सगरपुत्रों के भावी विनाश की सूचना देकर ब्रह्माजी का देवताओं को शान्त करना, सगर के पुत्रों का पृथ्वी को खोदते हुए कपिलजी के पास पहुँचना और उनके रोष से जलकर भस्म होना
“कपिल-कोप”
॥ १ · ४० · २५–३० ॥
ध्याननिमग्नः कपिलमुनिः, समीपे यज्ञियाश्वः, नेत्राग्निना सगरपुत्रान् भस्मसात् करोति।
गुफा में ध्यानमग्न बैठे मुनि कपिल के पास यज्ञ का अश्व विश्राम कर रहा है; उनकी ललाट-नेत्र से फूटी तेज-धारा ने धावा बोलते सगरपुत्रों को क्षण भर में जलाकर राख का ढेर बना दिया है — उनके हाथ अभी भी उठे हुए दिखते हैं।
Seated in deep meditation within a cave, the sage Kapila is joined by the sacrificial horse at rest; a stream of fire bursting from his glance has, in an instant, reduced the charging sons of Sagara to a heap of ash — their hands still raised in mid-rush.
devatānāṁ vacaḥ śrutvā bhagavān vai pitāmahaḥ ।
pratyuvāca susaṁtrastān kṛtāntabalamohitān ॥
देवताओं की बात सुनकर भगवान् ब्रह्माजी ने कितने ही प्राणियों का अन्त करनेवाले सगरपुत्रों के बल से मोहित एवं भयभीत हुए उन देवताओं से इस प्रकार कहा—
English translation coming soon.
yasyeyaṁ vasudhā kṛtsnā vāsudevasya dhīmataḥ ।
mahiṣī mādhavasyaiṣā sa eva bhagavān prabhuḥ ॥
संयुक्त अनुवाद ↓joint translation ↓
kāpilaṁ rūpamāsthāya dhārayatyaniśaṁ dharām ।
tasya kopāgninā dagdhā bhaviṣyanti nṛpātmajāḥ ॥
"देवगण! यह सारी पृथ्वी जिन भगवान् वासुदेव की वस्तु है तथा जिन भगवान् लक्ष्मीपति की यह रानी है, वे ही सर्वशक्तिमान् भगवान् श्रीहरि कपिल मुनि का रूप धारण करके निरन्तर इस पृथ्वी को धारण करते हैं। उनकी कोपाग्नि से ये सारे राजकुमार जलकर भस्म हो जायँगे।"
English translation coming soon.
pṛthivyāścāpi nirbhedo dṛṣṭa eva sanātanaḥ ।
sagarasya ca putrāṇāṁ vināśo dīrghadarśinām ॥
"पृथ्वी का यह भेदन सनातन है — प्रत्येक कल्प में अवश्यम्भावी है। (श्रुतियों और स्मृतियों में आये हुए सागर आदि शब्दों से यह बात स्पष्टरूप से ज्ञात होती है।) इसी प्रकार दूरदर्शी पुरुषों ने सगर के पुत्रों का भावी विनाश भी देखा ही है; अतः इस विषय में शोक करना अनुचित है।"
English translation coming soon.
pitāmahavacaḥ śrutvā trayastriṁśadariṁdamāḥ ।
devāḥ paramasaṁhṛṣṭāḥ punarjagmuryathāgatam ॥
ब्रह्माजी का यह कथन सुनकर शत्रुओं का दमन करनेवाले तैंतीस देवता बड़े हर्ष में भरकर जैसे आये थे, उसी तरह पुनः लौट गये।
English translation coming soon.
sagarasya ca putrāṇāṁ prādurāsīnmahāsvanaḥ ।
pṛthivyāṁ bhidyamānāyāṁ nirghātasamaniḥsvanaḥ ॥
सगरपुत्रों के हाथ से जब पृथ्वी खोदी जा रही थी, उस समय उससे वज्रपात के समान बड़ा भयंकर शब्द होता था।
English translation coming soon.
tato bhittvā mahīṁ sarvāṁ kṛtvā cāpi pradakṣiṇām ।
sahitāḥ sāgarāḥ sarve pitaraṁ vākyamabruvan ॥
इस तरह सारी पृथ्वी खोदकर तथा उसकी परिक्रमा करके वे सभी सगरपुत्र पिता के पास खाली हाथ लौट आये और बोले—
English translation coming soon.
parikrāntā mahī sarvā sattvavantaśca sūditāḥ ।
devadānavarakṣāṁsi piśācoragapannagāḥ ॥
संयुक्त अनुवाद ↓joint translation ↓
na ca paśyāmahe'śvaṁ tamaśvahartārameva ca ।
kiṁ kariṣyāma bhadraṁ te buddhiratra vicāryatām ॥
"पिताजी! हमने सारी पृथ्वी छान डाली। देवता, दानव, राक्षस, पिशाच और नाग आदि बड़े-बड़े बलवान् प्राणियों को मार डाला। फिर भी हमें न तो कहीं घोड़ा दिखायी दिया और न घोड़े का चुरानेवाला ही। आपका भला हो। अब हम क्या करें? इस विषय में आप ही कोई उपाय सोचिये।"
English translation coming soon.
teṣāṁ tad vacanaṁ śrutvā putrāṇāṁ rājasattamaḥ ।
samanyurabravīd vākyaṁ sagaro raghunandana ॥
रघुनन्दन! पुत्रों का यह वचन सुनकर राजाओं में श्रेष्ठ सगर ने उनसे कुपित होकर कहा—
English translation coming soon.
bhūyaḥ khanata bhadraṁ vo vibhedya vasudhātalam ।
aśvahartāramāsādya kṛtārthāśca nivartata ॥
"जाओ, फिर से सारी पृथ्वी खोदो और इसे विदीर्ण करके घोड़े के चोर का पता लगाओ। चोर तक पहुँचकर काम पूरा होने पर ही लौटना।"
English translation coming soon.
piturvacanamāsādya sagarasya mahātmanaḥ ।
ṣaṣṭiḥ putrasahasrāṇi rasātalamabhidravan ॥
अपने महात्मा पिता सगर की यह आज्ञा शिरोधार्य करके वे साठ हजार राजकुमार रसातल की ओर बढ़े (और रोष में भरकर पृथ्वी खोदने लगे)।
English translation coming soon.
khanyamāne tatastasmin dadṛśuḥ parvatopamam ।
diśāgajaṁ virūpākṣaṁ dhārayantaṁ mahītalam ॥
उस खुदाई के समय ही उन्हें एक पर्वताकार दिग्गज दिखायी दिया, जिसका नाम विरूपाक्ष है। वह इस भूतल को धारण किये हुए था।
English translation coming soon.
saparvatavanāṁ kṛtsnāṁ pṛthivīṁ raghunandana ।
dhārayāmāsa śirasā virūpākṣo mahāgajaḥ ॥
रघुनन्दन! महान् गजराज विरूपाक्ष ने पर्वत और वनोंसहित इस सम्पूर्ण पृथ्वी को अपने मस्तक पर धारण कर रखा था।
English translation coming soon.
yadā parvaṇi kākutstha viśramārthaṁ mahāgajaḥ ।
khedāccālayate śīrṣaṁ bhūmikampastadā bhavet ॥
काकुत्स्थ! वह महान् दिग्गज जिस समय थककर विश्राम के लिये अपने मस्तक को इधर-उधर हटाता था, उस समय भूकम्प होने लगता था।
English translation coming soon.
te taṁ pradakṣiṇaṁ kṛtvā diśāpālaṁ mahāgajam ।
mānayanto hi te rāma jagmurbhittvā rasātalam ॥
श्रीराम! पूर्व दिशा की रक्षा करनेवाले विशाल गजराज विरूपाक्ष की परिक्रमा करके उसका सम्मान करते हुए वे सगरपुत्र रसातल को भेदन करके आगे बढ़ गये।
English translation coming soon.
tataḥ pūrvāṁ diśaṁ bhittvā dakṣiṇāṁ bibhiduḥ punaḥ ।
dakṣiṇasyāmapi diśi dadṛśuste mahāgajam ॥
पूर्व दिशा का भेदन करने के पश्चात् वे पुनः दक्षिण दिशा की भूमि को खोदने लगे। दक्षिण दिशा में भी उन्हें एक महान् दिग्गज दिखायी दिया।
English translation coming soon.
mahāpadmaṁ mahātmānaṁ sumahatparvatopamam ।
śirasā dhārayantaṁ gāṁ vismayaṁ jagmuruttamam ॥
उसका नाम महापद्म था। महान् पर्वत के समान ऊँचा वह विशालकाय गजराज अपने मस्तक पर पृथ्वी को धारण करता था। उसे देखकर उन राजकुमारों को बड़ा विस्मय हुआ।
English translation coming soon.
te taṁ pradakṣiṇaṁ kṛtvā sagarasya mahātmanaḥ ।
ṣaṣṭiḥ putrasahasrāṇi paścimāṁ bibhidurdiśam ॥
महात्मा सगर के वे साठ हजार पुत्र उस दिग्गज की परिक्रमा करके पश्चिम दिशा की भूमि को भेदन करने लगे।
English translation coming soon.
paścimāyāmapi diśi mahāntamacalopamam ।
diśāgajaṁ saumanasaṁ dadṛśuste mahābalāḥ ॥
पश्चिम दिशा में भी उन महाबली सगरपुत्रों ने महान् पर्वताकार दिग्गज सौमनस का दर्शन किया।
English translation coming soon.
te taṁ pradakṣiṇaṁ kṛtvā pṛṣṭvā cāpi nirāmayam ।
khanantaḥ samupākrāntā diśaṁ somavatīṁ tadā ॥
उसकी भी परिक्रमा करके उसका कुशल-समाचार पूछकर वे सभी राजकुमार भूमि खोदते हुए उत्तर दिशा में जा पहुँचे।
English translation coming soon.
uttarasyāṁ raghuśreṣṭha dadṛśurhimapāṇḍuram ।
bhadraṁ bhadreṇa vapuṣā dhārayantaṁ mahīmimām ॥
रघुश्रेष्ठ! उत्तर दिशा में उन्हें हिम के समान श्वेत भद्र नामक दिग्गज दिखायी दिया, जो अपने कल्याणमय शरीर से इस पृथ्वी को धारण किये हुए था।
English translation coming soon.
samālabhya tataḥ sarve kṛtvā cainaṁ pradakṣiṇam ।
ṣaṣṭiḥ putrasahasrāṇi bibhidurvasudhātalam ॥
उसका कुशल-समाचार पूछकर राजा सगर के वे सभी साठ हजार पुत्र उसकी परिक्रमा करने के पश्चात् भूमि खोदने के काम में जुट गये।
English translation coming soon.
tataḥ prāguttarāṁ gatvā sāgarāḥ prathitāṁ diśam ।
roṣādabhyakhanan sarve pṛthivīṁ sagarātmajāḥ ॥
तदनन्तर सुविख्यात पूर्वोत्तर दिशा में जाकर उन सगरकुमारों ने एक साथ होकर रोषपूर्वक पृथ्वी को खोदना आरम्भ किया।
English translation coming soon.
te tu sarve mahātmāno bhīmavegā mahābalāḥ ।
dadṛśuḥ kapilaṁ tatra vāsudevaṁ sanātanam ॥
इस बार उन सभी महामना, महाबली एवं भयानक वेगशाली राजकुमारों ने वहाँ सनातन वासुदेवस्वरूप भगवान् कपिल को देखा।
English translation coming soon.
hayaṁ ca tasya devasya carantamavidūrataḥ ।
praharṣamatulaṁ prāptāḥ sarve te raghunandana ॥
राजा सगर के यज्ञ का वह घोड़ा भी भगवान् कपिल के पास ही चर रहा था। रघुनन्दन! उसे देखकर उन सबको अनुपम हर्ष प्राप्त हुआ।
English translation coming soon.
te taṁ yajñahanaṁ jñātvā krodhaparyākulekṣaṇāḥ ।
khanitralāṅgaladharā nānāvṛkṣaśilādharāḥ ॥
भगवान् कपिल को अपने यज्ञ में विघ्न डालनेवाला जानकर उनकी आँखें क्रोध से लाल हो गयीं। उन्होंने अपने हाथों में खंती, हल और नाना प्रकार के वृक्ष एवं पत्थरों के टुकड़े ले रखे थे।
English translation coming soon.
abhyadhāvanta saṁkruddhāstiṣṭha tiṣṭheti cābruvan ।
asmākaṁ tvaṁ hi turagaṁ yajñiyaṁ hṛtavānasi ॥
durmedhastvaṁ hi samprāptān viddhi naḥ sagarātmajān ।
वे अत्यन्त रोष से भरकर उनकी ओर दौड़े और बोले — "अरे! खड़ा रह, खड़ा रह। तू ही हमारे यज्ञ के घोड़े को यहाँ चुरा लाया है। दुर्बुद्धे! अब हम आ गये। तू समझ ले, हम महाराज सगर के पुत्र हैं।"
English translation coming soon.
śrutvā tad vacanaṁ teṣāṁ kapilo raghunandana ॥
roṣeṇa mahatāviṣṭo huṅkāramakarot tadā ।
रघुनन्दन! उनकी बात सुनकर भगवान् कपिल को बड़ा रोष हुआ और उस रोष के आवेश में ही उनके मुँह से एक हुंकार निकल पड़ा।
English translation coming soon.
tatastenāprameyeṇa kapilena mahātmanā ।
bhasmarāśīkṛtāḥ sarve kākutstha sagarātmajāḥ ॥
श्रीराम! उस हुंकार के साथ ही उन अनन्त प्रभावशाली महात्मा कपिल ने उन सभी सगरपुत्रों को जलाकर राख का ढेर कर दिया।
English translation coming soon.
इत्यार्षे श्रीमद्रामायणे वाल्मीकीये आदिकाव्ये बालकाण्डे चत्वारिंशः सर्गः ॥ ४० ॥
इस प्रकार श्रीवाल्मीकिनिर्मित आर्षरामायण आदिकाव्य के बालकाण्ड में चालीसवाँ सर्ग पूरा हुआ ॥ ४० ॥