सुग्रीवपर लक्ष्मणका रोष, श्रीरामका उन्हें समझाना, लक्ष्मणका किष्किन्धाके द्वारपर जाकर अङ्गदको सुग्रीवके पास भेजना, वानरोंका भय तथा प्लक्ष और प्रभावका सुग्रीवको कर्तव्यका उपदेश देना
sa kāminaṁ dīnamadīnasattvaṁ śokābhipannaṁ samudīrṇakopam।
narendrasūnurnaradevaputraṁ rāmānujaḥ pūrvajamityuvāca॥
श्रीराम के छोटे भाई नरेन्द्रकुमार लक्ष्मण ने उस समय सीता की कामना से युक्त, दुःखी, उदारहृदय, शोकग्रस्त तथा बढ़े हुए रोषवाले ज्येष्ठ भ्राता महाराजपुत्र श्रीराम से इस प्रकार कहा—
English translation coming soon.
na vānaraḥ sthāsyati sādhuvṛtte na manyate karmaphalānuṣaṅgān।
na bhokṣyate vānararājyalakṣmīṁ tathā hi nātikramate'sya buddhiḥ॥
‘आर्य! सुग्रीव वानर है, वह श्रेष्ठ पुरुषों के लिये उचित सदाचार पर स्थिर नहीं रह सकेगा। सुग्रीव इस बात को भी नहीं मानता है कि अग्नि को साक्षी देकर श्रीरघुनाथजी के साथ मित्रता-स्थापनरूप जो सत्-कर्म किया गया है, उसीके फल से मुझे निष्कण्टक राज्यभोग प्राप्त हुए हैं। अतः वह वानरों की राज्य-लक्ष्मी का पालन एवं उपभोग नहीं कर सकेगा; क्योंकि उसकी बुद्धि मित्रधर्म के पालन के लिये अधिक आगे नहीं बढ़ रही है
English translation coming soon.
matikṣayād grāmyasukheṣu saktastava prasādāt pratikārabuddhiḥ।
hato'grajaṁ paśyatu vīravālinaṁ na rājyamevaṁ viguṇasya deyam॥
‘सुग्रीव की बुद्धि मारी गयी है, इसलिये वह विषयभोगों में आसक्त हो गया है। आपकी कृपा से जो उसे राज्य आदि का लाभ हुआ है, उस उपकार का बदला चुकाने की उसकी नीयत नहीं है। अतः अब वह भी मारा जाकर अपने बड़े भाई वीरवर वाली का दर्शन करे। ऐसे गुणहीन पुरुष को राज्य नहीं देना चाहिये
English translation coming soon.
na dhāraye kopamudīrṇavegaṁ nihanmi sugrīvamasatyamadya।
haripravīraiḥ saha vāliputro narendraputryā vicayaṁ karotu॥
‘मेरे क्रोध का वेग बढ़ा हुआ है। मैं इसे रोक नहीं सकता। असत्यवादी सुग्रीव को आज ही मारे डालता हूँ। अब वालिकुमार अङ्गद ही राजा होकर प्रधान वानर-वीरों के साथ राजकुमारी सीता की खोज करे’
English translation coming soon.
tamāttabāṇāsanamutpatantaṁ niveditārthaṁ raṇacaṇḍakopam।
uvāca rāmaḥ paravīrahantā svavīkṣitaṁ sānunayaṁ ca vākyam॥
यों कहकर लक्ष्मण धनुष-बाण हाथ में ले बड़े वेग से चल पड़े। उन्होंने अपने जाने का प्रयोजन स्पष्ट शब्दों में निवेदन कर दिया था। युद्ध के लिये उनका प्रचण्ड कोप बढ़ा हुआ था तथा वे क्या करने जा रहे हैं, इस पर उन्होंने अच्छी तरह विचार नहीं किया था। उस समय विपक्षी वीरों का संहार करनेवाले श्रीरामचन्द्रजी ने उन्हें शान्त करने के लिये यह अनुनययुक्त बात कही—
English translation coming soon.
nahi vai tvadvidho loke pāpamevaṁ samācaret।
kopamāryeṇa yo hanti sa vīraḥ puruṣottamaḥ॥
‘सुमित्रानन्दन! तुम-जैसे श्रेष्ठ पुरुष को संसार में ऐसा (मित्रवधरूप) निषिद्ध आचरण नहीं करना चाहिये। जो उत्तम विवेक के द्वारा अपने क्रोध को मार देता है, वह वीर समस्त पुरुषों में श्रेष्ठ है
English translation coming soon.
nedamatra tvayā grāhyaṁ sādhuvṛttena lakṣmaṇa।
tāṁ prītimanuvartasva pūrvavṛttaṁ ca saṁgatam॥
‘लक्ष्मण! तुम सदाचारी हो। तुम्हें इस प्रकार सुग्रीव के मारने का निश्चय नहीं करना चाहिये। उसके प्रति जो तुम्हारा प्रेम था, उसीका अनुसरण करो और उसके साथ पहले जो मित्रता की गयी है, उसे निबाहो
English translation coming soon.
sāmopahitayā vācā rūkṣāṇi parivarjayan।
vaktumarhasi sugrīvaṁ vyatītaṁ kālaparyaye॥
‘तुम्हें सान्त्वनापूर्ण वाणीद्वारा कटु वचनों का परित्याग करते हुए सुग्रीव से इतना ही कहना चाहिये कि तुमने सीता की खोज के लिये जो समय नियत किया था, वह बीत गया (फिर भी चुप क्यों बैठे हो)’
English translation coming soon.
so'grajenānuśiṣṭārtho yathāvat puruṣarṣabhaḥ।
praviveśa purīṁ vīro lakṣmaṇaḥ paravīrahā॥
अपने बड़े भाई के इस प्रकार यथोचित रूप से समझाने पर शत्रुवीरों का संहार करनेवाले पुरुषप्रवर वीर लक्ष्मण ने किष्किन्धापुरी में प्रवेश (करने का विचार) किया
English translation coming soon.
tataḥ śubhamatiḥ prājño bhrātuḥ priyahite rataḥ।
lakṣmaṇaḥ pratisaṁrabdho jagāma bhavanaṁ kapeḥ॥
भाई के प्रिय और हित में तत्पर रहनेवाले शुभ बुद्धि से युक्त बुद्धिमान् लक्ष्मण रोष में भरे हुए ही वानरराज सुग्रीव के भवन की ओर चले
English translation coming soon.
śakrabāṇāsanaprakhyaṁ dhanuḥ kālāntakopamam।
pragṛhya giriśṛṅgābhaṁ mandaraḥ sānumāniva॥
उस समय वे इन्द्रधनुष के समान तेजस्वी, काल और अन्तक के समान भयंकर तथा पर्वत-शिखर के समान विशाल धनुष को हाथ में लेकर शृङ्गसहित मन्दराचल के समान जान पड़ते थे
English translation coming soon.
yathoktakārī vacanamuttaraṁ caiva sottaram।
bṛhaspatisamo buddhyā matvā rāmānujastadā॥
श्रीराम के अनुज लक्ष्मण अपने बड़े भाई की आज्ञा का यथोक्तरूप से पालन करनेवाले तथा बृहस्पति के समान बुद्धिमान् थे। वे सुग्रीव से जो बात कहते, सुग्रीव उसका जो कुछ उत्तर देते और उस उत्तर का भी ये जो कुछ उत्तर देते, उन सबको अच्छी तरह समझ-बूझकर वहाँ से प्रस्थित हुए थे
English translation coming soon.
kāmakrodhasamutthena bhrātuḥ krodhāgninā vṛtaḥ।
prabhañjana ivāprītaḥ prayayau lakṣmaṇastataḥ॥
सीता की खोजविषयक जो श्रीराम की कामना थी और सुग्रीव की असावधानी के कारण उसमें बाधा पड़ने से जो उन्हें क्रोध हुआ था, उन दोनों के कारण लक्ष्मण की भी क्रोधाग्नि भड़क उठी थी। उस क्रोधाग्नि से घिरे हुए लक्ष्मण सुग्रीव के प्रति प्रसन्न नहीं थे। वे उसी अवस्था में वायु के समान वेग से चले
English translation coming soon.
sālatālāśvakarṇāṁśca tarasā pātayan balāt।
paryasyan girikūṭāni drumānanyāṁśca vegitaḥ॥
उनका वेग ऐसा बढ़ा हुआ था कि वे मार्ग में मिलनेवाले साल, ताल और अश्वकर्ण नामक वृक्षों को उसी वेग से बलपूर्वक गिराते तथा पर्वतशिखरों एवं अन्य वृक्षों को उठा-उठाकर दूर फेंकते जाते थे
English translation coming soon.
śilāśca śakalīkurvan padbhyāṁ gaja ivāśugaḥ।
dūramekapadaṁ tyaktvā yayau kāryavaśād drutam॥
शीघ्रगामी हाथी के समान अपने पैरों की ठोकर से शिलाओं को चूर-चूर करते और लंबी-लंबी डगें भरते हुए वे कार्यवश बड़ी तेजी के साथ चले
English translation coming soon.
tāmapaśyad balākīrṇāṁ harirājamahāpurīm।
durgāmikṣvākuśārdūlaḥ kiṣkindhāṁ girisaṁkaṭe॥
इक्ष्वाकुकुल के सिंह लक्ष्मण ने निकट जाकर वानरराज सुग्रीव की विशाल पुरी किष्किन्धा देखी, जो पहाड़ों के बीच में बसी हुई थी। वानरसेना से व्याप्त होने के कारण वह पुरी दूसरों के लिये दुर्गम थी
English translation coming soon.
roṣāt prasphuramāṇoṣṭhaḥ sugrīvaṁ prati lakṣmaṇaḥ।
dadarśa vānarān bhīmān kiṣkindhāyāṁ bahiścarān॥
उस समय लक्ष्मण के ओष्ठ सुग्रीव के प्रति रोष से फड़क रहे थे। उन्होंने किष्किन्धा के पास बहुतेरे भयंकर वानरों को देखा जो नगर के बाहर विचर रहे थे
English translation coming soon.
taṁ dṛṣṭvā vānarāḥ sarve lakṣmaṇaṁ puruṣarṣabham।
śailaśṛṅgāṇi śataśaḥ pravṛddhāṁśca mahīruhān।
jagṛhuḥ kuñjaraprakhyā vānarāḥ parvatāntare॥
उन वानरों के शरीर हाथियों के समान विशाल थे। उन समस्त वानरों ने पुरुषप्रवर लक्ष्मण को देखते ही पर्वत के अंदर विद्यमान सैकड़ों शैल-शिखर और बड़े-बड़े वृक्ष उठा लिये
English translation coming soon.
tān gṛhītapraharaṇān sarvān dṛṣṭvā tu lakṣmaṇaḥ।
babhūva dviguṇaṁ kruddho bahvindhana ivānalaḥ॥
उन सबको हथियार उठाते देख लक्ष्मण दूने क्रोध से जल उठे, मानो जलती आग में बहुत-सी सूखी लकड़ियाँ डाल दी गयी हों
English translation coming soon.
taṁ te bhayaparītāṅgā kṣubdhaṁ dṛṣṭvā plavaṁgamāḥ।
kālamṛtyuyugāntābhaṁ śataśo vidrutā diśaḥ॥
क्षुब्ध हुए लक्ष्मण काल, मृत्यु तथा प्रलयकालीन अग्नि के समान भयंकर दिखायी देने लगे। उन्हें देखकर उन वानरों के शरीर भय से काँपने लगे और वे सैकड़ों की संख्या में चारों दिशाओं में भाग गये
English translation coming soon.
tataḥ sugrīvabhavanaṁ praviśya haripuṁgavāḥ।
krodhamāgamanaṁ caiva lakṣmaṇasya nyavedayan॥
तदनन्तर कई श्रेष्ठ वानरों ने सुग्रीव के महल में जाकर लक्ष्मण के आगमन और क्रोध का समाचार निवेदन किया
English translation coming soon.
tārayā sahitaḥ kāmī saktaḥ kapivṛṣastadā।
na teṣāṁ kapisiṁhānāṁ śuśrāva vacanaṁ tadā॥
उस समय काम के अधीन हुए वानरराज सुग्रीव भोगासक्त हो तारा के साथ थे। इसलिये उन्होंने उन श्रेष्ठ वानरों की बातें नहीं सुनीं
English translation coming soon.
tataḥ sacivasaṁdiṣṭā harayo romaharṣaṇāḥ।
girikuñjarameghābhā nagarānniryayustadā॥
तब सचिव की आज्ञा से पर्वत, हाथी और मेघ के समान विशालकाय वानर जो रोंगटे खड़े कर देनेवाले थे, नगर से बाहर निकले
English translation coming soon.
nakhadaṁṣṭrāyudhāḥ sarve vīrā vikṛtadarśanāḥ।
sarve śārdūladaṁṣṭrāśca sarve vivṛtadarśanāḥ॥
वे सब-के-सब वीर थे। नख और दाँत ही उनके आयुध थे। वे बड़े विकराल दिखायी देते थे। उन सबकी दाढ़ें व्याघ्रों की दाढ़ों के समान थीं और सबके नेत्र खुले हुए थे (अथवा उन सबका वहाँ स्पष्ट दर्शन होता था—कोई छिपे नहीं थे)
English translation coming soon.
daśanāgabalāḥ kecit kecid daśaguṇottarāḥ।
kecinnāgasahasrasya babhūvustulyavarcasaḥ॥
किन्हींमें दस हाथियों के बराबर बल था तो कोई सौ हाथियों के समान बलशाली थे तथा किन्हीं-किन्हींका तेज (बल और पराक्रम) एक हजार हाथियों के तुल्य था
English translation coming soon.
tatastaiḥ kapibhirvyāptāṁ drumahastairmahābalaiḥ।
apaśyallakṣmaṇaḥ kruddhaḥ kiṣkindhāṁ tāṁ durāsadām॥
हाथ में वृक्ष लिये उन महबली वानरों से व्याप्त हुई किष्किन्धापुरी अत्यन्त दुर्जय दिखायी देती थी। लक्ष्मण ने कुपित होकर उस पुरी की ओर देखा
English translation coming soon.
tataste harayaḥ sarve prākāraparikhāntarāt।
niṣkramyodagrasattvāstu tasthurāviṣkṛtaṁ tadā॥
तदनन्तर वे सभी महाबली वानर पुरी की चहारदीवारी और खाई के भीतर से निकलकर प्रकटरूप से सामने आकर खड़े हो गये
English translation coming soon.
sugrīvasya pramādaṁ ca pūrvajasyārthamātmavān।
dṛṣṭvā krodhavaśaṁ vīraḥ punareva jagāma saḥ॥
आत्मसंयमी वीर लक्ष्मण सुग्रीव के प्रमाद तथा अपने बड़े भाई के महत्त्वपूर्ण कार्य पर दृष्टिपात करके पुनः वानरराज के प्रति क्रोध के वशीभूत हो गये
English translation coming soon.
sa dīrghoṣṇamahocchvāsaḥ kopasaṁraktalocanaḥ।
babhūva naraśārdūlaḥ sadhūma iva pāvakaḥ॥
वे अधिक गरम और लंबी साँस खींचने लगे। उनके नेत्र क्रोध से लाल हो गये। उस समय पुरुषसिंह लक्ष्मण धूमयुक्त अग्नि के समान प्रतीत हो रहे थे
English translation coming soon.
bāṇaśalyasphurajjihvaḥ sāyakāsanabhogavān।
svatejoviṣasambhūtaḥ pañcāsya iva pannagaḥ॥
इतना ही नहीं, वे पाँच मुखवाले सर्प के समान दिखायी देने लगे। बाण का फल ही उस सर्प की लपलपाती हुई जिह्वा जान पड़ता था, धनुष ही उसका विशाल शरीर था तथा वे सर्परूपी लक्ष्मण अपने तेजोमय विष से व्याप्त हो रहे थे
English translation coming soon.
taṁ dīptamiva kālāgniṁ nāgendramiva kopitam।
samāsādyāṅgadastrāsād viṣādamagamat param॥
उस अवसर पर कुमार अङ्गद प्रज्वलित प्रलयाग्नि तथा क्रोध में भरे हुए नागराज शेष की भाँति दृष्टिगोचर होनेवाले लक्ष्मण के पास डरते-डरते गये। वे अत्यन्त विषाद में पड़ गये थे
English translation coming soon.
so'ṅgadaṁ roṣatāmrākṣaḥ saṁdideśa mahāyaśāḥ।
sugrīvaḥ kathyatāṁ vatsa mamāgamanamityuta॥
संयुक्त अनुवाद ↓joint translation ↓
eṣa rāmānujaḥ prāptastvatsakāśamariṁdama।
bhrāturvyasanasaṁtapto dvāri tiṣṭhati lakṣmaṇaḥ॥
संयुक्त अनुवाद ↓joint translation ↓
tasya vākyaṁ yadi ruciḥ kriyatāṁ sādhu vānara।
ityuktvā śīghramāgaccha vatsa vākyamariṁdama॥
महायशस्वी लक्ष्मण ने क्रोध से लाल आँखें करके अङ्गद को आदेश दिया—‘बेटा! सुग्रीव को मेरे आने की सूचना दो। उनसे कहना—शत्रुदमन वीर! श्रीरामचन्द्रजी के छोटे भाई लक्ष्मण अपने भ्राता के दुःख से दुःखी होकर आपके पास आये हैं और नगर-द्वार पर खड़े हैं। वानरराज! यदि आपकी इच्छा हो तो उनकी आज्ञा का अच्छी तरह पालन कीजिये। शत्रुदमन वत्स अङ्गद! बस, इतना ही कहकर तुम शीघ्र मेरे पास लौट आओ’
English translation coming soon.
lakṣmaṇasya vacaḥ śrutvā śokāviṣṭo'ṅgado'bravīt।
pituḥ samīpamāgamya saumitrirayamāgataḥ॥
लक्ष्मण की बात सुनकर शोकाकुल अङ्गद ने पिता सुग्रीव के समीप आकर कहा—‘तात! ये सुमित्रानन्दन लक्ष्मण यहाँ पधारे हैं’
English translation coming soon.
athāṅgadastasya sutīvravācā sambhrāntabhāvaḥ paridīnavaktraḥ।
nirgatya pūrvaṁ nṛpatestarasvī tato rumāyāścaraṇau vavande॥
(अब इसी बात को कुछ विस्तार के साथ कहते हैं—) लक्ष्मण की कठोर वाणी से अङ्गद के मन में बड़ी घबराहट हुई। उनके मुख पर अत्यन्त दीनता छा गयी। उन वेगशाली कुमार ने वहाँ से निकलकर पहले वानरराज सुग्रीव के, फिर तारा तथा रुमा के चरणों में प्रणाम किया
English translation coming soon.
saṁgṛhya pādau piturugratejā jagrāha mātuḥ punareva pādau।
pādau rumāyāśca nipīḍayitvā nivedayāmāsa tatastadartham॥
उग्र तेजवाले अङ्गद ने पहले तो पिता के दोनों पैर पकड़े फिर अपनी माता तारा के दोनों चरणों का स्पर्श किया। तदनन्तर रुमा के दोनों पैर दबाये। इसके बाद पूर्वोक्त बात कही
English translation coming soon.
sa nidrāklāntasaṁvīto vānaro na vibuddhavān।
babhūva madamattaśca madanena ca mohitaḥ॥
किंतु सुग्रीव मदमत्त एवं काम से मोहित होकर पड़े थे। निद्रा ने उनके ऊपर पूरा अधिकार जमा लिया था। इसलिये वे जाग न सके
English translation coming soon.
tataḥ kilakilāṁ cakrurlakṣmaṇaṁ prekṣya vānarāḥ।
prasādayantastaṁ kruddhaṁ bhayamohitacetasaḥ॥
इतने में बाहर क्रोध में भरे हुए लक्ष्मण को देखकर भय से मोहितचित्त हुए वानर उन्हें प्रसन्न करने के लिये दीनतासूचक वाणी में किलकिलाने लगे
English translation coming soon.
te mahaughanibhaṁ dṛṣṭvā vajrāśanisamasvanam।
siṁhanādaṁ samaṁ cakrurlakṣmaṇasya samīpataḥ॥
लक्ष्मण पर दृष्टि पड़ते ही उन वानरों ने सुग्रीव के निकटवर्ती स्थान में एक साथ ही महान् जलप्रवाह तथा वज्र की गड़गड़ाहट के समान जोर-जोर से सिंहनाद किया (जिससे सुग्रीव जाग उठें)
English translation coming soon.
tena śabdena mahatā pratyabudhyata vānaraḥ।
madavihvalatāmrākṣo vyākulaḥ sragvibhūṣaṇaḥ॥
वानरों की उस भयंकर गर्जना से कपिराज सुग्रीव की नींद खुल गयी। उस समय उनके नेत्र मद से चञ्चल और लाल हो रहे थे। मन भी स्वस्थ नहीं था। उनके गले में सुन्दर पुष्पमाला शोभा दे रही थी
English translation coming soon.
athāṅgadavacaḥ śrutvā tenaiva ca samāgatau।
mantriṇau vānarendrasya sammatodāradarśanau॥
संयुक्त अनुवाद ↓joint translation ↓
plakṣaścaiva prabhāvaśca mantriṇāvarthadharmayoḥ।
vaktumuccāvacaṁ prāptaṁ lakṣmaṇaṁ tau śaśaṁsatuḥ॥
अङ्गद की पूर्वोक्त बात सुनकर उन्हींके साथ आये हुए दो मन्त्री प्लक्ष और प्रभाव ने भी, जो वानरराज के सम्मानपात्र और उदार दृष्टिवाले थे तथा राजा को अर्थ और धर्म के विषय में ऊँच-नीच समझाने के लिये नियुक्त थे, लक्ष्मण के आगमन की सूचना दी
English translation coming soon.
prasādayitvā sugrīvaṁ vacanaiḥ sārthaniścitaiḥ।
āsīnaṁ paryupāsīnau yathā śakraṁ marutpatim॥
संयुक्त अनुवाद ↓joint translation ↓
satyasaṁdhau mahābhāgau bhrātarau rāmalakṣmaṇau।
manuṣyabhāvaṁ samprāptau rājyāhau rājyadāyinau॥
राजा के निकट खड़े हुए उन दोनों मन्त्रियों ने देवराज इन्द्र के समान बैठे हुए सुग्रीव को खूब सोच-विचार कर निश्चित किये हुए सार्थक वचनोंद्वारा प्रसन्न किया और इस प्रकार कहा—‘राजन्! महाभाग श्रीराम और लक्ष्मण—दोनों भाई सत्यप्रतिज्ञ हैं। (वे वास्तव में भगवत्स्वरूप हैं) उन्होंने स्वेच्छा से मनुष्य-शरीर धारण किया है। वे दोनों समस्त त्रिलोकी का राज्य चलाने के योग्य हैं। वे ही आपके राज्यदाता हैं
English translation coming soon.
tayoreko dhanuṣpāṇirdvāri tiṣṭhati lakṣmaṇaḥ।
yasya bhītāḥ pravepanto nādān muñcanti vānarāḥ॥
‘उनमें से एक वीर लक्ष्मण हाथ में धनुष लिये किष्किन्धा के दरवाजे पर खड़े हैं, जिनके भय से काँपते हुए वानर जोर-जोर से चीख रहे हैं
English translation coming soon.
sa eṣa rāghavabhrātā lakṣmaṇo vākyasārathiḥ।
vyavasāyarathaḥ prāptastasya rāmasya śāsanāt॥
‘श्रीराम का आदेशवाक्य ही जिनका सारथि और कर्तव्य का निश्चय ही जिनका रथ है, वे लक्ष्मण श्रीराम की आज्ञा से यहाँ पधारे हैं
English translation coming soon.
ayaṁ ca tanayo rājaṁstārāyā dayito'ṅgadaḥ।
lakṣmaṇena sakāśaṁ te preṣitastvarayānagha॥
‘राजन्! निष्पाप वानरराज! लक्ष्मण ने तारादेवी के इन प्रिय पुत्र अङ्गद को आपके निकट बड़ी उतावली के साथ भेजा है
English translation coming soon.
so'yaṁ roṣaparītākṣo dvāri tiṣṭhati vīryavān।
vānarān vānarapate cakṣuṣā nirdahanniva॥
‘वानरपते! पराक्रमी लक्ष्मण क्रोध से लाल आँखें किये नगरद्वार पर उपस्थित हैं और वानरों की ओर इस तरह देख रहे हैं, मानो वे अपनी नेत्राग्नि से उन्हें दग्ध कर डालेंगे
English translation coming soon.
tasya mūrdhnā praṇāmaṁ tvaṁ saputraḥ sahabāndhavaḥ।
gaccha śīghraṁ mahārāja roṣo hyadyopaśāmyatām॥
‘महाराज! आप शीघ्र चलें तथा पुत्र और बन्धु-बान्धवों के साथ उनके चरणों में मस्तक नवावें और इस प्रकार आज उनका रोष शान्त करें
English translation coming soon.
yathā hi rāmo dharmātmā tatkuruṣva samāhitaḥ।
rājaṁstiṣṭha svasamaye bhava satyapratiśravaḥ॥
‘राजन्! धर्मात्मा श्रीराम जैसा कहते हैं, सावधानी के साथ उसका पालन कीजिये। आप अपनी दी हुई बात पर अटल रहिये और सत्यप्रतिज्ञ बनिये’
English translation coming soon.
इत्यार्षे श्रीमद्रामायणे वाल्मीकीये आदिकाव्ये किष्किन्धाकाण्डे एकत्रिंशः सर्गः॥ ३१ ॥
इस प्रकार श्रीवाल्मीकिनिर्मित आर्षरामायण आदिकाव्यके किष्किन्धाकाण्डमें इकतीसवाँ सर्ग पूरा हुआ॥ ३१ ॥