वनकी शोभा देखते-दिखाते हुए श्रीराम आदिका चित्रकूटमें पहुँचना, वाल्मीकिजीका दर्शन करके श्रीरामकी आज्ञासे लक्ष्मणद्वारा पर्णशालाका निर्माण तथा उसकी वास्तुशान्ति करके उन सबका कुटीमें प्रवेश
“पर्णशाला-निर्माण”
॥ २ · ५६ · १९–२० ॥
चित्रकूटगिरौ मन्दाकिनीतटे वल्कलधरो लक्ष्मणः परशुना दृढानि दारूणि सन्धाय पर्णशालां रचयति; श्यामाङ्गः शरचापधरो रामः सालङ्कारा च सीता सन्तोषेण तां पश्यतः, पार्श्वे कमण्डलुहस्तो महर्षिर्वाल्मीकिः आश्रमादाशिषं वितरति।
चित्रकूट के रमणीय वन में मन्दाकिनी की धारा के तट पर वल्कलधारी लक्ष्मण घुटनों के बल झुके कुल्हाड़ी से लकड़ियाँ गढ़ते और बँधी हुई लट्ठियों से पर्णशाला का ढाँचा खड़ा कर रहे हैं; पीछे नीलवर्ण श्रीराम धनुष तथा पीठपर तूणीर धारण किये और स्वर्णाभूषणों से सजी लाल पट-परिधानी सीता स्नेहमयी शान्ति से अपना वनगृह बनते हुए देख रहे हैं; बायीं ओर कुटी के पास श्वेतश्मश्रु महर्षि वाल्मीकि एक हाथ में कमण्डलु लिये दूसरा हाथ उठाकर आशीर्वाद दे रहे हैं।
In a glade on holy Chitrakuta, beside the Mandakini stream, the bark-clad Lakshman kneels and shapes bound timber with an axe, raising the walls of the leaf-hut; behind him the blue-hued Ram, bow in hand and quiver at his shoulder, and the richly adorned Sita in crimson silk look on with gentle contentment as their forest home takes shape; at the left, by his hermitage, the white-bearded sage Valmiki lifts one palm in blessing, a water-pot in the other hand.
atha rātryāṁ vyatītāyāmavasuptamanantaram।
prabodhayāmāsa śanairlakṣmaṇaṁ raghupuṅgavaḥ ॥
तदनन्तर रात्रि व्यतीत होने पर रघुकुलशिरोमणि श्रीराम ने अपने जागने के बाद वहाँ सोये हुए लक्ष्मण को धीरे से जगाया (और इस प्रकार कहा—)
English translation coming soon.
saumitre śṛṇu vanyānāṁ valgu vyāharatāṁ svanam।
sampratiṣṭhāmahe kālaḥ prasthānasya paraṁtapa ॥
‘शत्रुओं को संताप देनेवाले सुमित्राकुमार! मीठी बोली बोलनेवाले शुक-पिक आदि जंगली पक्षियों का कलरव सुनो। अब हमलोग यहाँ से प्रस्थान करें; क्योंकि प्रस्थान के योग्य समय आ गया है’
English translation coming soon.
prasuptastu tato bhrātrā samaye pratibodhitaḥ।
jahau nidrāṁ ca tandrāṁ ca prasaktaṁ ca pariśramam ॥
सोये हुए लक्ष्मण ने अपने बड़े भाईद्वारा ठीक समय पर जगा दिये जाने पर निद्रा, आलस्य तथा राह चलने की थकावट को दूर कर दिया
English translation coming soon.
tata utthāya te sarve spṛṣṭvā nadyāḥ śivaṁ jalam।
panthānamṛṣibhirjuṣṭaṁ citrakūṭasya taṁ yayuḥ ॥
फिर सब लोग उठे और यमुना नदी के शीतल जल में स्नान आदि करके ऋषि-मुनियोंद्वारा सेवित चित्रकूट के उस मार्ग पर चल दिये
English translation coming soon.
tataḥ samprasthitaḥ kāle rāmaḥ saumitriṇā saha।
sītāṁ kamalapatrākṣīmidaṁ vacanamabravīt ॥
उस समय लक्ष्मण के साथ वहाँ से प्रस्थित हुए श्रीराम ने कमलनयनी सीता से इस प्रकार कहा—
English translation coming soon.
ādīptāniva vaidehi sarvataḥ puṣpitān nagān।
svaiḥ puṣpaiḥ kiṁśukān paśya mālinaḥ śiśirātyaye ॥
‘विदेहराजनन्दिनी! इस वसन्त-ऋतु में सब ओर से खिले हुए इन पलाश-वृक्षों को तो देखो। ये अपने ही पुष्पों से पुष्पमालाधारी-से प्रतीत होते हैं और उन फूलों की अरुण प्रभा के कारण प्रज्वलित होते-से दिखायी देते हैं
English translation coming soon.
paśya bhallātakān bilvān nairanupasevitān।
phalapuṣpairavanatān nūnaṁ śakṣyāma jīvitum ॥
‘देखो, ये भिलावे और बेल के पेड़ अपने फूलों और फलों के भार से झुके हुए हैं। दूसरे मनुष्यों का यहाँतक आना सम्भव न होने से ये उनके द्वारा उपयोग में नहीं लाये गये हैं; अतः निश्चय ही इन फलों से हम जीवननिर्वाह कर सकेंगे’
English translation coming soon.
paśya droṇapramāṇāni lambamānāni lakṣmaṇa।
madhūni madhukārībhiḥ sambhṛtāni nage nage ॥
(फिर लक्ष्मण से कहा—) ‘लक्ष्मण! देखो, यहाँ के एक-एक वृक्ष में मधुमक्खियोंद्वारा लगाये और पुष्ट किये गये मधु के छत्ते कैसे लटक रहे हैं। इन सबमें एक-एक द्रोण (लगभग सोलह सेर) मधु भरा हुआ है
English translation coming soon.
eṣa krośati natyūhastaṁ śikhī pratikūjati।
ramaṇīye vanoddeśe puṣpasaṁstarasaṁkaṭe ॥
‘वन का यह भाग बड़ा ही रमणीय है, यहाँ फूलों की वर्षा-सी हो रही है और सारी भूमि पुष्पों से आच्छादित दिखायी देती है। इस वनप्रान्त में यह चातक ‘पी कहाँ’ ‘पी कहाँ’ की रट लगा रहा है। उधर वह मोर बोल रहा है, मानो पपीहे की बात का उत्तर दे रहा हो
English translation coming soon.
mātaṅgayūthānusṛtaṁ pakṣisaṁghānunāditam।
citrakūṭamimaṁ paśya pravṛddhaśikharaṁ girim ॥
‘यह रहा चित्रकूट पर्वत—इसका शिखर बहुत ऊँचा है। झुंड-के-झुंड हाथी उसी ओर जा रहे हैं और वहाँ बहुत-से पक्षी चहक रहे हैं
English translation coming soon.
samabhūmitale ramye drumairbahubhirāvṛte।
puṇye raṁsyāmahe tāta citrakūṭasya kānane ॥
‘तात! जहाँ की भूमि समतल है और जो बहुत-से वृक्षों से भरा हुआ है, चित्रकूट के उस पवित्र कानन में हमलोग बड़े आनन्द से विचरेंगे’
English translation coming soon.
tatastau pādacāreṇa gacchantau saha sītayā।
ramyamāsedatuḥ śailaṁ citrakūṭaṁ manoramam ॥
सीता के साथ दोनों भाई श्रीराम और लक्ष्मण पैदल ही यात्रा करते हुए यथासमय रमणीय एवं मनोरम पर्वत चित्रकूट पर जा पहुँचे
English translation coming soon.
taṁ tu parvatamāsādya nānāpakṣigaṇāyutam।
bahumūlaphalaṁ ramyaṁ sampannasarasodakam ॥
वह पर्वत नाना प्रकार के पक्षियों से परिपूर्ण था। वहाँ फल-मूलों की बहुतायत थी और स्वादिष्ट जल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध होता था। उस रमणीय शैल के समीप जाकर श्रीराम ने कहा—
English translation coming soon.
manojño'yaṁ giriḥ saumya nānādrumalatāyutaḥ।
bahumūlaphalo ramyaḥ svājīvaḥ pratibhāti me ॥
‘सौम्य! यह पर्वत बड़ा मनोहर है। नाना प्रकार के वृक्ष और लताएँ इसकी शोभा बढ़ाती हैं। यहाँ फल-मूल भी बहुत हैं; यह रमणीय तो है ही। मुझे जान पड़ता है कि यहाँ बड़े सुख से जीवन-निर्वाह हो सकता है
English translation coming soon.
munayaśca mahātmāno vasantyasmin śiloccaye।
ayaṁ vāso bhavet tāta vayamatra vasemahi ॥
‘इस पर्वत पर बहुत-से महात्मा मुनि निवास करते हैं। तात! यही हमारा वासस्थान होनेयोग्य है। हम यहीं निवास करेंगे’
English translation coming soon.
iti sītā ca rāmaśca lakṣmaṇaśca kṛtāñjaliḥ।
abhigamyāśramaṁ sarve vālmīkimabhivādayan ॥
ऐसा निश्चय करके सीता, श्रीराम और लक्ष्मण ने हाथ जोड़कर महर्षि वाल्मीकि के आश्रम में प्रवेश किया और सबने उनके चरणों में मस्तक झुकाया
English translation coming soon.
tān maharṣiḥ pramuditaḥ pūjayāmāsa dharmavit।
āsyatāmiti covāca svāgataṁ taṁ nivedya ca ॥
धर्म को जाननेवाले महर्षि उनके आगमन से बहुत प्रसन्न हुए और ‘आपलोगोंका स्वागत है। आइये, बैठिये।’ ऐसा कहते हुए उन्होंने उनका आदर-सत्कार किया
English translation coming soon.
tato'bravīnmahābāhurlakṣmaṇaṁ lakṣmaṇāgrajaḥ।
saṁnivedya yathānyāyamātmānamṛṣaye prabhuḥ ॥
तदनन्तर महाबाहु भगवान् श्रीराम ने महर्षि को अपना यथोचित परिचय दिया और लक्ष्मण से कहा—
English translation coming soon.
lakṣmaṇānaya dārūṇi dṛḍhāni ca varāṇi ca।
kuruṣvāvasathaṁ saumya vāse me'bhirataṁ manaḥ ॥
‘सौम्य लक्ष्मण! तुम जंगल से अच्छी-अच्छी मजबूत लकड़ियाँ ले आओ और रहने के लिये एक कुटी तैयार करो। यहीं निवास करने को मेरा जी चाहता है’
English translation coming soon.
tasya tad vacanaṁ śrutvā saumitrirvividhān drumān।
ājahāra tataścakre parṇaśālāmariṁdamaḥ ॥
श्रीराम की यह बात सुनकर शत्रुदमन लक्ष्मण अनेक प्रकार के वृक्षों की डालियाँ काट लाये और उनके द्वारा एक पर्णशाला तैयार की
English translation coming soon.
tāṁ niṣṭhitāṁ baddhakaṭāṁ dṛṣṭvā rāmaḥ sudarśanām।
śuśrūṣamāṇamekāgramidaṁ vacanamabravīt ॥
वह कुटी बाहर-भीतर से लकड़ी की ही दीवार से सुस्थिर बनायी गयी थी और उसे ऊपर से छा दिया गया था, जिससे वर्षा आदि का निवारण हो। वह देखने में बड़ी सुन्दर लगती थी। उसे तैयार हुई देखकर एकाग्रचित्त होकर अपनी बात सुननेवाले लक्ष्मण से श्रीराम ने इस प्रकार कहा—
English translation coming soon.
aiṇeyaṁ māṁsamāhṛtya śālāṁ yakṣyāmahe vayam।
kartavyaṁ vāstuśamanaṁ saumitre cirajīvibhiḥ ॥
‘सुमित्राकुमार! हम गजकन्द का गूदा लेकर उसी से पर्णशाला के अधिष्ठाता देवताओं का पूजन करेंगे; क्योंकि दीर्घ जीवन की इच्छा करनेवाले पुरुषों को वास्तुशान्ति अवश्य करनी चाहिये
English translation coming soon.
mṛgaṁ hatvā''naya kṣipraṁ lakṣmaṇeha śubhekṣaṇa।
kartavyaḥ śāstradṛṣṭo hi vidhirdharmamanusmara ॥
‘कल्याणदर्शी लक्ष्मण! तुम ‘गजकन्द’ नामक कन्द को उखाड़कर या खोदकर शीघ्र यहाँ ले आओ; क्योंकि शास्त्रोक्त विधि का अनुष्ठान हमारे लिये अवश्यकर्तव्य है। तुम धर्म का ही सदा चिन्तन किया करो’
English translation coming soon.
bhrāturvacanamājñāya lakṣmaṇaḥ paravīrahā।
cakāra ca yathoktaṁ hi taṁ rāmaḥ punarabravīt ॥
भाई की इस बात को समझकर शत्रुवीरों का वध करनेवाले लक्ष्मण ने उनके कथनानुसार कार्य किया। तब श्रीराम ने पुनः उनसे कहा—
English translation coming soon.
aiṇeyaṁ śrapayasvaitacchālāṁ yakṣyāmahe vayam।
tvara saumyamuhūrto'yaṁ dhruvaśca divaso hyayam ॥
‘लक्ष्मण! इस गजकन्द को पकाओ। हम पर्णशाला के अधिष्ठाता देवताओं का पूजन करेंगे। जल्दी करो। यह सौम्यमुहूर्त है और यह दिन भी ‘ध्रुव’ संज्ञक है (अतः इसी में यह शुभ कार्य होना चाहिये)’
English translation coming soon.
sa lakṣmaṇaḥ kṛṣṇamṛgaṁ hatvā medhyaṁ pratāpavān।
atha cikṣepa saumitriḥ samiddhe jātavedasi ॥
प्रतापी सुमित्राकुमार लक्ष्मण ने पवित्र और काले छिलकेवाले गजकन्द को उखाड़कर प्रज्वलित आग में डाल दिया
English translation coming soon.
tat tu pakvaṁ samājñāya niṣṭaptaṁ chinnaśoṇitam।
lakṣmaṇaḥ puruṣavyāghramatha rāghavamabravīt ॥
रक्तविकार का नाश करनेवाले उस गजकन्द को भलीभाँति पका हुआ जानकर लक्ष्मण ने पुरुषसिंह श्रीरघुनाथजी से कहा—
English translation coming soon.
ayaṁ sarvaḥ samastāṅgaḥ śṛtaḥ kṛṣṇamṛgo mayā।
devatā devasaṁkāśa yajasva kuśalo hyasi ॥
‘देवोपम तेजस्वी श्रीरघुनाथजी! यह काले छिलकेवाला गजकन्द, जो बिगड़े हुए सभी अङ्ग को ठीक करनेवाला है, मेरेद्वारा सम्पूर्णतः पका दिया गया है। अब आप वास्तुदेवताओं का यजन कीजिये; क्योंकि आप इस कर्म में कुशल हैं
English translation coming soon.
rāmaḥ snātvā tu niyato guṇavāñjapakovidaḥ।
saṁgraheṇākarot sarvān mantrān satrāvasānikān ॥
सद्गुणसम्पन्न तथा जपकर्म के ज्ञाता श्रीरामचन्द्रजी ने स्नान करके शौच-संतोषादि नियमों के पालनपूर्वक संक्षेप से उन सभी मन्त्रों का पाठ एवं जप किया, जिनसे वास्तुयज्ञ की पूर्ति हो जाती है
English translation coming soon.
iṣṭvā devagaṇān sarvān viveśāvasathaṁ śuciḥ।
babhūva ca manohlādo rāmasyāmitatejasaḥ ॥
समस्त देवताओं का पूजन करके पवित्र भाव से श्रीराम ने पर्णकुटी में प्रवेश किया। उस समय अमिततेजस्वी श्रीराम के मन में बड़ा आह्लाद हुआ
English translation coming soon.
vaiśvadevabaliṁ kṛtvā raudraṁ vaiṣṇavameva ca।
vāstusaṁśamanīyāni maṅgalāni pravartayan ॥
तत्पश्चात् बलिवैश्वदेव कर्म, रुद्रयाग तथा वैष्णवयाग करके श्रीराम ने वास्तुदोष की शान्ति के लिये मङ्गलपाठ किया
English translation coming soon.
japaṁ ca nyāyataḥ kṛtvā snātvā nadyāṁ yathāvidhi।
pāpasaṁśamanaṁ rāmaścakāra balimuttamam ॥
नदी में विधिपूर्वक स्नान करके न्यायतः गायत्री आदि मन्त्रों का जप करने के अनन्तर श्रीराम ने पञ्चसूना आदि दोषों की शान्ति के लिये उत्तम बलिकर्म सम्पन्न किया
English translation coming soon.
vedisthalavidhānāni caityānyāyatanāni ca।
āśramasyānurūpāṇi sthāpayāmāsa rāghavaḥ ॥
रघुनाथजी ने अपनी छोटी-सी कुटी के अनुरूप ही वेदिस्थलों (आठ दिक्पालों के लिये बलि-समर्पण के स्थानों), चैत्यों (गणेश आदि के स्थानों) तथा आयतनों (विष्णु आदि देवों के स्थानों) का निर्माण एवं स्थापना की
English translation coming soon.
tāṁ vṛkṣaparṇacchadanāṁ manojñāṁ yathāpradeśaṁ sukṛtāṁ nivātām।
vāsāya sarve viviśuḥ sametāḥ sabhāṁ yathā devagaṇāḥ sudharmām ॥
वह मनोहर कुटी उपयुक्त स्थान पर बनी थी। उसे वृक्षों के पत्तों से छाया गया था और उसके भीतर प्रचण्ड वायु से बचने का पूरा प्रबन्ध था। सीता, लक्ष्मण और श्रीराम सबने एक साथ उसमें निवास के लिये प्रवेश किया। ठीक वैसे ही, जैसे देवतालोग सुधर्मा सभा में प्रवेश करते हैं
English translation coming soon.
suramyamāsādya tu citrakūṭaṁ nadīṁ ca tāṁ mālyavatīṁ sutīrthām।
nananda hṛṣṭo mṛgapakṣijuṣṭāṁ jahau ca duḥkhaṁ puravipravāsāt ॥
चित्रकूट पर्वत बड़ा ही रमणीय था। वहाँ उत्तम तीर्थों (तीर्थस्थान, सीढ़ी और घाटों) से सुशोभित माल्यवती (मन्दाकिनी) नदी बह रही थी, जिसका बहुत-से पशुपक्षी सेवन करते थे। उस पर्वत और नदी का सांनिध्य पाकर श्रीरामचन्द्रजी को बड़ा हर्ष और आनन्द हुआ। वे नगर से दूर वन में आने के कारण होनेवाले कष्ट को भूल गये
English translation coming soon.
इत्यार्षे श्रीमद्रामायणे वाल्मीकीये आदिकाव्येऽयोध्याकाण्डे षट्पञ्चाशः सर्गः ॥ ५६ ॥
इस प्रकार श्रीवाल्मीकिनिर्मित आर्षरामायण आदिकाव्यके अयोध्याकाण्डमें छप्पनवाँ सर्ग पूरा हुआ ॥ ५६ ॥