवधि निश्चित की थी। वे कभी बीत गये, परंतु वह मधुपान के मद से अत्यन्त उन्मत्त होकर स्त्रियों के साथ क्रीडा-विहार कर रहा है। उसे बीते हुए समय का पता ही नहीं है
English translation coming soon.
nahi dharmārthasiddhyarthaṁ pānamevaṁ praśasyate।
pānādarthaśca kāmaśca dharmaśca parihīyate॥
‘धर्म और अर्थ की सिद्धि के निमित्त प्रयत्न करनेवाले पुरुष के लिये इस तरह मद्यपान अच्छा नहीं माना जाता है; क्योंकि मद्यपान से अर्थ, धर्म और काम तीनों का नाश होता है
English translation coming soon.
dharmalopo mahāṁstāvat kṛte hyapratikurvataḥ।
arthalopaśca mitrasya nāśe guṇavato mahān॥
‘मित्र के किये हुए उपकार का यदि अवसर आने पर भी बदला न चुकाया जाय तो धर्म की हानि तो होती ही है। गुणवान् मित्र के साथ मित्रता का नाता टूट जाने पर अपने अर्थ की भी बहुत बड़ी हानि उठानी पड़ती है
English translation coming soon.
mitraṁ hyarthaguṇaśreṣṭhaṁ satyadharmaparāyaṇam।
taddvayaṁ tu parityaktaṁ na tu dharme vyavasthitam॥
‘मित्र दो प्रकार के होते हैं—एक तो अपने मित्र के अर्थसाधन में तत्पर होता है और दूसरा सत्य एवं धर्म के ही आश्रित रहता है। तुम्हारे स्वामी ने मित्र के दोनों ही गुणों का परित्याग कर दिया है। वह न तो मित्र का कार्य सिद्ध करता है और न स्वयं ही धर्म में स्थित है
English translation coming soon.
tadevaṁ prastute kārye kāryamasmābhiruttaram।
tat kāryaṁ kāryatattvajñe tvamudāhartumarhasi॥
‘ऐसी स्थिति में प्रस्तुत कार्य की सिद्धि के लिये हमलोगों को भविष्य में क्या करना चाहिये ? हमारे लिये जो समुचित कर्तव्य हो, उसे तुम्हीं बताओ; क्योंकि तुम कार्य के तत्त्व को जानती हो’
English translation coming soon.
sā tasya dharmārthasamādhiyuktaṁ
niśamya vākyaṁ madhurasvabhāvam।
tārā gatārthaṁ manujendrakārye
viśvāsayuktaṁ tamuvāca bhūyaḥ॥
लक्ष्मण का वचन धर्म और अर्थ के निश्चय से संयुक्त था। उससे उनके मधुर स्वभाव का परिचय मिल रहा था। उसे सुनकर तारा भगवान् श्रीरामचन्द्रजी के कार्य के विषय में, जिसका प्रयोजन उसे ज्ञात हो चुका था, पुनः लक्ष्मण से विश्वास के योग्य बात बोली—
English translation coming soon.
na kopakālaḥ kṣitipālaputra
na cāpi kopaḥ svajane vidheyaḥ।
tvadarthakāmasya janasya tasya
pramādamapyarhasi vīra soḍhum॥
‘वीर राजकुमार! यह क्रोध करने का समय नहीं है। आत्मीय जनों पर क्रोध करना भी नहीं चाहिये। सुग्रीव के मन में सदा आपका कार्य सिद्ध करने की इच्छा बनी रहती है। अतः यदि उनसे कोई भूल भी हो जाय तो उसे आपको क्षमा करना चाहिये
English translation coming soon.
kopaṁ kathaṁ nāma guṇaprakṛṣṭaḥ
kumāra kuryādapakṛṣṭasattve।
kastvadvidhaḥ kopavaśaṁ hi gacchet
sattvāvaruddhastapasaḥ prasūtiḥ॥
‘कुमार! गुणों में श्रेष्ठ पुरुष किसी हीन गुणवाले प्राणी पर क्रोध कैसे कर सकता है? जो सत्त्वगुण से अवरुद्ध होने के कारण शास्त्र-विपरीत व्यापार में लग नहीं सकता, अतएव जो सद्विचार को जन्म देनेवाला है, वह आप-जैसा कौन पुरुष क्रोध के वशीभूत हो सकता है ?
English translation coming soon.
jānāmi kopaṁ harivīrabandho-
rjānāmi kāryasya ca kālasaṅgam।
jānāmi kāryaṁ tvayi yatkṛtaṁ na-
staccāpi jānāmi yadatra kāryam॥
‘वानरवीर सुग्रीव के मित्र भगवान् श्रीराम के क्रोध का कारण मैं जानती हूँ। उनके कार्य में जो विलम्ब हुआ है, उससे भी मैं अपरिचित नहीं हूँ। सुग्रीव का जो कार्य आपके अधीन था और जिसे आपलोगों ने पूरा किया है, उसका भी मुझे पता है तथा इस समय जो आपका कार्य प्रस्तुत है, उसके विषय में हमलोगों का क्या कर्तव्य है, इसका भी मुझे अच्छी तरह ज्ञान है
English translation coming soon.
taccāpi jānāmi tathāviṣahyaṁ
balaṁ naraśreṣṭha śarīrajasya।
jānāmi yasmiṁśca jane'vabaddhaṁ
kāmena sugrīvamasaktamadya॥
‘नरश्रेष्ठ! इस शरीर में उत्पन्न हुए काम का जो असह्य बल है, उसको भी मैं जानती हूँ तथा उस कामद्वारा आबद्ध होकर सुग्रीव जहाँ आसक्त हो रहे हैं, वह भी मुझे मालूम है। साथ ही इस बात से भी मैं परिचित हूँ कि कामासक्ति के कारण ही इन दिनों सुग्रीव का मन दूसरे किसी काम में नहीं लगता
English translation coming soon.
na kāmatantre tava buddhirasti
tvaṁ vai yathā manyuvaśaṁ prapannaḥ।
na deśakālau hi yathārthadharmā-
vavekṣate kāmaratirmanuṣyaḥ॥
‘आप जो क्रोध के वशीभूत हो गये हैं, इससे जान पड़ता है कि काम के अधीन हुए पुरुष की स्थिति का आपको बिलकुल ज्ञान नहीं है, वानर की तो बात ही क्या है? कामासक्त मनुष्य को भी देश, काल, अर्थ और धर्म का ज्ञान नहीं रह जाता—उनकी ओर उसकी दृष्टि नहीं जाती है
English translation coming soon.
taṁ kāmavṛttaṁ mama saṁnikṛṣṭaṁ
kāmābhiyogācca vimuktalajjam।
kṣamasva tāvat paravīrahanta-
stvadbhrātaraṁ vānaravaṁśanātham॥
‘विपक्षी वीरों का विनाश करनेवाले राजकुमार! वानरराज सुग्रीव विषय-भोग में आसक्त होकर इस समय मेरे ही पास थे। काम के आवेश में उन्होंने अपनी लज्जा का परित्याग कर दिया है, तो भी उन्हें अपना भाई समझकर क्षमा कीजिये
English translation coming soon.
maharṣayo dharmatapo'bhirāmāḥ
kāmānukāmāḥ pratibaddhamohāḥ।
ayaṁ prakṛtyā capalaḥ kapistu
kathaṁ na sajjeta sukheṣu rājā॥
‘जो निरन्तर धर्म और तपस्या में ही संलग्न रहते हैं, जिन्होंने मोह को अवरुद्ध कर दिया है—अविवेक को दूर भगा दिया है, वे महर्षि भी कभी-कभी विषयाभिलाषी हो जाते हैं; फिर जो स्वभाव से ही चञ्चल वानर हैं, वह राजा सुग्रीव सुख-भोग में क्यों न आसक्त हों ?’
English translation coming soon.
ityevamuktvā vacanaṁ mahārthaṁ
sā vānarī lakṣmaṇamaprameyam।
punaḥ sakhedaṁ madavihvalākṣī
bharturhitaṁ vākyamidaṁ babhāṣe॥
अप्रमेय शक्तिशाली लक्ष्मण से इस प्रकार महान् अर्थ से युक्त बात कहकर मद से चञ्चल नेत्रवाली वानरपत्नी तारा ने पुनः खेदपूर्वक स्वामी के लिये यह हितकर वचन कहा—
English translation coming soon.
udyogastu cirājñaptaḥ sugrīveṇa narottama।
kāmasyāpi vidheyena tavārthapratisādhane॥
‘नरश्रेष्ठ! यद्यपि सुग्रीव इस समय काम के गुलाम हो रहे हैं, तथापि इन्होंने आपका कार्य सिद्ध करने के लिये बहुत पहले से ही उद्योग आरम्भ करने की आज्ञा दे रखी है
English translation coming soon.
āgatā hi mahāvīryā harayaḥ kāmarūpiṇaḥ।
koṭīḥ śatasahasrāṇi nānānaganivāsinaḥ॥
‘इसके फलस्वरूप इस समय विभिन्न पर्वतों पर निवास करनेवाले लाखों और करोड़ों वानर, जो इच्छानुसार रूप धारण करने में समर्थ एवं महान् पराक्रमी हैं, यहाँ उपस्थित हुए हैं
English translation coming soon.
tadāgaccha mahābāho cāritraṁ rakṣitaṁ tvayā।
acchalaṁ mitrabhāvena satāṁ dārāvalokanam॥
‘महाबाहो! (दूसरे की स्त्रियों को देखना अनुचित समझकर जो आप भीतर नहीं आये, बाहर ही खड़े रह गये—इसके द्वारा) आपने सदाचार की रक्षा की है; अतः अब भीतर आइये। मित्रभाव से स्त्रियों की ओर देखना (उनके प्रति माता-बहन आदि का भाव रखकर दृष्टि डालना) सत्पुरुषों के लिये अधर्म नहीं है’
English translation coming soon.
tārayā cābhyanujñātastvarayā vāpi coditaḥ।
praviveśa mahābāhurabhyantaramariṁdamaḥ॥
तारा के आग्रह और कार्य की जल्दी से प्रेरित होकर शत्रुदमन महाबाहु लक्ष्मण सुग्रीव के महल के भीतर गये
English translation coming soon.
tataḥ sugrīvamāsīnaṁ kāñcane paramāsane।
mahārhāstaraṇopete dadarśādityasaṁnibham॥
वहाँ जाकर उन्होंने देखा, एक सोने के सिंहासन पर बहुमूल्य बिछौना बिछा है और वानरराज सुग्रीव सूर्यतुल्य तेजस्वी रूप धारण किये उसके ऊपर विराजमान हैं
English translation coming soon.
divyābharaṇacitrāṅgaṁ divyarūpaṁ yaśasvinam।
divyamālyāmbaradharaṁ mahendramiva durjayam॥
उस समय दिव्य आभूषणों के कारण उनके शरीर की विचित्र शोभा हो रही थी। दिव्यरूपधारी यशस्वी सुग्रीव दिव्य मालाएँ और दिव्य वस्त्र धारण करके दुर्जय वीर देवराज इन्द्र के समान दिखायी दे रहे थे
English translation coming soon.
divyābharaṇamālyābhiḥ pramadābhiḥ samāvṛtam।
saṁrabdhatararaktākṣo babhūvāntakasaṁnibhaḥ॥
दिव्य आभूषणों और मालाओं से अलंकृत युवती स्त्रियाँ उन्हें चारों ओर से घेरकर खड़ी थीं। उन्हें इस अवस्था में देख लक्ष्मण के नेत्र रोषावेश के कारण लाल हो गये। वे उस समय यमराज के समान भयंकर प्रतीत होने लगे
English translation coming soon.
rumāṁ tu vīraḥ parirabhya gāḍhaṁ
varāsanastho varahemavarṇaḥ।
dadarśa saumitrimadīnasattvaṁ
viśālanetraḥ sa viśālanetram॥
सुन्दर सुवर्ण के समान कान्ति और विशाल नेत्रवाले वीर सुग्रीव अपनी पत्नी रुमा को गाढ आलिङ्गनपाश में बाँधे हुए एक श्रेष्ठ आसन पर विराजमान थे। उसी अवस्था में उन्होंने उदार हृदय और विशाल नेत्रवाले सुमित्राकुमार लक्ष्मण को देखा
English translation coming soon.
इत्यार्षे श्रीमद्रामायणे वाल्मीकीये आदिकाव्ये किष्किन्धाकाण्डे त्रयस्त्रिंशः सर्गः॥ ३३ ॥
इस प्रकार श्रीवाल्मीकिनिर्मित आर्षरामायण आदिकाव्यके किष्किन्धाकाण्डमें तैंतीसवाँ सर्ग पूरा हुआ॥ ३३ ॥