राजा दशरथकी अन्य रानियोंका विलाप, श्रीरामका कौसल्याजीके भवनमें जाना और उन्हें अपने वनवासकी बात बताना, कौसल्याका अचेत होकर गिरना और श्रीरामके उठा देनेपर उनकी ओर देखकर विलाप करना
“कौसल्या-समाश्वासन”
॥ २ · २० · ३२–३३ ॥
कौसल्याया दीपालोकिते पूजागृहे प्रज्वलिताग्नौ दधि-लाज-शुक्लमाल्य-पूर्णकुम्भेषु विकीर्णेषु, वनवासवार्तां श्रुत्वा परशुच्छिन्ना सालयष्टिरिव भूमौ पतिता शुक्लक्षौमा कौसल्या; शान्तः शस्त्रशून्यो नीलवर्णो रामस्तां पाणिभ्यां सादरमुत्थापयति, पृष्ठतो लक्ष्मणः शोकेन निःशब्दं तिष्ठति।
कौसल्याजीके दीपप्रकाशित पूजागृहमें—जहाँ अग्नि अब भी प्रज्वलित है और दही, लावा, श्वेत मालाएँ तथा स्वर्णिम भरे कलश चारों ओर रखे हैं—वनवासका समाचार सुनकर फरससे कटी शालशाखाके समान श्वेत रेशमी वस्त्रधारिणी माता कौसल्या धूलिधूसरित होकर भूमिपर गिर पड़ी हैं; नीलवर्ण मुकुटधारी श्रीराम घुटनोंके बल झुककर दोनों हाथोंसे उन्हें कोमलतापूर्वक उठा रहे हैं, और पीछे भ्राता लक्ष्मण शोक तथा मूक रोषसे खड़े हैं।
In Kausalya's lamplit worship-chamber, where the sacred fire still burns and offerings of curd, parched grain, white garlands and full golden water-jars stand about, the white-robed queen-mother has sunk dust-streaked to the floor at the news of exile, like a sal branch felled by an axe; the serene, weaponless, blue-complexioned Ram kneels and tenderly raises her with both hands, while his brother Lakshman stands behind in grief and silent anger.
tasmiṁstu puruṣavyāghre niṣkrāmati kṛtāñjalau ।
ārtaśabdo mahān jajñe strīṇāmantaḥpure tadā ॥
उधर पुरुषसिंह श्रीराम हाथ जोड़े हुए ज्यों ही कैकेयी के महल से बाहर निकलने लगे, त्यों ही अन्तःपुर में रहनेवाली राजमहिलाओं का महान् आर्तनाद प्रकट हुआ
English translation coming soon.
kṛtyeṣvacoditaḥ pitrā sarvasyāntaḥpurasya ca ।
gatiśca śaraṇaṁ cāsīt sa rāmo'dya pravatsyati ॥
वे कह रही थीं—‘हाय! जो पिता के आज्ञा न देने पर भी समस्त अन्तःपुर के आवश्यक कार्यों में स्वतः संलग्न रहते थे, जो हमलोगों के सहारे और रक्षक थे, वे श्रीराम आज वन को चले जायेंगे
English translation coming soon.
kausalyāyāṁ yathā yukto jananyāṁ vartate sadā ।
tathaiva vartate'smāsu janmaprabhṛti rāghavaḥ ॥
‘वे रघुनाथजी जन्म से ही अपनी माता कौसल्या के प्रति सदा जैसा बर्ताव करते थे, वैसा ही हमारे साथ भी करते थे
English translation coming soon.
na krudhyatyabhiśasto'pi krodhanīyāni varjayan ।
kruddhān prasādayan sarvān sa ito'dya pravatsyati ॥
‘जो कठोर बात कह देने पर भी कुपित नहीं होते थे, दूसरों के मन में क्रोध उत्पन्न करनेवाली बातें नहीं बोलते थे तथा जो सभी रूठे हुए व्यक्तियों को मना लिया करते थे, वे ही श्रीराम आज यहाँ से वन को चले जायेंगे
English translation coming soon.
abuddhirbata no rājā jīvalokaṁ caratyayam ।
yo gatiṁ sarvabhūtānāṁ parityajati rāghavam ॥
‘बड़े खेद की बात है कि हमारे महाराज की बुद्धि मारी गयी। ये इस समय सम्पूर्ण जीव-जगत् का विनाश करने पर तुले हुए हैं, तभी तो ये समस्त प्राणियों के जीवनाधार श्रीराम का परित्याग कर रहे हैं
English translation coming soon.
iti sarvā mahiṣyastā vivatsā iva dhenavaḥ ।
patimācukruśuścāpi sasvanaṁ cāpi cukruśuḥ ॥
इस प्रकार समस्त रानियाँ अपने पति को कोसने लगीं और बछड़ों से बिछुड़ी हुई गौओं की तरह उच्च स्वर से क्रन्दन करने लगीं
English translation coming soon.
sa hi cāntaḥpure ghoramārtaśabdaṁ mahīpatiḥ ।
putraśokābhisaṁtaptaḥ śrutvā vyālīyatāsane ॥
अन्तःपुर का वह भयंकर आर्तनाद सुनकर महाराज दशरथ ने पुत्रशोक से संतप्त हो लज्जा के मारे बिछौने में ही अपनेको छिपा लिया
English translation coming soon.
rāmastu bhṛśamāyasto niḥśvasanniva kuñjaraḥ ।
jagāma sahito bhrātrā māturantaḥpuraṁ vaśī ॥
इधर जितेन्द्रिय श्रीरामचन्द्रजी स्वजनों के दुःख से अधिक खिन्न होकर हाथी के समान लंबी साँसें खींचते हुए भाई लक्ष्मण के साथ माता के अन्तःपुर में गये
English translation coming soon.
so'paśyat puruṣaṁ tatra vṛddhaṁ paramapūjitam ।
upaviṣṭaṁ gṛhadvāri tiṣṭhataścāparān bahūn ॥
वहाँ उन्होंने उस घर के दरवाजे पर एक परम पूजित वृद्ध पुरुष को बैठा हुआ देखा और दूसरे भी बहुत-से मनुष्य वहाँ खड़े दिखायी दिये
English translation coming soon.
dṛṣṭvaiva tu tadā rāmaṁ te sarve samupasthitāḥ ।
jayena jayatāṁ śreṣṭhaṁ vardhayanti sma rāghavam ॥
वे सब-के-सब विजयी वीरों में श्रेष्ठ रघुनन्दन श्रीराम को देखते ही जय-जयकार करते हुए उनकी सेवा में उपस्थित हुए और उन्हें बधाई देने लगे
English translation coming soon.
praviśya prathamāṁ kakṣyāṁ dvitīyāyāṁ dadarśa saḥ ।
brāhmaṇān vedasampannān vṛddhān rājñābhisatkṛtān ॥
पहली ड्योढ़ी पार करके जब वे दूसरी में पहुँचे, तब वहाँ उन्हें राजा के द्वारा सम्मानित बहुत-से वेदज्ञ ब्राह्मण दिखायी दिये
English translation coming soon.
praṇamya rāmastān vṛddhāṁstṛtīyāyāṁ dadarśa saḥ ।
striyo bālāśca vṛddhāśca dvārarakṣaṇatatparāḥ ॥
उन वृद्ध ब्राह्मणों को प्रणाम करके श्रीरामचन्द्रजी जब तीसरी ड्योढ़ी में पहुँचे, तब वहाँ उन्हें द्वाररक्षा के कार्य में लगी हुई बहुत-सी नववयस्का एवं वृद्ध अवस्थावाली स्त्रियाँ दिखायी दीं
English translation coming soon.
vardhayitvā prahṛṣṭāstāḥ praviśya ca gṛhaṁ striyaḥ ।
nyavedayanta tvaritaṁ rāmamātuḥ priyaṁ tadā ॥
उन्हें देखकर उन स्त्रियों को बड़ा हर्ष हुआ। श्रीराम को बधाई देकर उन स्त्रियों ने तत्काल महल के भीतर प्रवेश किया और तुरंत ही श्रीरामचन्द्रजी की माता को उनके आगमन का प्रिय समाचार सुनाया
English translation coming soon.
kausalyāpi tadā devī rātriṁ sthitvā samāhitā ।
prabhāte cākarot pūjāṁ viṣṇoḥ putrahitaiṣiṇī ॥
उस समय देवी कौसल्या पुत्र की मङ्गलकामना से रातभर जागकर सबेरे एकाग्रचित्त हो भगवान् विष्णु की पूजा कर रही थीं
English translation coming soon.
sā kṣaumavasanā hṛṣṭā nityaṁ vrataparāyaṇā ।
agniṁ juhoti sma tadā mantravat kṛtamaṅgalā ॥
वे रेशमी वस्त्र पहनकर बड़ी प्रसन्नता के साथ निरन्तर व्रतपरायण होकर मङ्गलकृत्य पूर्ण करने के पश्चात् मन्त्रोच्चारणपूर्वक उस समय अग्नि में आहुति दे रही थीं
English translation coming soon.
praviśya tu tadā rāmo māturantaḥpuraṁ śubham ।
dadarśa mātaraṁ tatra hāvayantīṁ hutāśanam ॥
उसी समय श्रीराम ने माता के शुभ अन्तःपुर में प्रवेश करके वहाँ माता को देखा। वे अग्नि में हवन करा रही थीं
English translation coming soon.
devakāryanimittaṁ ca tatrāpaśyat samudyatam ।
dadhyakṣataghṛtaṁ caiva modakān haviṣastathā ॥
संयुक्त अनुवाद ↓joint translation ↓
lājān mālyāni śuklāni pāyasaṁ kṛsaraṁ tathā ।
samidhaḥ pūrṇakumbhāṁśca dadarśa raghunandanaḥ ॥
रघुनन्दन ने देखा तो वहाँ देव-कार्य के लिये बहुत-सी सामग्री संग्रह करके रखी हुई है। दही, अक्षत, घी, मोदक, हविष्य, धान का लावा, सफेद माला, खीर, खिचड़ी, समिधा और भरे हुए कलश—ये सब वहाँ दृष्टिगोचर हुए
English translation coming soon.
tāṁ śuklakṣaumasaṁvītāṁ vratayogena karśitām ।
tarpayantīṁ dadarśādbhirdevatāṁ varavarṇinīm ॥
उत्तम कान्तिवाली माता कौसल्या सफेद रंग की रेशमी साड़ी पहने हुए थीं। वे व्रत के अनुष्ठान से दुर्बल हो गयी थीं और इष्टदेवता का तर्पण कर रही थीं। इस अवस्था में श्रीराम ने उन्हें देखा
English translation coming soon.
sā cirasyātmajaṁ dṛṣṭvā mātṛnandanamāgatam ।
abhicakrāma saṁhṛṣṭā kiśoraṁ vaḍavā yathā ॥
माता का आनन्द बढ़ानेवाले प्रिय पुत्र को बहुत देर के बाद सामने उपस्थित देख कौसल्यादेवी बड़े हर्ष में भरकर उसकी ओर चलीं, मानो कोई घोड़ी अपने बछेड़े को देखकर बड़े हर्ष से उसके पास आयी हो
English translation coming soon.
sa mātaramupakrāntāmupasaṁgṛhya rāghavaḥ ।
pariṣvaktaśca bāhubhyāmavaghrātaśca mūrdhani ॥
श्रीरघुनाथजी ने निकट आयी हुई माता के चरणों में प्रणाम किया और माता कौसल्या ने उन्हें दोनों भुजाओं से कसकर छाती से लगा लिया तथा बड़े प्यार से उनका मस्तक सूँघा
English translation coming soon.
tamuvāca durādharṣaṁ rāghavaṁ sutamātmanaḥ ।
kausalyā putravātsalyādidaṁ priyahitaṁ vacaḥ ॥
उस समय कौसल्यादेवी ने अपने दुर्जय पुत्र श्रीरामचन्द्रजी से पुत्रस्नेहवश यह प्रिय एवं हितकर बात कही—
English translation coming soon.
vṛddhānāṁ dharmaśīlānāṁ rājarṣīṇāṁ mahātmanām ।
prāpnuhyāyuśca kīrtiṁ ca dharmaṁ cāpyucitaṁ kule ॥
‘बेटा! तुम धर्मशील, वृद्ध एवं महात्मा राजर्षियों के समान आयु, कीर्ति और कुलोचित धर्म प्राप्त करो
English translation coming soon.
satyapratijñaṁ pitaraṁ rājānaṁ paśya rāghava ।
adyaiva tvā sa dharmātmā yauvarājye'bhiṣekṣyati ॥
‘रघुनन्दन! अब तुम जाकर अपने सत्यप्रतिज्ञ पिता राजा का दर्शन करो। वे धर्मात्मा नरेश आज ही तुम्हारा युवराज के पद पर अभिषेक करेंगे’
English translation coming soon.
dattamāsanamālabhya bhojanena nimantritaḥ ।
mātaraṁ rāghavaḥ kiṁcit prasāryāñjalimabravīt ॥
यह कहकर माता ने उन्हें बैठने के लिये आसन दिया और भोजन करने को कहा। भोजन के लिये निमन्त्रित होकर श्रीराम ने उस आसन का स्पर्शमात्र कर लिया। फिर वे अञ्जलि फैलाकर माता से कुछ कहने को उद्यत हुए
English translation coming soon.
sa svabhāvavinītaśca gauravācca tathānataḥ ।
prasthito daṇḍakāraṇyamāpraṣṭumupacakrame ॥
वे स्वभाव से ही विनयशील थे तथा माता के गौरव से भी उनके सामने नतमस्तक हो गये थे। उन्हें दण्डकारण्य को प्रस्थान करना था, अतः वे उसके लिये आज्ञा लेने का उपक्रम करने लगे
English translation coming soon.
devi nūnaṁ na jānīṣe mahad bhayamupasthitam ।
idaṁ tava ca duḥkhāya vaidehyā lakṣmaṇasya ca ॥
उन्होंने कहा—‘देवि! निश्चय ही तुम्हें मालूम नहीं है, तुम्हारे ऊपर महान् भय उपस्थित हो गया है। इस समय मैं जो बात कहने जा रहा हूँ, उसे सुनकर तुमको, सीता को और लक्ष्मण को भी दुःख होगा; तथापि कहूँगा
English translation coming soon.
gamiṣye daṇḍakāraṇyaṁ kimanenāsanena me ।
viṣṭarāsanayogyo hi kālo'yaṁ māmupasthitaḥ ॥
‘अब तो मैं दण्डकारण्य को जाऊँगा, अतः ऐसे बहुमूल्य आसन की मुझे क्या आवश्यकता है? अब मेरे लिये यह कुश की चटाई पर बैठने का समय आया है
English translation coming soon.
caturdaśa hi varṣāṇi vatsyāmi vijane vane ।
kandamūlaphalairjīvan hitvā munivadāmiṣam ॥
‘मैं राजभोग्य वस्तु का त्याग करके मुनि की भाँति कन्द, मूल और फलों से जीवन-निर्वाह करता हुआ चौदह वर्षोंतक निर्जन वन में निवास करूँगा
English translation coming soon.
bharatāya mahārājo yauvarājyaṁ prayacchati ।
māṁ punardaṇḍakāraṇyaṁ vivāsayati tāpasam ॥
‘महाराज युवराज का पद भरत को दे रहे हैं और मुझे तपस्वी बनाकर दण्डकारण्य में भेज रहे हैं
English translation coming soon.
sa ṣaṭ cāṣṭau ca varṣāṇi vatsyāmi vijane vane ।
āsevamāno vanyāni phalamūlaiśca vartayan ॥
‘अतः चौदह वर्षोंतक निर्जन वन में रहूँगा और जंगल में सुलभ होनेवाले वल्कल आदि को धारण करके फल-मूल के आहार से ही जीवन-निर्वाह करता रहूँगा’
English translation coming soon.
sā nikṛtteva sālasya yaṣṭiḥ paraśunā vane ।
papāta sahasā devī devateva divaścyutā ॥
यह अप्रिय बात सुनकर वन में फरस से काटी हुई शालवृक्ष की शाखा के समान कौसल्या देवी पृथ्वी पर गिर पड़ीं, मानो स्वर्ग से कोई देवाङ्गना भूतल पर आ गिरी हो
English translation coming soon.
tāmaduḥkhocitāṁ dṛṣṭvā patitāṁ kadalīmiva ।
rāmastūtthāpayāmāsa mātaraṁ gatacetasam ॥
जिन्होंने जीवन में कभी दुःख नहीं देखा था—जो दुःख भोगने के योग्य थीं ही नहीं, उन्हीं माता कौसल्या को कटी हुई कदली की भाँति अचेत-अवस्था में भूमि पर पड़ी देख श्रीराम ने हाथ का सहारा देकर उठाया
English translation coming soon.
upāvṛtyotthitāṁ dīnāṁ vaḍavāmiva vāhitām ।
pāṁsuguṇṭhitasarvāṅgīṁ vimamarśa ca pāṇinā ॥
जैसे कोई घोड़ी पहले बड़ा भारी बोझ ढो चुकी हो और थकावट दूर करने के लिये धरती पर लोट-पोटकर उठी हो, उसी तरह उठी हुई कौसल्याजी के समस्त अङ्गों में धूल लिपट गयी थी और वे अत्यन्त दीन दशा को पहुँच गयी थीं। उस अवस्था में श्रीराम ने अपने हाथ से उनके अङ्गों की धूल पोंछी
English translation coming soon.
sā rāghavamupāsīnamasukhārtā sukhocitā ।
uvāca puruṣavyāghramupaśṛṇvati lakṣmaṇe ॥
कौसल्याजी ने जीवन में पहले सदा सुख ही देखा था और उसीके योग्य थीं, परंतु उस समय वे दुःख से कातर हो उठी थीं। उन्होंने लक्ष्मण के सुनते हुए अपने पास बैठे पुरुषसिंह श्रीराम से इस प्रकार कहा—
English translation coming soon.
yadi putra na jāyethā mama śokāya rāghava ।
na sma duḥkhamato bhūyaḥ paśyeyamahamaprajāḥ ॥
‘बेटा रघुनन्दन! यदि तुम्हारा जन्म न हुआ होता तो मुझे इस एक ही बात का शोक रहता। आज जो मुझपर इतना भारी दुःख आ पड़ा है, इसे वन्ध्या होने पर मुझे नहीं देखना पड़ता
English translation coming soon.
eka eva hi vandhyāyāḥ śoko bhavati mānasaḥ ।
aprajāsmīti saṁtāpo na hyanyaḥ putra vidyate ॥
‘बेटा! वन्ध्या को एक मानसिक शोक होता है। उसके मन में यह संताप बना रहता है कि मुझे कोई संतान नहीं है, इसके सिवा दूसरा कोई दुःख उसे नहीं होता
English translation coming soon.
na dṛṣṭapūrvaṁ kalyāṇaṁ sukhaṁ vā patipauruṣe ।
api putre vipaśyeyamiti rāmāsthitaṁ mayā ॥
‘बेटा राम! पति के प्रभुत्वकाल में एक ज्येष्ठ पत्नी को जो कल्याण या सुख प्राप्त होना चाहिये, वह मुझे पहले कभी नहीं देखने को मिला। सोचती थी, पुत्र के राज्य में मैं सब सुख देख लूँगी और इसी आशा से मैं अबतक जीती रही
English translation coming soon.
sā bahūnyamanojñāni vākyāni hṛdayacchidām ।
ahaṁ śroṣye sapatnīnāmavarāṇāṁ parā satī ॥
‘बड़ी रानी होकर भी मुझे अपनी बातों से हृदय को विदीर्ण कर देनेवाली छोटी सौतों के बहुत-से अप्रिय वचन सुनने पड़ेंगे
English translation coming soon.
ato duḥkhataraṁ kiṁ nu pramadānāṁ bhaviṣyati ।
mama śoko vilāpaśca yādṛśo'yamanantakaḥ ॥
‘स्त्रियों के लिये इससे बढ़कर महान् दुःख और क्या होगा; अतः मेरा शोक और विलाप जैसा है, उसका कभी अन्त नहीं है
English translation coming soon.
tvayi saṁnihite'pyevamahamāsaṁ nirākṛtā ।
kiṁ punaḥ proṣite tāta dhruvaṁ maraṇameva hi ॥
‘तात! तुम्हारे निकट रहने पर भी मैं इस प्रकार सौतों से तिरस्कृत रही हूँ, फिर तुम्हारे परदेश चले जाने पर मेरी क्या दशा होगी? उस दशा में तो मेरा मरण ही निश्चित है
English translation coming soon.
atyantaṁ nigṛhītāsmi bharturnityamasammatā ।
parivāreṇa kaikeyyāḥ samā vāpyathavāvarā ॥
‘पति की ओर से मुझे सदा अत्यन्त तिरस्कार अथवा कड़ी फटकार ही मिली है, कभी प्यार और सम्मान नहीं प्राप्त हुआ है। मैं कैकेयी की दासियों के बराबर अथवा उनसे भी गयी-बीती समझी जाती हूँ
English translation coming soon.
yo hi māṁ sevate kaścidapi vāpyanuvartate ।
kaikeyyāḥ putramanvīkṣya sa jano nābhibhāṣate ॥
‘जो कोई मेरी सेवा में रहता या मेरा अनुसरण करता है, वह भी कैकेयी के बेटे को देखकर चुप हो जाता है, मुझसे बात नहीं करता है
English translation coming soon.
nityakrodhatayā tasyāḥ kathaṁ nu kharavādi tat ।
kaikeyyā vadanaṁ draṣṭuṁ putra śakṣyāmi durgatā ॥
‘बेटा! इस दुर्गति में पड़कर मैं सदा क्रोधी स्वभाव के कारण कटुवचन बोलनेवाले उस कैकेयी के मुख को कैसे देख सकूँगी
English translation coming soon.
daśa sapta ca varṣāṇi jātasya tava rāghava ।
atītāni prakāṅkṣantyā mayā duḥkhaparikṣayam ॥
‘रघुनन्दन! तुम्हारे उपनयनरूप द्वितीय जन्म लिये सत्रह वर्ष बीत गये (अर्थात् तुम अब सत्ताईस वर्ष के हो गये)। अबतक मैं यही आशा लगाये चली आ रही थी कि अब मेरा दुःख दूर हो जायगा
English translation coming soon.
tadakṣayaṁ mahadduḥkhaṁ notsahe sahituṁ cirāt ।
viprakāraṁ sapatnīnāmevaṁ jīrṇāpi rāghava ॥
‘राघव! अब इस बुढ़ापे में इस तरह सौतों का तिरस्कार और उससे होनेवाले महान् अक्षय दुःख को मैं अधिक कालतक नहीं सह सकती
English translation coming soon.
apaśyantī tava mukhaṁ paripūrṇaśaśiprabham ।
kṛpaṇā vartayiṣyāmi kathaṁ kṛpaṇajīvikā ॥
‘पूर्ण चन्द्रमा के समान तुम्हारे मनोहर मुख को देखे बिना मैं दुःखिनी दयनीय जीवनवृत्ति से रहकर कैसे निर्वाह करूँगी
English translation coming soon.
upavāsaiśca yogaiśca bahubhiśca pariśramaiḥ ।
duḥkhasaṁvardhito moghaṁ tvaṁ hi durgatayā mayā ॥
‘बेटा! (यदि तुझे इस देश से निकल ही जाना है तो) मुझ भाग्यहीना ने बारंबार उपवास, देवताओं का ध्यान तथा बहुत-से परिश्रमजनक उपाय करके व्यर्थ ही तुम्हारा इतने कष्ट से पालन-पोषण किया है
English translation coming soon.
sthiraṁ nu hṛdayaṁ manye mamedaṁ yanna dīryate ।
prāvṛṣīva mahānadyāḥ spṛṣṭaṁ kūlaṁ navāmbhasā ॥
‘मैं समझती हूँ कि निश्चय ही यह मेरा हृदय बड़ा कठोर है, जो तुम्हारे बिछोह की बात सुनकर भी वर्षाकाल के नूतन जल के प्रवाह से टकराये हुए महानदी के कगार की भाँति फट नहीं जाता है
English translation coming soon.
mamaiva nūnaṁ maraṇaṁ na vidyate
na cāvakāśo'sti yamakṣaye mama ।
yadantako'dyaiva na māṁ jihīrṣati
prasahya siṁho rudatīṁ mṛgīmiva ॥
‘निश्चय ही मेरे लिये कहीं मौत नहीं है, यमराज के घर में भी मेरे लिये जगह नहीं है, तभी तो किसी रोती हुई मृगी को सिंह जबरदस्ती उठा ले जाता है, उसी प्रकार यमराज मुझे आज ही उठा ले जाना नहीं चाहता है
English translation coming soon.
sthiraṁ hi nūnaṁ hṛdayaṁ mamāyasaṁ
na bhidyate yad bhuvi no vidīryate ।
anena duḥkhena ca dehamarpitaṁ
dhruvaṁ hyakāle maraṇaṁ na vidyate ॥
‘अवश्य ही मेरा कठोर हृदय लोहे का बना हुआ है, जो पृथिवी पर पड़ने पर भी न तो फटता है और न टूक-टूक हो जाता है। इसी दुःख से व्यास हुए इस शरीर के भी टुकड़े-टुकड़े नहीं हो जाते हैं। निश्चय ही, मृत्युकाल आये बिना किसीका मरण नहीं होता है
English translation coming soon.
idaṁ tu duḥkhaṁ yadanarthakāni me
vratāni dānāni ca saṁyamāśca hi ।
tapaśca taptaṁ yadapatyakāmyayā
suniṣphalaṁ bījamivoptamūṣare ॥
‘सबसे अधिक दुःखी बात तो यह है कि पुत्र के सुख के लिये मेरे द्वारा किये गये व्रत, दान और संयम सब व्यर्थ हो गये। मैंने संतान की हित-कामना से जो तप किया है, वह भी ऊसर में बोये हुए बीज की भाँति निष्फल हो गया
English translation coming soon.
yadi hyakāle maraṇaṁ yadṛcchayā
labheta kaścid guruduḥkhakarśitaḥ ।
gatāhamadyaiva paretasaṁsadaṁ
vinā tvayā dhenurivātmajena vai ॥
‘यदि कोई मनुष्य भारी दुःख से पीड़ित हो असमय में भी अपनी इच्छा के अनुसार मृत्यु पा सके तो मैं तुम्हारे बिना अपने बछड़े से बिछुड़ी हुई गाय की भाँति आज ही यमराज की सभा में चली जाऊँ
English translation coming soon.
athāpi kiṁ jīvitamadya me vṛthā
tvayā vinā candranibhānanaprabha ।
anuvrajiṣyāmi vanaṁ tvayaiva gauḥ
sudurbalā vatsamivābhikāṅkṣayā ॥
‘चन्द्रमा के समान मनोहर मुख-कान्तिवाले श्रीराम! यदि मेरी मृत्यु नहीं होती है तो तुम्हारे बिना यहाँ व्यर्थ कुत्सित जीवन क्यों बिताऊँ? बेटा! जैसे गौ दुर्बल होने पर भी अपने बछड़े के लोभ से उसके पीछे-पीछे चली जाती है, उसी प्रकार मैं भी तुम्हारे साथ ही वन को चली चलूँगी’
English translation coming soon.
bhṛśamasukhamamarṣitā tadā
bahu vilalāpa samīkṣya rāghavam ।
vyasanamupaniśāmya sā mahat
sutamiva baddhamavekṣya kinnarī ॥
आनेवाले भारी दुःख को सहने में असमर्थ हो महान् संकट का विचार करके सत्य के ध्यान में बँधे हुए अपने पुत्र श्रीरघुनाथजी की ओर देखकर माता कौसल्या उस समय बहुत विलाप करने लगीं, मानो कोई किन्नरी अपने पुत्र को बन्धन में पड़ा हुआ देखकर बिलख रही हो
English translation coming soon.
इत्यार्षे श्रीमद्रामायणे वाल्मीकीये आदिकाव्येऽयोध्याकाण्डे विंशः सर्गः ॥ २० ॥
इस प्रकार श्रीवाल्मीकिनिर्मित आर्षरामायण आदिकाव्यके अयोध्याकाण्डमें बीसवाँ सर्ग पूरा हुआ ॥ २० ॥