लक्ष्मणसहित श्रीरामका सुग्रीव, तारा और अङ्गदको समझाना तथा वालीके दाह-संस्कारके लिये आज्ञा प्रदान करना, फिर तारा आदिसहित सब वानरोंका वालीके शवको श्मशानभूमिमें ले जाकर अङ्गदके द्वारा उसका दाह-संस्कार कराना और उसे जलाञ्जलि देना
sa sugrīvaṁ ca tārāṁ ca sāṅgadāṁ sahalakṣmaṇaḥ।
samānaśokaḥ kākutsthaḥ sāntvayannidamabravīt॥
लक्ष्मणसहित श्रीरामचन्द्रजी सुग्रीव आदि के शोक से उनके समान ही दुःखी थे। उन्होंने सुग्रीव, अङ्गद और तारा को सान्त्वना देते हुए इस प्रकार कहा—
English translation coming soon.
na śokaparitāpena śreyasā yujyate mṛtaḥ।
yadatrānantaraṁ kāryaṁ tat samādhātumarhatha॥
‘शोक-संताप करने से मरे हुए जीव की कोई भलाई नहीं होती। अतः अब आगे जो कुछ कर्तव्य है, उसको तुम्हें विधिपूर्वक सम्पन्न करना चाहिये
English translation coming soon.
lokavṛttamanuṣṭheyaṁ kṛtaṁ vo bāṣpamokṣaṇam।
na kālāduttaraṁ kiṁcit karmaśakyamupāsitum॥
‘तुम सब लोग बहुत आँसू बहा चुके। अब उसकी आवश्यकता नहीं है। लोकाचार का भी पालन होना चाहिये। समय बिताकर कोई भी विहित कर्म नहीं किया जा सकता (क्योंकि उचित समय पर न किया जाय तो उस कर्म का कोई फल नहीं होता)
English translation coming soon.
niyatiḥ kāraṇaṁ loke niyatiḥ karmasādhanam।
niyatiḥ sarvabhūtānāṁ niyogeṣviha kāraṇam॥
‘जगत् में नियति (काल) ही सबका कारण है। वही समस्त कर्मों का साधन है और काल ही समस्त प्राणियों को विभिन्न कर्मों में नियुक्त करने का कारण है (क्योंकि वही सबका प्रवर्तक है)
English translation coming soon.
na kartā kasyacit kaścinniyoge nāpi ceśvaraḥ।
svabhāve vartate lokastasya kālaḥ parāyaṇam॥
‘कोई भी पुरुष न तो स्वतन्त्रतापूर्वक किसी काम को कर सकता है और न किसी दूसरे को ही उसमें लगाने की शक्ति रखता है। सारा जगत् स्वभाव के अधीन है और स्वभाव का आधार काल है
English translation coming soon.
na kālaḥ kālamatyeti na kālaḥ parihīyate।
svabhāvaṁ ca samāsādya na kaścidativartate॥
‘काल भी काल का (अपनी की हुई व्यवस्था का) उल्लंघन नहीं कर सकता। वह काल कभी क्षीण नहीं होता। स्वभाव (प्रारब्धकर्म) को पाकर कोई भी उसका उल्लङ्घन नहीं करता
English translation coming soon.
na kālasyāsti bandhutvaṁ na heturna parākramaḥ।
na mitrajñātisambandhaḥ kāraṇaṁ nātmano vaśaḥ॥
‘काल का किसीके साथ भाई-चारे का, मित्रता का अथवा जाति-बिरादरी का सम्बन्ध नहीं है। उसको वश में करने का कोई उपाय नहीं है तथा उसपर किसीका पराक्रम नहीं चल सकता। कारणस्वरूप भगवान् काल जीव के भी वश में नहीं है
English translation coming soon.
kiṁ tu kālaparīṇāmo draṣṭavyaḥ sādhu paśyatā।
dharmaścārthaśca kāmaśca kālakramasamāhitāḥ॥
‘अतः साधुदर्शी विवेकी पुरुष को सब कुछ काल का ही परिणाम समझना चाहिये। धर्म, अर्थ और काम भी कालक्रम से ही प्राप्त होते हैं
English translation coming soon.
itaḥ svāṁ prakṛtiṁ vālī gataḥ prāptaḥ kriyāphalam।
sāmadānārthasaṁyogaiḥ pavitraṁ plavageśvaraḥ॥
‘(मेरे द्वारा मारे जाने के कारण) वानरराज वाली शरीर से मुक्त हो अपने शुद्ध स्वरूप को प्राप्त हुए हैं। नीतिशास्त्र के अनुकूल साम, दान और अर्थ के समुचित प्रयोग से मिलनेवाले जो पवित्र कर्म हैं, वे सभी उन्हें प्राप्त हो गये
English translation coming soon.
svadharmasya ca saṁyogājjitastena mahātmanā।
svargaḥ parigṛhītaśca prāṇānaparirakṣatā॥
‘महात्मा वाली ने पहले अपने धर्म के संयोग से जिसपर विजय पायी थी, उसी स्वर्ग को इस समय युद्ध में प्राणों की रक्षा न करके उन्होंने अपने हाथ में कर लिया है
English translation coming soon.
eṣā vai niyatiḥ śreṣṭhā yāṁ gato hariyūthapaḥ।
tadalaṁ paritāpena prāptakālamupāsyatām॥
‘यही सर्वश्रेष्ठ गति है, जिसे वानरों के सरदार वाली ने प्राप्त किया है। अतः अब उनके लिये शोक करना व्यर्थ है। इस समय तुम्हारे सामने जो कर्तव्य उपस्थित है, उसे पूरा करो’
English translation coming soon.
vacanānte tu rāmasya lakṣmaṇaḥ paravīrahā।
avadat praśritaṁ vākyaṁ sugrīvaṁ gatacetasam॥
श्रीरामचन्द्रजी की बात समाप्त होने पर शत्रुवीरों का संहार करनेवाले लक्ष्मण ने, जिनकी विवेकशक्ति नष्ट हो गयी थी, उन सुग्रीव से नम्रतापूर्वक इस प्रकार कहा—
English translation coming soon.
kuru tvamasya sugrīva pretakāryamanantaram।
tārāṅgadābhyāṁ sahito vālino dahanaṁ prati॥
‘सुग्रीव! अब तुम अङ्गद और तारा के साथ रहकर वाली के दाह-संस्कार-सम्बन्धी प्रेतकार्य करो
English translation coming soon.
samājñāpaya kāṣṭhāni śuṣkāṇi ca bahūni ca।
candanāni ca divyāni vālisaṁskārakāraṇāt॥
‘सेवकों को आज्ञा दो—वे वाली के दाह-संस्कार के निमित्त प्रचुर मात्रा में सूखी लकड़ियाँ और दिव्य चन्दन ले आवें
English translation coming soon.
samāśvāsaya dīnaṁ tvamaṅgadaṁ dīnacetasam।
mā bhūrbāliśabuddhistvaṁ tvadadhīnamidaṁ puram॥
‘अङ्गद का चित्त बहुत दुःखी हो गया है। इन्हें धैर्य बँधाओ। तुम अपने मन में मूढ़ता न लाओ—किंकर्तव्यविमूढ़ न बनो; क्योंकि यह सारा नगर तुम्हारे ही अधीन है
English translation coming soon.
aṅgadastvānayenmālyaṁ vastrāṇi vividhāni ca।
ghṛtaṁ tailamatho gandhān yaccātra samanantaram॥
‘अङ्गद पुष्पमाला, नाना प्रकार के वस्त्र, घी, तेल, सुगन्धित पदार्थ तथा अन्य सामान, जिनको अभी आवश्यकता है, स्वयं ले आवें
English translation coming soon.
tvaṁ tāra śibikāṁ śīghramādāyāgaccha sambhramāt।
tvarā guṇavatī yuktā hyasmin kāle viśeṣataḥ॥
‘तार! तुम शीघ्र जाकर वेगपूर्वक एक पालकी ले आओ; क्योंकि इस समय अधिक फुर्ती दिखानी चाहिये। ऐसे अवसर पर वही लाभदायक होती है
English translation coming soon.
sajjībhavantu plavagāḥ śibikāvāhanocitāḥ।
samarthā balinaścaiva nirhariṣyanti vālinam॥
‘पालकी को उठाकर ले चलने के योग्य जो बलवान् एवं समर्थ वानर हों, वे तैयार हो जायँ। वे ही वाली को यहाँ से श्मशानभूमि में ले चलेंगे’
English translation coming soon.
evamuktvā tu sugrīvaṁ sumitrānandavardhanaḥ।
tasthau bhrātṛsamīpastho lakṣmaṇaḥ paravīrahā॥
सुग्रीव से ऐसा कहकर शत्रुवीरों का संहार करनेवाले सुमित्रानन्दन लक्ष्मण अपने भाई के पास जाकर खड़े हो गये
English translation coming soon.
lakṣmaṇasya vacaḥ śrutvā tāraḥ sambhrāntamānasaḥ।
praviveśa guhāṁ śīghraṁ śibikāsaktamānasaḥ॥
लक्ष्मण की बात सुनकर तार के मन में हड़बड़ी मच गयी। वह शिबिका ले आने के लिये शीघ्रतापूर्वक किष्किन्धा नामक गुफा में गया
English translation coming soon.
ādāya śibikāṁ tāraḥ sa tu paryāpatat punaḥ।
vānarairuhyamānāṁ tāṁ śūrairudvahanocitaiḥ॥
वहाँ से शिबिका ढोने के योग्य शूरवीर वानरोंद्वारा कंधों पर उठायी हुई उस शिबिका को साथ लेकर तार फिर तुरंत ही लौट आया
English translation coming soon.
divyāṁ bhadrāsanayutāṁ śibikāṁ syandanopamām।
pakṣikarmabhirācitrāṁ drumakarmavibhūṣitām॥
वह दिव्य पालकी रथ के समान बनी हुई थी। उसके बीच में राजा के बैठने योग्य उत्तम आसन था। उसमें शिल्पियोंद्वारा कृत्रिम पक्षी और वृक्ष बनाये गये थे, जो उस पालकी को विचित्र शोभा से सम्पन्न बना रहे थे
English translation coming soon.
ācitāṁ citrapattībhiḥ suniviṣṭāṁ samantataḥ।
vimānamiva siddhānāṁ jālavātāyanāyutām॥
वह शिबिका चित्र के रूप में बने हुए पैदल सिपाहियों से भरी प्रतीत होती थी। उसकी निर्माणकला सब ओर से बड़ी सुन्दर दिखायी देती थी। देखने में वह सिद्धों के विमान-सी प्रतीत होती थी। उसमें कई खिड़कियाँ बनी थीं, जिनमें जालियाँ लगी हुई थीं
English translation coming soon.
suniyuktāṁ viśālāṁ ca sukṛtāṁ śilpibhiḥ kṛtām।
dāruparvatakopetāṁ cārukarmapariṣkṛtām॥
कारीगरों ने उस पालकी को बहुत सुन्दर बनाने का प्रयत्न किया था। उसका एक-एक भाग बड़ा सुघड़ बनाया गया था। आकार में वह बहुत बड़ी थी। उसमें लकड़ियों के क्रीडा-पर्वत बने हुए थे। वह मनोहर शिल्प-कर्म से सुशोभित थी
English translation coming soon.
varābharaṇahāraiśca citramālyopaśobhitām।
guhāgahanasaṁchannāṁ raktacandanabhūṣitām॥
सुन्दर आभूषण और हारों से उसको सजाया गया था। विचित्र फूलों से उसकी शोभा बढ़ायी गयी थी। शिल्पियोंद्वारा निर्मित गुफा और वन से वह संयुक्त थी तथा लाल चन्दनद्वारा उसे विभूषित किया गया था
English translation coming soon.
puṣpaughaiḥ samabhicchannāṁ padmamālābhireva ca।
taruṇādityavarṇābhirbhrājamānābhirāvṛtām॥
नाना प्रकार के पुष्पसमूहोंद्वारा वह सब ओर से आच्छादित थी तथा प्रातःकाल के सूर्य की भाँति अरुण कान्तिवाली दीप्तिमती पद्ममालाओं से अलंकृत थी
English translation coming soon.
īdṛśīṁ śibikāṁ dṛṣṭvā rāmo lakṣmaṇamabravīt।
kṣipraṁ vinīyatāṁ vālī pretakāryaṁ vidhīyatām॥
ऐसी पालकी का अवलोकन करके श्रीरामचन्द्रजी ने लक्ष्मण की ओर देखते हुए कहा—‘अब वाली को शीघ्र ही यहाँ से श्मशानभूमि में ले जाया जाय और उनका प्रेतकार्य किया जाय’
English translation coming soon.
tato vālinamudyamya sugrīvaḥ śibikāṁ tadā।
āropayata vikrośannaṅgadena sahaiva tu॥
तब अङ्गद के साथ करुण-क्रन्दन करते हुए सुग्रीव ने वाली के शव को उठाकर उस शिबिका में रखा
English translation coming soon.
āropya śibikāṁ caiva vālinaṁ gatajīvitam।
alaṁkāraiśca vividhairmālyairvastraiśca bhūṣitam॥
मृत वाली को शिबिका में चढ़ाकर उन्हें नाना प्रकार के अलंकारों, फूलों के गजरों और भाँति-भाँति के वस्त्रों से विभूषित किया
English translation coming soon.
ājñāpayat tadā rājā sugrīvaḥ plavageśvaraḥ।
aurdhvadehikamāryasya kriyatāmanukūlataḥ॥
तदनन्तर वानरों के स्वामी राजा सुग्रीव ने आज्ञा दी कि ‘मेरे बड़े भाई का और्ध्वदेहिक संस्कार शास्त्रानुकूल विधि से सम्पन्न किया जाय
English translation coming soon.
viśrāṇayanto ratnāni vividhāni bahūni ca।
agrataḥ plavagā yāntu śibikā tadanantaram॥
‘आगे-आगे बहुत-से वानर नाना प्रकार के बहुसंख्यक रत्न लुटाते हुए चलें। उनके पीछे शिबिका चले
English translation coming soon.
rājñāmṛddhiviśeṣā hi dṛśyante bhuvi yādṛśāḥ।
tādṛśairiha kurvantu vānarā bhartṛsatkriyām॥
‘इस भूतल पर राजाओं के और्ध्वदेहिक संस्कार उनकी बढ़ी हुई समृद्धि के अनुसार जैसे धूमधाम से होते देखे जाते हैं, उसी प्रकार अधिक धन लगाकर सब वानर अपने स्वामी महाराज वाली का अन्त्येष्टि-संस्कार करें’
English translation coming soon.
tādṛśaṁ vālinaḥ kṣipraṁ prākurvannaurdhvadehikam।
aṅgadaṁ parirabhyāśu tāraprabhṛtayastadā॥
krośantaḥ prayayuḥ sarve vānarā hatabāndhavāḥ।
तब तार आदि वानरों ने वाली के और्ध्वदेहिक संस्कार का शीघ्र वैसा ही आयोजन किया। जिनके बान्धव वाली मारे गये थे, वे सब-के-सब वानर अङ्गद को हृदय से लगाकर शीघ्रतापूर्वक वहाँ से रोते हुए शव के साथ चले
English translation coming soon.
tataḥ praṇihitāḥ sarvā vānaryo'sya vaśānugāḥ॥
cukruśurvīravīreti bhūyaḥ krośanti tāḥ priyam।
उनके पीछे वाली के अधीन रहनेवाली सभी वानर-पत्नियाँ समीप आकर ‘हा वीर, हा वीर’ कहती हुई अपने प्रियतम को पुकार-पुकारकर बारंबार रोने-चिल्लाने लगीं
English translation coming soon.
tārāprabhṛtayaḥ sarvā vānaryo hatabāndhavāḥ॥
anujagmuśca bhartāraṁ krośantyaḥ karuṇasvanāḥ।
जिनके जीवनधन का वध किया गया था, वे तारा आदि सब वानरियाँ करुणस्वर से विलाप करती हुई अपने स्वामी के पीछे-पीछे चलने लगीं
English translation coming soon.
tāsāṁ ruditaśabdena vānarīṇāṁ vanāntare॥
vanāni girayaścaiva vikrośantīva sarvataḥ।
वन के भीतर रोती हुई उन वानर वधुओं के रोदन-शब्द से गूँजते हुए वन और पर्वत भी सब ओर रोते हुए-से प्रतीत होते थे
English translation coming soon.
puline girinadyāstu vivikte jalasaṁvṛte॥
citāṁ cakruḥ subahavo vānarā vanacāriṇaḥ।
पहाड़ी नदी तुङ्गभद्रा के एकान्त तट पर जो जल से घिरा था, पहुँचकर बहुत-से वनचारी वानरों ने एक चिता तैयार की
English translation coming soon.
avaropya tataḥ skandhācchibikāṁ vānarottamāḥ॥
tasthurekāntamāśritya sarve śokaparāyaṇāḥ।
तदनन्तर पालकी ढोनेवाले श्रेष्ठ वानरों ने उसे अपने कंधे से उतारा और वे सब शोकमग्न हो एकान्त स्थान में जा बैठे
English translation coming soon.
tatastārā patiṁ dṛṣṭvā śibikātalaśāyinam॥
āropyāṅke śirastasya vilalāpa suduḥkhitā।
तत्पश्चात् तारा ने शिबिका में सुलाये हुए अपने पति के शव को देखकर उनके मस्तक को अपनी गोद में ले लिया और अत्यन्त दुःखी होकर वह विलाप करने लगी
English translation coming soon.
hā vānaramahārāja hā nātha mama vatsala॥
संयुक्त अनुवाद ↓joint translation ↓
hā mahārha mahābāho hā mama priya paśya mām।
janaṁ na paśyasīmaṁ tvaṁ kasmācchokābhipīḍitam॥
‘हा वानरों के महाराज! हा मेरे दयालु प्राणनाथ! हा परम पूजनीय महाबाहु वीर! हा मेरे प्रियतम! एक बार मेरी ओर देखो तो सही। इस शोकपीड़ित दासी की ओर तुम दृष्टिपात क्यों नहीं करते हो?
English translation coming soon.
prahṛṣṭamiha te vaktraṁ gatāsorapi mānada।
astārkasamavarṇaṁ ca dṛśyate jīvato yathā॥
‘दूसरों को मान देनेवाले प्राणवल्लभ! प्राणों के निकल जाने पर भी तुम्हारा मुख जीवित अवस्था की भाँति अस्ताचलवर्ती सूर्य के समान अरुण प्रभा से युक्त एवं प्रसन्न ही दिखायी देता है
English translation coming soon.
eṣa tvāṁ rāmarūpeṇa kālaḥ karṣati vānara।
yena sma vidhavāḥ sarvāḥ kṛtā ekeṣuṇā raṇe॥
‘वानरराज! श्रीराम के रूप में यह काल ही तुम्हें खींचकर लिये जा रहा है, जिसने युद्ध के मैदान में एक ही बाण मारकर हम सबको विधवा बना दिया
English translation coming soon.
imāstāstava rājendra vānaryo'plavagāstava।
pādairvikṛṣṭamadhvānamāgatāḥ kiṁ na budhyase॥
‘महाराज! ये तुम्हारी प्यारी वानरियाँ, जो वानरों की भाँति उछलकर चलना नहीं जानती हैं, तुम्हारे पीछे-पीछे बहुत दूर के मार्ग पर पैदल ही चली आयी हैं। इस बात को क्या तुम नहीं जानते?
English translation coming soon.
taveṣṭā nanu caivemā bhāryāścandranibhānanāḥ।
idānīṁ nekṣase kasmāt sugrīvaṁ plavageśvara॥
‘वानरराज! जो तुम्हें परम प्रिय थीं वे तुम्हारी सभी चन्द्रमुखी भार्याएँ यहाँ उपस्थित हैं। तुम इन सबको तथा अपने भाई सुग्रीव को भी इस समय क्यों नहीं देख रहे हो?
English translation coming soon.
ete hi sacivā rājaṁstāraprabhṛtayastava।
puravāsijanaścāyaṁ parivārya viṣīdati॥
‘राजन्! ये तार आदि तुम्हारे सचिव तथा ये पुरवासीजन तुम्हें चारों ओर से घेरकर दुःखी हो रहे हैं
English translation coming soon.
visarjayainān sacivān yathāpuramariṁdama।
tataḥ krīḍāmahe sarvā vaneṣu madanotkaṭāḥ॥
‘शत्रुदमन! आप पहले की भाँति इन मन्त्रियों को बिदा कर दीजिये। फिर हम सब प्रेमोन्मत्त होकर इन वनों में आपके साथ क्रीडा करेंगी’
English translation coming soon.
evaṁ vilapatīṁ tārāṁ patiśokaparīvṛtām।
utthāpayanti sma tadā vānaryaḥ śokakarśitāḥ॥
पति के शोक में डूबी हुई तारा को इस प्रकार विलाप करती देख उस समय शोक से दुर्बल हुई अन्य वानरियों ने उसे उठाया
English translation coming soon.
sugrīveṇa tataḥ sārdhaṁ so'ṅgadaḥ pitaraṁ rudan।
citāmāropayāmāsa śokenābhiplutendriyaḥ॥
इसके बाद संतापपीड़ित इन्द्रियोंवाले अङ्गद ने रोते-रोते सुग्रीव की सहायता से पिता को चिता पर रखा
English translation coming soon.
tato'gniṁ vidhivad dattvā so'pasavyaṁ cakāra ha।
pitaraṁ dīrghamadhvānaṁ prasthitaṁ vyākulendriyaḥ॥
फिर शास्त्रीय विधि के अनुसार उसमें आग लगाकर उन्होंने उसकी प्रदक्षिणा की। इसके बाद यह सोचकर कि ‘मेरे पिता लंबी यात्रा के लिये प्रस्थित हुए हैं’ अङ्गद की सारी इन्द्रियाँ शोक से व्याकुल हो उठीं
English translation coming soon.
saṁskṛtya vālinaṁ taṁ tu vidhivat plavagarṣabhāḥ।
ājagmurudakaṁ kartuṁ nadīṁ śubhajalāṁ śivām॥
इस प्रकार विधिवत् वाली का दाह-संस्कार करके सभी वानर जलाञ्जलि देने के लिये पवित्र जल से भरी हुई कल्याणमयी तुङ्गभद्रा नदी के तट पर आये
English translation coming soon.
tataste sahitāstatra hyaṅgadaṁ sthāpya cāgrataḥ।
sugrīvatārāsahitāḥ siṣicurvāline jalam॥
वहाँ अङ्गद को आगे रखकर सुग्रीव और तारासहित सभी वानरों ने वाली के लिये एक साथ जलाञ्जलि दी
English translation coming soon.
sugrīveṇaiva dīnena dīno bhūtvā mahābalaḥ।
samānaśokaḥ kākutsthaḥ pretakāryāṇyakārayat॥
दुःखी हुए सुग्रीव के साथ ही उन्हींके समान शोकग्रस्त एवं दुःखी हो महाबली श्रीराम ने वाली के समस्त प्रेतकार्य करवाये
English translation coming soon.
tato'tha taṁ vālinamagryapauruṣaṁ
prakāśamikṣvākuvareṣuṇā hatam।
pradīpya dīptāgnisamaujasaṁ tadā
salakṣmaṇaṁ rāmamupeyivān hariḥ॥
इस प्रकार इक्ष्वाकुवंशशिरोमणि श्रीराम के बाण से मारे गये श्रेष्ठ पराक्रमी और प्रज्वलित अग्नि के समान तेजस्वी सुविख्यात वाली का दाह-संस्कार करके सुग्रीव उस समय लक्ष्मणसहित श्रीराम के पास आये
English translation coming soon.
इत्यार्षे श्रीमद्रामायणे वाल्मीकीये आदिकाव्ये किष्किन्धाकाण्डे पञ्चविंशः सर्गः॥ २५ ॥
इस प्रकार श्रीवाल्मीकिनिर्मित आर्षरामायण आदिकाव्यके किष्किन्धाकाण्डमें पचीसवाँ सर्ग पूरा हुआ॥ २५ ॥